सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दो बड़ी घटनाएं: ऑनलाइन ठगी का शिकार चालक, पड़ोसी विवाद में बुजुर्ग पर हमला

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दो बड़ी घटनाएं: ऑनलाइन ठगी का शिकार चालक, पड़ोसी विवाद में बुजुर्ग पर हमला

1.क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर 48,576 रुपये की ऑनलाइन ठगी, सिटी कोतवाली में शिकायत

सारंगढ़। सारंगढ़ शहर में क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर एक व्यक्ति से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। कृष्ण वाटिका सारंगढ़ निवासी घनाराम तिवारी (58 वर्ष) ने थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 नवंबर 2025 को दोपहर 02:16 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक कर्मी बताते हुए क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद पीड़ित के भारतीय स्टेट बैंक खाते से 48,576 रुपये की राशि धोखाधड़ी से निकाल ली गई।

पीड़ित को इस ठगी की जानकारी तब हुई जब 02 दिसंबर 2025 को क्रेडिट कार्ड उपयोग के दौरान बैलेंस कम होने का संदेश मिला। बैंक शाखा में जांच करने पर पता चला कि राशि TALKTECH LABS PRIVATE, Thane के नाम से ट्रांजेक्शन की गई है। घटना की सूचना पीड़ित ने 03 दिसंबर 2025 को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी दी थी। अब सिटी कोतवाली में औपचारिक शिकायत दर्ज कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

2.दीवार विवाद में बुजुर्ग से मारपीट, सिर पर वार कर दी जान से मारने की धमकी

बरमकेला। थाना बरमकेला क्षेत्र के ग्राम सण्डा में दीवार विवाद को लेकर एक बुजुर्ग के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित चक्रधर चौहान (75 वर्ष) ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।पीड़ित ने बताया कि वह पिछले 25 वर्षों से सण्डा गांव में रह रहा है और उसकी पत्नी का देहांत हो चुका है, जिससे वह अकेला रहता है। उसके घर के पीछे रहने वाले रिश्तेदार डिलेश्वर चौहान द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व कच्ची दीवार तोड़कर नई दीवार खड़ी की गई थी, जिसको लेकर विवाद चल रहा था।

दिनांक 13 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 07 बजे, जब पीड़ित अपने बाड़ी में आग ताप रहा था, तभी डिलेश्वर चौहान और उसकी पत्नी जानकी चौहान वहां पहुंचे और गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जानकी चौहान ने पीड़ित का हाथ मरोड़ा, वहीं डिलेश्वर चौहान ने पीछे से किसी वस्तु से सिर पर वार किया, जिससे खून निकलने लगा।

दोनों आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। जान बचाकर पीड़ित ने गांव के एक व्यक्ति की मदद से अपनी बेटी अहिल्या चौहान को सूचना दी, जिसके बाद वह थाने पहुंचा। पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बलौदाबाजर/घरेलू हिंसा से मंडी विवाद तक: महिला पर बेटे की मारपीट, धान मंडी ठेकेदार को जान से मारने की धमकी

बलौदाबाजर/घरेलू हिंसा से मंडी विवाद तक: महिला पर बेटे की मारपीट, धान मंडी ठेकेदार को जान से मारने की धमकी

1.शराबी बेटे ने विधवा मां से की मारपीट, जान से मारने की धमकी

बलौदाबाजार। ग्राम घिरघोल की रहने वाली एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने अपने ही बेटे पर मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि वह कक्षा आठवीं तक पढ़ी-लिखी है और गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत है। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। पीड़िता के अनुसार, दो माह पूर्व उसके पति की कैंसर बीमारी से मृत्यु हो चुकी है। पति ने जीवित रहते हुए बेटे तुलसीदास वैष्णव को जीवन यापन के लिए डेढ़ एकड़ कृषि भूमि दी थी। इसके बावजूद बेटा शराब का आदी है और अक्सर विवाद करता रहता है।

पीड़िता ने बताया कि 11 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6 बजे उसका बेटा उसके हिस्से का धान बेचने के लिए ले जा रहा था। मना करने पर उसने गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। जब वह जान बचाकर बाहर निकली, तब भी बेटे ने पीछा कर अश्लील गालियां दीं, बाल पकड़कर पीठ पर मुक्के मारे और हाथ मरोड़ दिया। घटना के दौरान गांव के दुर्गा साहू, चम्पेश साहू और उमेश साहू ने बीच-बचाव किया। मारपीट से पीड़िता के दाहिने हाथ में सूजन और पीठ में दर्द बताया गया है। पीड़िता ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए धारा 115(2), 296 और 351(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की मांग की है।

