पिथौरा/सांकरा जोंक नदी पुल के पास दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम की मौत

पिथौरा/सांकरा जोंक नदी पुल के पास दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम की मौत

पिथौरा / सांकरा। थाना सांकरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बल्दीाडीह जोंक नदी पुल के पास हुए सड़क हादसे में 4 वर्षीय मासूम बालक सुमित नेताम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 28 जुलाई 2025 की सुबह करीब 9:30 बजे हुआ, जब मोटरसाइकिल सवार परिवार अपने गांव लौट रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गिधावा थाना सिहावा जिला धमतरी निवासी राजेश नेताम अपनी पत्नी सरोजनी नेताम एवं पुत्र सुमित नेताम के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG05 AJ 1240 से सांकरा से गिधावा जा रहे थे। तभी जोंक नदी पुल के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में राजेश नेताम, सरोजनी नेताम और उनका पुत्र सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 वर्षीय सुमित नेताम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दंपति को बेहतर उपचार हेतु उच्च केंद्र रेफर किया गया।

घटना की सूचना पर थाना पिथौरा में मर्ग क्रमांक 00/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच में लिया गया। पीएम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण सड़क दुर्घटना बताया गया है। मामले की विवेचना उपरांत अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।

थाना सांकरा पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के माध्यम से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास जारी है।

मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

महासमुंद/प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जिले के इच्छुक पात्र उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित

महासमुंद/प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जिले के इच्छुक पात्र उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित

महासमुंद/ जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने एवं युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जिले के मूल निवासी इच्छुक पात्र उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित योजना है। इस योजना में आयोग द्वारा निर्धारित नकारात्मक उद्योगों को छोड़कर किसी भी ग्रामोद्योग इकाई की स्थापना हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना के तहत सेवा क्षेत्र में अधिकतम 20 लाख रुपये तथा निर्माण क्षेत्र में 50 लाख रुपये तक की परियोजनाएं स्वीकृत की जाती हैं। ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों को 35 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्र के हितग्राहियों को 25 प्रतिशत अनुदान का लाभ प्रदान किया जाता है। सामान्य वर्ग के पुरुष हितग्राहियों के लिए ग्रामीण क्षेत्र में 25 प्रतिशत एवं शहरी क्षेत्र में 15 प्रतिशत अनुदान निर्धारित है। आवेदनकर्ता को सामान्य पुरुष वर्ग में 10 प्रतिशत तथा अन्य सभी वर्गों एवं सामान्य महिला श्रेणी में 5 प्रतिशत स्वयं का अंशदान जमा करना होगा।

आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, जनसंख्या प्रमाणपत्र, अनापत्ति प्रमाणपत्र, परियोजना प्रतिवेदन, शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। अधूरा आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का आवेदन www.kvic.in/pmegponline पर ऑनलाइन जमा किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्र के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए सेवा क्षेत्र में 1 लाख रुपये तथा निर्माण क्षेत्र में 3 लाख रुपये तक की परियोजनाओं को स्वीकृति दी जाती है। इस योजना में ग्रामीण क्षेत्र के लिए 35 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। आवेदन दो प्रतियों में सहायक संचालक, ग्रामोद्योग कार्यालय, जिला पंचायत महासमुंद में जमा किए जा सकते हैं।

परंपरागत उद्योगों में सेलून, ईंट निर्माण, सिलाई कार्य, झाड़ू निर्माण, पीतल मूर्ति निर्माण, लकड़ी फर्नीचर निर्माण, लोहारी/फेब्रिकेशन, लिफ्ट मशीन और कपड़ा बुनाई शामिल हैं। वहीं मांग आधारित उद्योग जैसे मोबाइल रिपेयरिंग, ऑटो रिपेयरिंग, फोटोकॉपी, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग, सेंट्रिंग कार्य, हॉलर-आटा चक्की, स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग भी स्वीकृत हैं। इच्छुक उद्यमी अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में सहायक संचालक, ग्रामोद्योग, जिला पंचायत महासमुंद से संपर्क कर सकते हैं।

