महासमुंद / जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में आकांक्षी विकासखण्ड अंतर्गत 60 अधिकारी-कर्मचारी को किया गया सम्मानित

महासमुंद / जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में
आकांक्षी विकासखण्ड अंतर्गत 60 अधिकारी-कर्मचारी को किया गया सम्मानित

 

महासमुंद 01 अगस्त 2025/ केंद्रीय नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिला अंतर्गत जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन आज जिला पंचायत में किया गया। इस अवसर पर आयोजित आकांक्षा हाट का शुभारंभ आज महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा जिला पंचायत परिसर में फीता काटकर किया गया। शुभारम्भ अवसर पर महासमुंद जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, बागबाहरा जनपद अध्यक्ष श्री केशव चंद्राकर एवं ऊषा धृतलहरे, श्रीमती दिलेश्वरी निराला, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, श्री प्रकाश वर्मा, श्री महेन्द्र सिक्का, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक एवं अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू मौजूद थे।

समारोह में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि नीति आयोग का मूल स्वरूप वर्ष 2015 में तैयार किया गया था, किंतु इसे वास्तविक रूप से 2020 में अस्तित्व में लाया गया। इसका उद्देश्य शासन एवं प्रशासन के समन्वय से सभी क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित करना है। विधायक श्री सिन्हा ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर देशभर में कार्य किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत देश के 112 जिलों एवं 500 विकासखंडों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की यह पहल प्रत्येक वर्ग एवं प्रत्येक क्षेत्र के समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापक विकास हो रहा है। बच्चों के जन्म से लेकर टीकाकरण तक तथा महिलाओं के पोषण, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता तक सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी विकासखण्ड के रूप में पिथौरा विकासखण्ड का चयन किया गया था। जिससे जिले में विकास का द्वार खुला है। यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, टीकाकरण आदि में बेहतर प्रदर्शन किया गया हैं। उन्होंने जिले को सिल्वर मेडल चयन के लिए पूरी टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा ने नारी सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि राज्य एवं केन्द्र सरकार की संयुक्त पहल से महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं। इस क्रम में आकांक्षा हाट जैसे आयोजन जिनके माध्यम से महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इन प्रयासों में भागीदार बनें एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहयोग करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल ने कहा कि आकांक्षी विकासखण्ड के तहत बेहतर कार्य किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शासन एवं प्रशासन को बधाई दी। साथ ही कहा कि स्थानीय उत्पाद के विक्रय के लिए यह अच्छा अवसर है, आयोजन वोकल फॉर लोकल अभियान को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस हाट में सम्मिलित होकर स्थानीय उत्पादों की खरीदी करें और महिला समूहों को प्रोत्साहित करें। बागबाहरा जनपद अध्यक्ष श्री केशव नायक राम चंद्राकर ने कहा कि पूरे जिले को आकांक्षी जिला बनाने के लिए मिलकर प्रयास करना होगा। शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि की भागीदारी सुनिश्चित करना होगा।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के प्रतिवेदन में बताया गया कि पिथौरा ब्लॉक में 6 संकेतांक में से 5 संकेतांकों को पूर्ण कर लिया गया है। जिसमें 30 वर्ष से अधिक सभी नागरिकों की डायबिटीज और हाइपरटेशन की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं का शतप्रतिशत एएनसी जांच, महिला बाल विकास विभाग द्वारा पोषण आहार का वितरण एवं स्वॉयल हेल्थ कार्ड के माध्यम से कार्ड जनरेट करना शामिल है। इसके अलावा माध्यमिक स्तर के सभी स्कूलों में बिजली व्यवस्था एवं सबसे महत्वपूर्ण 9 से 11 महीने के सभी बच्चों को जीवन रक्षक टीके दिए गए। यह आंकड़े जुलाई से सितम्बर 2024 तक शामिल है।

जिला पंचायत सीईओ, जनपद सीईओ सहित मैदानी अमले सहित कर्मचारी सम्मानित

सम्मान समारोह में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए आकांक्षी जिला के नोडल अधिकारी जिला पंचायत के सीईओ श्री एस. आलोक को सम्मानित किया गया। साथ ही जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंद्रप्रकाश मनहर को सिल्वर मेडल से नवाजा गया। इसके अलावा आकांक्षी विकासखण्ड के फेलो वैभवी मोयल, कृषि उप संचालक श्री एफ.आर. कश्यप सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला बाल विकास के 60 अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