2.धान मंडी में सर्वर डाउन को लेकर ठेकेदार से गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी

बलौदाबाजार। ग्राम बनसांकरा स्थित धान मंडी समिति के ठेकेदार के साथ गाली-गलौच और धमकी देने का मामला सामने आया है। ठेकेदार ने बताया कि वह कक्षा तीसरी तक पढ़ा-लिखा है और ग्राम पंचायत बनसांकरा की धान मंडी समिति में ठेकेदारी का कार्य करता है।

घटना 12 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6 बजे की है, जब धान मंडी में आधार सत्यापन के दौरान सर्वर डाउन होने से फिंगरप्रिंट नहीं हो पाया। इसी बात को लेकर गांव के पितांबर साहू ने नाराज होकर मंडी कर्मियों को अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया।

ठेकेदार द्वारा मना करने पर पितांबर साहू ने उसे भी मां-बहन की गंदी गालियां दीं और जान से खत्म कर देने की धमकी दी। इस घटना को मौके पर मौजूद चौकीदार बसंत कुमार बघेल, रामबिलास साहू और रूपलाल साहू ने देखा और सुना। पीड़ित ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

बागबाहरा अस्पताल में युवक मृत अवस्था में लाया गया, पुलिस की मर्ग कायम कर जांच शुरू

बागबाहरा अस्पताल में युवक मृत अवस्था में लाया गया, पुलिस की मर्ग कायम कर जांच शुरू

महासमुंद |थाना बागबाहरा अंतर्गत एक 38 वर्षीय युवक को शासकीय अस्पताल बागबाहरा में मृत अवस्था में लाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मर्ग क्रमांक 0/2025, धारा 194 BNSS के तहत अकाल एवं आकस्मिक मृत्यु की सूचना पंजीबद्ध की गई है। मृतक की पहचान देव कुमार साहू, पिता बंशीलाल साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम कोल्दा सेवाती, थाना तेंदुकोना, जिला महासमुंद (छ.ग.) के रूप में हुई है।

सूचनाकर्ता कार्तिकेश्वर साहू, पिता स्व. खेमलाल साहू, जो शासकीय अस्पताल बागबाहरा में ड्रेसर (ग्रेड-02) के पद पर कार्यरत हैं, द्वारा थाना बागबाहरा में सूचना दी गई। उनके द्वारा अस्पताल मेमो प्रस्तुत किया गया, जिसके अनुसार मृतक को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को सुबह 08:45 बजे शासकीय अस्पताल बागबाहरा लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे Brought Dead घोषित किया।

शासकीय अस्पताल बागबाहरा की चिकित्सा अधिकारी डॉ. जिज्ञासा द्वारा प्रस्तुत मेमो में भी मृतक की मृत्यु अस्पताल लाने से पूर्व होना दर्शाया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए मर्ग जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर मृत्यु के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

सरायपाली/ड्यूटी से लौट रहे डायल-112 चालक की रहस्यमयी मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से थम गई ज़िंदगी

सरायपाली/ड्यूटी से लौट रहे डायल-112 चालक की रहस्यमयी मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से थम गई ज़िंदगी

सरायपाली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और रहस्यमयी सड़क हादसे की खबर सामने आई है। डायल-112 में चालक के रूप में पदस्थ सनत कुमार पटेल (44 वर्ष) की एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना 29 नवंबर 2025 की देर रात की बताई जा रही है।

थाना सरायपाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक द्वारा मर्ग क्रमांक 98/2025, धारा 194 BNSS के तहत मामले की जांच की गई। जांच के दौरान मृतक के परिजनों, पंच गवाहों एवं पीएम रिपोर्ट के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि मृतक सिंघोड़ा से डायल-112 वाहन चलाकर ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपनी निजी मोटर सायकल बजाज प्लेटिना (क्रमांक CG 06 GU 9015) से अपने गांव मोहदा लौट रहे थे।