महासमुंद /आर.बी.सी. 6-4 के तहत 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

महासमुंद /आर.बी.सी. 6-4 के तहत 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

महासमुंद / कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा से मृत्यु होने पर मृतक के निकटतम वारिसान के लिए चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है।

इनमें पानी में डूबने से मृत्यु होने पर महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बेलसोंडा के मृतक श्री सेवा दास मानिकपुरी की पुत्री श्रीमती लक्ष्मी धीवर के लिए चार लाख रुपए आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

महासमुंद गांजा पीने से इनकार पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद गांजा पीने से इनकार पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद।वार्ड नंबर 16 शीतलापारा महासमुंद निवासी मजदूरी करने वाली महिला ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि दिनांक 12 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे उनका पुत्र देवचरण ढीमर चौक की ओर घूमने गया था। कुछ समय बाद पड़ोसी जनक ढीमर ने सूचना दी कि गंजपारा महासमुंद निवासी राज ठाकुर ने देवचरण पर चाकू से हमला कर दिया है, जिससे उसकी कमर में गंभीर चोट आई है और खून बह रहा है।

सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचे, जहां देवचरण का उपचार चल रहा था। घायल देवचरण ने बताया कि वह अपने साथी हितेश पटेल के साथ शहर से घर लौट रहा था, तभी बढ़ईपारा महासमुंद के पास राज ठाकुर मिला और उससे गांजा पीने के लिए कहा। देवचरण द्वारा इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू से कमर पर वार कर मौके से फरार हो गया।

घटना के समय हितेश पटेल सहित आसपास मौजूद लोगों ने पूरी वारदात देखी और सुनी।

पीड़िता ने अपने पुत्र को इलाज हेतु जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराकर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी राज ठाकुर के खिलाफ धारा 118(1), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महासमुंद/कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक धान उपार्जन केंद्रों पर सभी नोडल अधिकारियों को निरीक्षण के दिए निर्देश

महासमुंद/कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक धान उपार्जन केंद्रों पर सभी नोडल अधिकारियों को निरीक्षण के दिए निर्देश

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10 बजे से समय-सीमा बैठक लेकर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में धान खरीदी की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया, साथ ही अवैध धान परिवहन पर नियंत्रण के लिए सतत निगरानी के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू, विभागीय जिलाधिकारी, जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए शासन के मंशानुरूप धान खरीदी के कार्यां को पारदर्शिता के साथ सुचारू रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अंतर्जिला क्षेत्रों, विशेषकर ओडिशा बॉर्डर पर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कैमरा चेक, रकबा समर्पण, नापतौल, टोकन व्यवस्था आदि की गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के लिए13 दिन शेष है, सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी समिति या विभागीय कर्मचारी-अधिकारी की अवैध धान से संलिप्तता पाई गई, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने एसआईआर कार्यों की समीक्षा करते हुए त्रुटि सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सांसद और विधायक मद की निधि से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई, इन मदों के अंतर्गत लम्बित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्ट्रेट में आधार-बेस्ड उपस्थिति को अनिवार्य बनाते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 10 बजे से पहले उपस्थित होने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम सूर्य घर योजना, अपार आईडी प्रगति, आयुष्मान भारत योजना, ई-केवाईसी एवं अन्य विषयों पर चर्चा हुई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बसना/अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर कार्रवाई, कुल 217 कट्टा धान एवं पिकअप वाहन जप्त

बसना/अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर कार्रवाई, कुल 217 कट्टा धान एवं पिकअप वाहन जप्त

बसना/महासमुंद कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बीती रात विभिन्न स्थानों पर संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए कुल 217 कट्टा धान एवं पिकअप वाहन जप्त किया गया।