एक सप्ताह तक चलेगा आकांक्षा हाट, 13 स्टॉल लगाए गए

स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को उनके उत्पादों के विपणन हेतु अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में आकांक्षा हाट का यह आयोजन एक सप्ताह तक होगा। आयोजित आकांक्षा हाट में जिले की 39 महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों तथा सामग्री की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए 13 स्टॉल लगाए गए हैं। विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा एवं अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों में महिला समूहों के उत्पादों का बारीकी से अवलोकन कर महिला समूहों की दीदियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने सेल्फी भी ली। इस आयोजन का उद्देश्य इन महिला समूहों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने हाट से कई सामग्री क्रय किया एवं उनके उत्पादों को सराहा। जिले की 39 महिला समूहों द्वारा निर्मित खाद्य पदार्थ जैसे छत्तीसगढी व्यंजन, मिठाई, गर्म नाश्ता, अचार, बड़ी, पापड़ व टेराकोटा, बांस उत्पाद, राखी, पारंपरिक परिधान, पूजा सामग्री, सजावटी सामग्र्री, एलईडी बल्ब, साबुन, फिनाइल, डिशवॉश, मच्छर अगरबत्ती, झाड़ू, चटाई, दोना-पत्तल, जैविक खाद एवं अन्य स्थानीय उत्पाद नागरिकों के लिए उपलब्ध है।

छत्तीसगढ़ :ऐसे स्कूलो मे पढ़ाने से पहले सोच लें टेरेसा स्कूल में हैरान कर देने वाली घटना: “राधे-राधे” कहने पर नर्सरी की बच्ची को पीटा, मुंह पर चिपकाया टेप

छत्तीसगढ़ :ऐसे स्कूलो मे पढ़ाने से पहले सोच लें टेरेसा स्कूल में हैरान कर देने वाली घटना: “राधे-राधे” कहने पर नर्सरी की बच्ची को पीटा, मुंह पर चिपकाया टेप

दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नर्सरी कक्षा की मात्र साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची ने स्कूल की प्रिंसिपल को “गुड मॉर्निंग” की जगह “राधे-राधे” कहा, जिससे नाराज होकर प्रिंसिपल ने उसे बेरहमी से पीट दिया और उसके मुंह पर टेप चिपका दी।

यह मामला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र का है। बच्ची के पिता प्रवीण यादव की शिकायत पर स्कूल की प्राचार्य ईला ईवन कोल्विन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मासूम ने रोते हुए बताया, प्रिंसिपल ने मारा

घटना बुधवार की बताई जा रही है। बच्ची स्कूल से रोते हुए घर पहुंची, तो परिजनों ने जब वजह पूछी, तब उसने बताया कि “गुड मॉर्निंग” की जगह “राधे-राधे” कहने पर प्रिंसिपल ने डंडे से पीटा और टेप चिपका दी। बच्ची के हाथ में चोट के निशान भी देखे गए।

📞 स्कूल प्रशासन ने दी लापरवाही भरी सफाई

जब परिजनों ने स्कूल फोन किया, तो जवाब मिला – “आपकी बच्ची पढ़ाई नहीं करती।” इसके बाद परिजनों ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई।

👮‍♀️ प्रिंसिपल गिरफ्तार, केस दर्ज

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए प्राचार्य ईला ईवन कोल्विन को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

⚖️ टेरेसा स्कूल पर उठे सवाल

इस घटना के बाद मदर टेरेसा स्कूल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। बाल संरक्षण आयोग और शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। स्कूलों में बच्चों के साथ होने वाले व्यवहार की निगरानी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

महासमुंद/रैम्प योजना के तहत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन

महासमुंद/रैम्प योजना के तहत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन

महासमुंद, जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में आज रैम्प योजना अंतर्गत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन निजी होटल महासमुंद में किया गया। यह कार्यक्रम एमएसएमई योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बैंकिंग और वित्तीय सहायता से जोड़ना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त संचालक, उद्योग संचालनालय श्री शिव कुमार राठौर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में जिले के दर्जनों उद्यमियों के साथ-साथ पीएमएफएमई व पीएमईजीपी योजना के लाभार्थियों ने भी सहभागिता की। संयुक्त संचालक श्री राठौर ने कार्यक्रम में औद्योगिक विकास नीति 2024-30 की प्रमुख बातें साझा करते हुए उद्यमियों के विभिन्न शंकाओं का समाधान किया और उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रमुख बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठनों के सदस्य और स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे। भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य प्रमुख बैंकों के अधिकारियों ने उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना और एमएसएमई योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में उद्यमियों को बैंक अधिकारियों से प्रत्यक्ष संवाद करने का अवसर मिला। उन्होंने अपने व्यापार से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं को साझा किया, जिन पर बैंक अधिकारियों द्वारा तत्काल समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, श्री मोहन लाल साहू ने बताया कि ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम एमएसएमई सेक्टर को सशक्त करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं उद्यमियों का आभार प्रकट किया।