इसी दौरान सारंगढ़ रोड स्थित 132 केव्ही, ग्राम दर्राभांठा के पास किसी अज्ञात वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटर सायकल को टक्कर मार दी। हादसे में मृतक के सिर और नाक में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल CHC सरायपाली लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर डॉ. गुंजा अग्रवाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मृत्यु की सूचना उनके पुत्र मनीष पटेल (24 वर्ष) द्वारा थाना सरायपाली में मौखिक रूप से दी गई। वहीं, CHC सरायपाली के चौकीदार गुमान सिंह दीवान द्वारा अंग्रेजी में लिखित मेमो भी पुलिस को सौंपा गया, जिसमें मृतक को 108 एंबुलेंस से अस्पताल लाया जाना एवं ब्रॉट डेड घोषित किए जाने का उल्लेख है।

पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। मर्ग सदर कायम कर पंचनामा कार्रवाई की जा रही है तथा इसकी सूचना SDM सरायपाली को भी भेज दी गई है।

👉 अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर वह अज्ञात वाहन कौन सा था, जिसने डायल-112 चालक की जान ले ली? पुलिस की जांच में आने वाले दिनों में इस रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।

 

अचानक ब्रेक… और भिड़ गए दो ट्रक! महासमुंद के शीतली नाला के पास बड़ा हादसा 

अचानक ब्रेक… और भिड़ गए दो ट्रक! महासमुंद के शीतली नाला के पास  बड़ा हादसा

महासमुंद। महासमुंद जिले के शीतली नाला क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हाईवे पर चल रहे दो भारी ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ताज नगर पुरानी बस्ती, अमरपाटन जिला सतना (म.प्र.) निवासी ट्रक चालक, जो एक डिलीवरी कंपनी रायपुर के ट्रक क्रमांक TG 07 T 3280 का संचालन कर रहा था, रायपुर से भवानीपटना (ओडिशा) पार्सल डिलीवरी के लिए रवाना था। दोपहर करीब 12:30 बजे, जैसे ही ट्रक महासमुंद के शीतली नाला के पास पहुंचा, उसी समय आगे चल रहे ट्रक क्रमांक CG 06 GN 6977 के चालक ने अचानक बिना किसी संकेत के तेज ब्रेक लगा दिया।

अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रहे ट्रक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी भी चालक को शारीरिक चोट नहीं आई। घटना की सूचना संबंधित थाने में दी गई, जहां मामले में धारा 281 बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हाईवे पर इस तरह की लापरवाही एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि भारी वाहनों के चालक यातायात नियमों का पालन कितनी गंभीरता से कर रहे हैं।

बागबाहरा/धान खरीदी केंद्रों मोंगरापाली, गांजर, रिसीकेला में अनियमितताओं एवं अव्यवस्था पर तीन प्राधिकृत अधिकारी पद से हटाए गए

बागबाहरा/धान खरीदी केंद्रों मोंगरापाली, गांजर, रिसीकेला में अनियमितताओं एवं अव्यवस्था पर तीन प्राधिकृत अधिकारी पद से हटाए गए

महासमुंद/ जिला महासमुंद में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 12 दिसंबर को कलेक्टर श्री लंगेह द्वारा धान खरीदी केंद्र मोंगरापाली एवं धान खरीदी केंद्र गांजर का निरीक्षण किया गया। वहीं 11 दिसंबर को धान खरीदी केंद्र केवां का भी निरीक्षण किया गया था।

निरीक्षण के दौरान तीनों धान खरीदी केंद्रों में गंभीर अव्यवस्था पाई गई। धान की स्टेकिंग सुव्यवस्थित तरीके से नहीं की गई थी, जिससे खरीदी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसके साथ ही नए एवं पुराने बारदानों में समिति का मार्का एवं स्टेंसिल भी निर्धारित मानकों के अनुसार सही तरीके से अंकित नहीं पाया गया। मिलर द्वारा प्रदाय किए गए बारदानों की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित मोंगरापाली के प्राधिकृत अधिकारी श्री गुलशन बघेल, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित गांजर के प्राधिकृत अधिकारी श्री पुनितराम सिन्हा तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित रिसीकेला के प्राधिकृत अधिकारी श्री नेपाल साहू को उनके पद से पृथक करने की कार्यवाही की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि धान खरीदी केंद्रों में शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। धान की स्टेकिंग, बारदानों की गुणवत्ता एवं मार्किंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरायपाली/पिथौरा अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर बड़ी कार्रवाई 4 प्रकरणों में 2112 कट्टा धान जब्त

