महासमुंद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई 80 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 55 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद | एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में थाना कोमाखान क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने 80 किलो ग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG04QL0907, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपए है, को भी जब्त किया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। कुल जप्त संपत्ति की कीमत 55 लाख 07 हजार रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में —
संजय कुमार अनुरागनी (21 वर्ष), निवासी केंवटा मोहल्ला, साजन तालाब, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर (उत्तरप्रदेश)
हुलेश दीवान (46 वर्ष), निवासी नर्रा, थाना कोमाखान, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
उल्लेखनीय है कि माह जनवरी 2026 में अब तक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा कुल 1920.610 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ 60 लाख 33 हजार रुपए है, जब्त किया जा चुका है।
पुलिस विभाग द्वारा गांजा तस्करी के विरुद्ध एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, सोर्स पॉइंट तथा डेस्टिनेशन पॉइंट तक प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।