महासमुंद/प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त का हस्तांतरण 02 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र भलेसर में आयोजित

महासमुंद/प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त का हस्तांतरण 02 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र भलेसर में आयोजित

महासमुंद,प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 02 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा उत्तर प्रदेश के वाराणसी से 20वीं किस्त का राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल हस्तांतरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से प्रातः 11ः00 बजे से किया जाएगा। यह दिन पीएम किसान दिवस के रूप में पूरे देश सहित महासमुंद जिले में भी मनाया जाएगा।

जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र, भलेसर महासमुंद में आयोजित होगा। इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक महासमुंद श्री योगेश्वर राजू सिन्हा एवं छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों से किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। साथ ही, विकासखंड मुख्यालयों, सहकारी समितियों एवं ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम का वेबकास्ट प्रसारित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किसान इस योजना के लाभ और जानकारी से जुड़ सकें।

उप संचालक कृषि श्री एफ.आर कश्यप ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने हेतु निर्देशित किया है। इस अवसर पर किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का लाभ मिलेगा, साथ ही कृषि योजनाओं की जानकारी और उनके अनुभव साझा किए जाएंगे।

महासमुंद/जिले के 156 श्रमिकों को मिली विभिन्न योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से 24.76 लाख रुपये की राशि वितरित

महासमुंद/जिले के 156 श्रमिकों को मिली विभिन्न योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से 24.76 लाख रुपये की राशि वितरित

महासमुंद,छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत महासमुंद जिले के 156 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 24 लाख 76 हजार रूपए की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई। श्रम विभाग से मिली जानकारी अनुसार योजनावार मिनीमाता महतारी जतन योजना अंतर्गत 28 हितग्राहियों को 5 लाख 60 हजार रुपए, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत 36 हितग्राहियों को 63 हजार, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना अंतर्गत 1 हितग्राही को 2 लाख रुपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना अंतर्गत 11 हितग्राहियों को 11 लाख, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना अंतर्गत 23 हितग्राहियों को 4 लाख 60 हजार एवं निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना अंतर्गत 57 हितग्राहियों को 93 हजार रुपए की राशि से लाभान्वित किया गया हैं।

श्रम पदाधिकारी ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाएं पूर्णतः निःशुल्क हैं। यदि कोई व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सकती है। शिकायत दर्ज करने के लिए नजदीकी थाना, तहसील कार्यालय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), श्रम पदाधिकारी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।

महासमुंद/बने खाबों, बने रहिबो : 04 से 06 अगस्त तक जिले में चलेगा खाद्य सुरक्षा जांच एवं जागरूकता अभियान

महासमुंद/बने खाबों, बने रहिबो : 04 से 06 अगस्त तक जिले में चलेगा खाद्य सुरक्षा जांच एवं जागरूकता अभियान

महासमुंद / छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए खाद्य जनित बीमारियों एवं संक्रमण की रोकथाम हेतु राज्य में बने खाबों, बने रहिबो शीर्षक से राज्य स्तरीय विशेष जांच एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 04, 05 एवं 06 अगस्त 2025 तक प्रदेश के सभी जिलों में संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में जिले में निर्धारित तीन दिवसीय अभियान अंतर्गत खाद्य सघन निरीक्षण करते हुए फूड हैंडलिंग में स्वच्छता का विशेष ध्यान, बांसी व अखबारी कागज में परोसे गए खाद्य पर रोक, पानी की गुणवत्ता, वेज-नॉनवेज की अलग-अलग व्यवस्था की जांच, खाद्य सुरक्षा अधिनियम के उल्लंघन पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य अधिकारियों द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन हेतु जागरूक किया जाएगा एवं कोई भी उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग का उद्देश्य वर्षा ऋतु में जनसामान्य को सुरक्षित, स्वच्छ एवं ताजे खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। इसके लिए स्ट्रीट फूड वेंडर्स, होटल, रेस्टोरेंट, एवं खाद्य सेवा प्रदायकों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जनजागरूकता के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक, पंपलेट, पोस्टर व मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