सरायपाली/पिथौरा अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर बड़ी कार्रवाई 4 प्रकरणों में 2112 कट्टा धान जब्त

महासमुंद/ राज्य शासन के मंशानुरूप, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह से प्राप्त निर्देशों के पालन में जिले में अवैध रबी एवं खरीफ धान के संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व, मंडी विभाग एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से विभिन्न तहसीलों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 2112 कट्टा धान जब्त किया गया है।

विकासखंड सरायपाली अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुपमा आनंद के नेतृत्व में ग्राम बारडोली में रवि फसल का 95 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम चनाट में कार्रवाई करते हुए 267 पैकेट अवैध रबी धान पकड़ा गया। इसके अलावा रात्रिकालीन गश्त के दौरान सराईपाली–सरसिवा मार्ग पर बगयीजोर के पास धान से लदे 5 वाहन जिसमें 4 माजदा एवं 1 छोटा हाथी जब्त किए गए। इन वाहनों से कुल 750 पैकेट, लगभग 300 क्विंटल धान बरामद किया गया, जिसे थाना सरायपाली की सुपुर्दगी में दिया गया है।

वहीं विकासखण्ड पिथौरा अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री बजरंग वर्मा के नेतृत्व में ग्राम टोंगोपथरा में धनुर्जय साहू के निवास पर छापेमारी के दौरान लगभग 1000 कट्टा धान का अवैध संग्रहण पाया गया। उक्त धान को जब्त कर कृषि उपज मंडी पिथौरा को सुपुर्द किया गया।

यह कार्रवाई शासन द्वारा निर्धारित नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु की गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध धान संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रसासन द्वारा प्रेस विज्ञाप्ति तो जारी किया गया लेकिन वाहन का नंबर और माफिया का नाम सामने नहीं लिया हमने जनसंपर्क विभाग से भी जानने का प्रयास किया लेकिन उनका कहना था क़ी हर बार यही होता है पूरा जानकारी नहीं दिया जाता घुमाया जाता है

तेन्दूकोना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राम धामनतोरी में अवैध शराब पिलाने के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार

तेन्दूकोना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राम धामनतोरी में अवैध शराब पिलाने के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। थाना तेन्दूकोना पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रधान आरक्षक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 दिसंबर 2025 को थाना तेन्दूकोना पुलिस स्टाफ आरक्षक 690 एवं आरक्षक 392 के साथ टाउन व देहात पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धामनतोरी जाने वाली पक्की सड़क के पास चखना ठेला व ठेला क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।

सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर शराब पीने वाले व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

पहले मामले में आरोपी सोनसिंग दीवान पिता पान सिंह दीवान (46 वर्ष) निवासी जोबाकला थाना पिथौरा के कब्जे से देशी प्लेन शराब 180 एमएल (लगभग 50 एमएल भरी हुई) एवं दो नग डिस्पोजल गिलास जब्त किए गए।

दूसरे मामले में आरोपी भोलाराम दीवान पिता गोवर्धन दीवान (47 वर्ष) निवासी जोबाकला थाना पिथौरा को भी इसी तरह अवैध शराब पिलाते हुए पकड़ा गया।

दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 36(सी) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई। अपराध जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महासमुंद तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने जीप कम्पास को मारी सीधी टक्कर, बड़ा हादसा टला

महासमुंद तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने जीप कम्पास को मारी सीधी टक्कर, बड़ा हादसा टला

महासमुंद।ग्राम पतेरापाली थाना व जिला महासमुंद निवासी एक वाहन चालक के साथ सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी, जो कक्षा 12वीं तक शिक्षित है और ड्रायवरी का कार्य करता है, दिनांक 12 दिसंबर 2025 को अपनी जीप कम्पास वाहन क्रमांक CG 04 NQ 7500 लेकर रायपुर गया था।

रायपुर से वापस लौटते समय दोपहर करीब 03:30 बजे, जब वह साराडीह मोड़, महासमुंद के पास पहुंचा, उसी दौरान सामने से आ रही महिन्द्रा बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG 06 HE 4193 के चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना में जीप कम्पास का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, सौभाग्यवश वाहन चालक को किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं आई। घटना के बाद पीड़ित द्वारा मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध धारा 281-BNS के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