बसना विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम कुरचुंडी में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए 80 पैकेट धान जब्त किए गए। धान का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किया जा रहा था, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसी प्रकार पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम भुरकोनी में संजय अग्रवाल के गोदाम में छापेमार कार्रवाई के दौरान 137 बोरी धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। जब्त किए गए धान को आगे की कार्रवाई हेतु मंडी अधिनियम के तहत मंडी सचिव को सुपुर्द किया गया है। साथ ही बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम शिकारिपाली, तेंदूकोना क्षेत्र में अवैध धान से भरी एक पिकअप वाहन को जप्त किया गया। वाहन में भरा धान अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। वाहन को जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है।

जिला प्रशासन ने निर्देशित किया है कि जिले में अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बसना अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ,बार-बार सिर दर्द को न करें नजरअंदाज, न्यूरो विशेषज्ञ से कराएं जांच – डॉ. वैभव धवली

बसना अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ,बार-बार सिर दर्द को न करें नजरअंदाज, न्यूरो विशेषज्ञ से कराएं जांच – डॉ. वैभव धवली

बसना | अगर आपको अक्सर सिर दर्द की समस्या रहती है, तो यह सामान्य नहीं बल्कि किसी गंभीर न्यूरो समस्या का संकेत हो सकता है। अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना में न्यूरो सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. वैभव धवली ने लोगों से अपील की है कि वे लगातार होने वाले सिर दर्द को हल्के में न लें।

डॉ. वैभव धवली (MBBS, MS, MCh – न्यूरोसर्जरी) ने बताया कि माइग्रेन, ब्रेन ट्यूमर, नसों में सूजन, सर्वाइकल समस्या और ब्रेन स्ट्रोक जैसी बीमारियों की शुरुआत अक्सर सिर दर्द से होती है। समय रहते जांच और उपचार से गंभीर स्थितियों से बचा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक न्यूरो सर्जरी तकनीकों और मिनिमली इनवेसिव एवं एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी के माध्यम से अब जटिल ऑपरेशन भी सुरक्षित रूप से किए जा रहे हैं।

अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना में डॉ. धवली प्रतिदिन उपलब्ध रहते हैं, जहां मरीजों को न्यूरो से संबंधित सभी समस्याओं का आधुनिक उपचार प्रदान किया जा रहा है।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सिर दर्द, चक्कर, हाथ-पैर में सुन्नता, गर्दन दर्द, रीढ़ की हड्डी की समस्या या झनझनाहट जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।

संपर्क:अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना मोबाइल: 7773086100, 8461811000, 7770868473

सरायपाली ओम हॉस्पिटल में किडनी व मूत्र रोगों का विशेष शिविर 17 जनवरी को प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. राजेश अग्रवाल देंगे परामर्श 

सरायपाली ओम हॉस्पिटल में किडनी व मूत्र रोगों का विशेष शिविर 17 जनवरी को प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. राजेश अग्रवाल देंगे परामर्श

सरायपाली (छ.ग.)। NABH एंट्री लेवल से मान्यता प्राप्त ओम हॉस्पिटल में 17 जनवरी 2026, शनिवार को किडनी एवं मूत्र रोगों से संबंधित विशेष परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. राजेश अग्रवाल (MBBS, MS, DNB Urology, FMAS, AUA Fellowship – Chicago, USA; पूर्व कंसल्टेंट अपोलो हॉस्पिटल, जुबिली हिल्स हैदराबाद) मरीजों को परामर्श देंगे।

शिविर में गुर्दे की पथरी, मूत्रनली की पथरी, पेशाब में जलन व खून आना, पेशाब में रुकावट, गुर्दे की सूजन व संक्रमण, मूत्राशय की समस्या तथा पेशाब की नली की सिस्ट जैसी बीमारियों का परामर्श व उपचार उपलब्ध रहेगा। यह सेवा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रदान की जाएगी।

हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता है, वे अपनी सभी जांच रिपोर्ट के साथ एक दिन पूर्व भर्ती हो सकते हैं। आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड एवं बीज कार्ड धारकों को निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

ओम हॉस्पिटल में प्रत्येक गुरुवार को निःशुल्क परामर्श की व्यवस्था भी है। मरीज अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए 07725-299360 या 83700-08558 पर संपर्क कर सकते हैं।

ओम हॉस्पिटल सरायपाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर, स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय के पास स्थित है। इसके अतिरिक्त हॉस्पिटल की शाखाएं रायपुर, गरियाबंद तथा टिटलागढ़ में भी संचालित हैं।

हॉस्पिटल प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किडनी एवं मूत्र संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

बसना/भंवरपुर “रात के सन्नाटे में रिश्तों का खून: शराबी जीजा ने साले और सास पर ईंट से किया हमला, जान से मारने की दी धमकी”

बसना/भंवरपुर “रात के सन्नाटे में रिश्तों का खून: शराबी जीजा ने साले और सास पर ईंट से किया हमला, जान से मारने की दी धमकी”

बसना/भंवरपुर | क्राइम रिपोर्ट चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम बडेसाजापाली में रविवार रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में पहुंचे युवक ने अपनी पत्नी को जबरन साथ ले जाने के दौरान साले और सास पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना में दोनों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

प्रार्थी लखन कर्ष (25) निवासी बडेसाजापाली ने थाना बसना में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी बड़ी बहन लक्ष्मीबाई पिछले छह माह से पति सोहन बरेट की मारपीट से तंग आकर मायके में रह रही थी। रविवार रात करीब 9:30 बजे आरोपी सोहन बरेट, निवासी डंडाईडीह (थाना कोसिर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़), अपनी पत्नी व बच्चे को जबरन ले जाने पहुंचा।

लखन द्वारा विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा और अचानक ईंट से लखन के सिर पर वार कर दिया, जिससे खून बहने लगा। बीच-बचाव करने आई मां सुमन बाई कर्ष पर भी आरोपी ने ईंट से हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया।

पीड़ितों के अनुसार आरोपी ने अभद्र गालियां देते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे परिवार दहशत में आ गया। घटना को मां सुमन बाई और बहन लक्ष्मीबाई ने प्रत्यक्ष रूप से देखा व सुना।

मामले में चौकी भंवरपुर के अपराध क्रमांक 0/25 को थाना बसना भेजा गया, जहां थाना बसना में अपराध क्रमांक 0/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बागबाहरा/ चंडी मंदिर परिसर में मंगलसूत्र झपटमारी, स्कार्फ बांधे अज्ञात युवक ने दिया वारदात को अंजाम

बागबाहरा/ चंडी मंदिर परिसर में मंगलसूत्र झपटमारी, स्कार्फ बांधे अज्ञात युवक ने दिया वारदात को अंजाम

बागबाहरा।वार्ड नंबर 03 बागबाहरा की निवासी एक महिला के साथ घुचापाली चंडी मंदिर परिसर में दिनदहाड़े झपटमारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़िता घरेलू कार्य कर जीवनयापन करती है।

पीड़िता ने बताया कि दिनांक 11 जनवरी 2026 को लगभग 12 बजे वह अपनी भतीजी किरण बाघ के साथ घुचापाली चंडी मंदिर दर्शन के लिए गई थी। दर्शन उपरांत दोपहर करीब 01:30 बजे, जब दोनों मंदिर परिसर से नीचे उतर रही थीं, तभी अचानक एक अज्ञात व्यक्ति, जिसने अपने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था, तेजी से दौड़ते हुए आया और महिला के गले में पहना पत्ती वाला मंगलसूत्र (लगभग 02 ग्राम वजनी) झपट कर खींच लिया।

महिला व उसकी भतीजी किरण बाघ ने आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी पहाड़ी दिशा की ओर तेजी से भाग निकला और नजरों से ओझल हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद मंदिर परिसर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।