महासमुंद/प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा 03 अगस्त को 14 परीक्षा केन्द्रों में 4339 परीक्षार्थी होंगे शामिल परीक्षा केन्द्र में सुबह 9 बजे तक पहुंचना अनिवार्य, मूल फोटो आईडी साथ लाना जरूरी

महासमुंद/प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा 03 अगस्त को 14 परीक्षा केन्द्रों में 4339 परीक्षार्थी होंगे शामिल परीक्षा केन्द्र में सुबह 9 बजे तक पहुंचना अनिवार्य, मूल फोटो आईडी साथ लाना जरूरी

महासमुंद / छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा उच्च शिक्षा संचालनालय के अंतर्गत प्रयोगशाला परिचारक के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन रविवार 03 अगस्त 2025 को प्रातः 11ः00 बजे से दोपहर 01ः15 बजे तक किया जाएगा। जिले में 14 परीक्षा केन्द्र निर्धारित की गई है, जिसमें 4339 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश पत्र व्यापम की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं, जिसे अभ्यर्थी स्वयं डाउनलोड कर सकते हैं।

व्यापम द्वारा परीक्षा हेतु जारी दिशा-निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व, अर्थात् सुबह 9ः00 बजे तक परीक्षा केन्द्र में अनिवार्यतः उपस्थित होना होगा। सुबह 10ः30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा दिवस के एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केन्द्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी ले लें, जिससे समय पर पहुंचने में कोई असुविधा न हो। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के लिए अनिवार्य दस्तावेजो में फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पेन कार्ड, विद्यालय/कॉलेज का फोटोयुक्त परिचय पत्र या फोटोयुक्त अंकसूची (मूल प्रति) लाना अनिवार्य है। साथ ही परीक्षार्थियों को हल्के रंग के, आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना है। जूते वर्जित, केवल चप्पल या सैंडल पहनकर आना होगा। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण वर्जित हैं। परीक्षा के पहले आधे घंटे और अंतिम आधे घंटे में परीक्षा केन्द्र से बाहर जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या होने पर परीक्षार्थी व्यापम के हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 एवं मोबाइल नंबर 82698-01982 पर प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

महासमुंद/नेशनल हाईवे में रात में गस्त बढ़ाने के निर्देश सड़क में घूमते पाए जाने पर पशु मालिकों के विरूद्ध लगाया जाएगा पेनाल्टी

 

 

हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन हुआ महासमुंद/नेशनल हाईवे में रात में गस्त बढ़ाने के निर्देश सड़क में घूमते पाए जाने पर पशु मालिकों के विरूद्ध लगाया जाएगा पेनाल्टी

महासमुंद / छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिले में सड़क पर घूम रहे एवं बैठे आवारा पशुओं की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर तत्काल अमल करने के लिए आज कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष सिंह द्वारा संयुक्त बैठक ली गई।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू, सभी जनपद सीईओ, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पशुपालन, पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी सहित ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री लंगेह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक सड़कों, बाजारों और अन्य प्रमुख स्थानों पर घूमते व बैठते आवारा मवेशी न केवल यातायात में बाधा बनते हैं बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं, अतः उनके प्रबंधन के लिए समन्वित कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि वे चिन्हांकित स्थलों पर या अस्थायी आश्रय स्थल स्थापित करें तथा मवेशियों को पकड़कर वहां सुरक्षित रखा जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप गोठानों का उपयोग मवेशी रखने के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि काउ केचर का उपयोग करते हुए आवारा पशुओं को गोठानों तक छोड़े। उन्होंने पशुपालन विभाग को पशुओं के कान में लगे टेग के माध्यम से ऑनलाइन करने के निर्देश भी दिए हैं। ताकि यह पता चल सके कि पशु के मालिक कौन है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग को निर्देशित किया गया कि संबंधित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए और ट्रैफिक बाधित करने वाले मामलों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पेट्रोलिंग जिले की शुरूआत से लेकर सरायपाली के अंतिम छोर तक संयुक्त रूप से करें। यह कार्य देर रात तक जारी रखें। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को यह भी कहा गया कि वे पशुपालकों को जागरूक करें कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें। निर्धारित समयावधि में कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि पशुपालक नियमों का उल्लंघन करते पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध जुर्माना लगाया जाएगा।