आज का राशिफल: जानिए किस राशि पर बरसेगी किस्मत, किसे रहना होगा सतर्क

आज का राशिफल: जानिए किस राशि पर बरसेगी किस्मत, किसे रहना होगा सतर्क

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति होगी। कोई बड़ा कार्य हो जाने से प्रसन्नता रहेगी। निवेश लाभदायक रहेगा। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। रोजगार में वृद्धि होगी। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। विवाद से बचें। आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है।

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): व्यापार ठीक चलेगा। आय होगी। विवेक का प्रयोग करें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। व्ययवृद्धि से तनाव रहेगा। किसी व्यक्ति के उकसावे में न आएं। विवाद से बचें। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा।

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): नए अनुबंध हो सकते हैं। रोजगार में वृद्धि होगी। रुके कार्य पूर्ण होंगे। प्रसन्नता रहेगी। नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रसन्नता प्राप्त होगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। लंबी यात्रा हो सकती है। लाभ होगा। प्रशंसा मिलेगी। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। प्रमाद न करें।

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): व्यवसाय मनोनुकूल लाभ देगा। कार्य पूर्ण होंगे। प्रसन्नता रहेगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। जोखिम न लें। भाइयों का सहयोग मिलेगा। आय में वृद्धि होगी। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। कोई बड़ा कार्य कर पाएंगे।

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): राजकीय सहयोग से कार्य पूर्ण व लाभदायक रहेंगे। कारोबार मनोनुकूल रहेगा। शेयर मार्केट में जोखिम न लें। नौकरी में चैन रहेगा। घर-बाहर प्रसन्नता बनी रहेगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। ध्यान रखें। तीर्थदर्शन हो सकता है। सत्संग का लाभ मिलेगा।

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): व्यापार ठीक चलेगा। जोखिम व जमानत के कार्य बिलकुल न करें। वाहन, मशीनरी व अग्नि आदि के प्रयोग से हानि की आशंका है, सावधानी रखें। दूसरों के झगड़ों में हस्तक्षेप न करें। आवश्यक वस्तु समय पर नहीं मिलने से क्षोभ होगा। फालतू की बातों पर ध्यान न दें।

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): राजकीय सहयोग प्राप्त होगा। वैवाहिक प्रस्ताव प्राप्त हो सकता है। कारोबार से लाभ होगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। कोई बड़ा कार्य करने की योजना बन सकती है। कार्यसिद्धि होगी। सुख के साधनों पर व्यय होगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। शत्रुओं का पराभव होगा।

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): प्रॉपर्टी ब्रोकर्स के लिए सुनहरा मौका साबित हो सकता है। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। रोजगार में वृद्धि के योग हैं। स्वास्थ्‍य कमजोर रहेगा। आय में वृद्धि होगी। व्यस्तता रहेगी। मित्रों की सहायता कर पाएंगे। संपत्ति के बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं।

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन मिल सकता है। यात्रा मनोरंजक रहेगी। पारिवारिक मांगलिक कार्य हो सकता है। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। मेहनत का फल पूरा नहीं मिलेगा। स्वास्थ्य खराब हो सकता है।

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): आय में निश्चितता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। लेन-देन में सावधानी रखें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें। शोक संदेश मिल सकता है। विवाद को बढ़ावा न दें। किसी के उकसाने में न आएं। व्यस्तता रहेगी। थकान व कमजोरी रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा।

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): कार्यसिद्धि से प्रसन्नता रहेगी। आय में वृद्धि होगी। सामाजिक कार्य करने के अवसर मिलेंगे। मेहनत सफल रहेगी। बिगड़े काम बनेंगे। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। समय की अनुकूलता का लाभ लें। धनार्जन होगा।

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): नए मित्र बनेंगे। अच्‍छी खबर मिलेगी। प्रसन्नता रहेगी। कार्यों में गति आएगी। विवेक का प्रयोग करें। लाभ में वृद्धि होगी। मित्रों के सहयोग से किसी बड़ी समस्या का हल मिलेगा। व्यापार ठीक चलेगा। घर-बाहर सुख-शांति रहेगी। पुराने संगी-साथी व रिश्तेदारों से मुलाकात होगी।