सार्वजनिक स्थानों पर कचरा प्रबंधन सुधारा जाए ताकि पशु आकर्षित न हों। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनप्रतिनिधियों एवं पशुपालकों के साथ समन्वय स्थापित कर दीर्घकालिक समाधान की दिशा में कार्य करें। कलेक्टर ने नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने पशुओं को खुला न छोड़ें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि जिले को सुगम एवं एवं सुव्यवस्थित यातायात सुलभ हो सके।

छत्तीसगढ़: मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आकांक्षा हाट का किया उद्घाटन सम्पूर्णता अभियान से जुड़े लोगों का किया सम्मान 

छत्तीसगढ़: मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आकांक्षा हाट का किया उद्घाटन सम्पूर्णता अभियान से जुड़े लोगों का किया सम्मान

छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की अध्यक्षता में शबरी ऑडिटोरियम, सुकमा में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह और आकांक्षा हाट का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंत्री राजवाड़े ने जिले की विकास यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि ,सुकमा अब विकास के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है, और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलमुक्त बस्तर का सपना जल्द साकार होगा। उन्होंने इस प्रगतिशील पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की आकांक्षी जिला योजना का उद्देश्य है कि अंतिम पंक्ति तक शासन की योजनाएं पहुंचे और जनता को उनका पूरा लाभ मिले। उन्होंने कहा कि सुकमा जैसे पिछड़े जिलों में योजनाओं का सफल क्रियान्वयन यह साबित करता है कि राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रशासनिक समर्पण से कोई भी क्षेत्र पीछे नहीं रह सकता। आज सुकमा भयमुक्त वातावरण में विकास के नए प्रतिमान गढ़ रहा है।

संपूर्णता अभियान: जमीनी कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान

संपूर्णता अभियान के अंतर्गत प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए जिले को राज्यस्तर पर सराहना मिली है। इस उपलब्धि में एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, कृषि सहायकों और अन्य जमीनी स्तर के कर्मियों की अहम भूमिका रही, जिन्हें इस अवसर पर सम्मानित किया गया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने इन सभी को बधाई देते हुए कहा कि इनके प्रयासों के बिना सुकमा की यह उपलब्धि संभव नहीं होती।

आकांक्षा हाट से उभरेगा स्थानीय हुनर और संस्कृति

संपूर्णता अभियान के साथ ही वोकल फॉर लोकल की भावना को साकार करता “आकांक्षा हाट” कार्यक्रम भी प्रारंभ किया गया। यह दो दिवसीय आयोजन स्थानीय कारीगरों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने का मंच है। पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा वस्त्र, जैविक कृषि उत्पाद और स्थानीय कलाकृतियों की प्रदर्शनी इस हाट का प्रमुख आकर्षण हैं।

कार्यक्रम में पारंपरिक कला-शिल्प के जीवंत प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और कौशल विकास कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, जो स्थानीय उद्यमिता को मजबूती देने के साथ-साथ सांस्कृतिक अस्मिता को भी सहेजने का कार्य करेंगी। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

छत्तीसगढ़: महतारी वंदन योजना की 18वीं किश्त के रूप में 647.35 करोड़ रुपये हितग्राहियों के खातों में अंतरित

छत्तीसगढ़: महतारी वंदन योजना की 18वीं किश्त के रूप में 647.35 करोड़ रुपये हितग्राहियों के खातों में अंतरित

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत आज एक तारीख को माह अगस्त 2025 की अगस्त माह के पहले दिन 18वीं किश्त की राशि का भुगतान जारी कर दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश की 69.19 लाख से अधिक महिलाओं को कुल 647.35  करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि उनके बैंक खाते में अंतरित की गई है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की गई थी। अब तक लगातार 18 माहों में 11728 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश की महिलाओं को प्रदाय की जा चुकी है। योजना के अंतर्गत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रूपए की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

योजना से होने वाले भुगतान एवं अन्य जानकारी से अवगत होने के लिए महतारी वंदन योजना के पोर्टल अथवा महतारी वंदन योजना का मोबाईल ऐप भी है जिसे हितग्राही प्लेस्टोर से डाउनलोड कर अपनी जानकारी देख सकते हैं। यदि कोई आवेदिका इस सहायता राशि का लाभ नहीं लेना चाहती है, अर्थात् लाभ त्याग करना चाहती है तो वे पोर्टल में लाभ त्याग के ऑप्शन में जाकर लाभ त्याग कर सकती है।

महतारी वंदन योजनांतर्गत सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। जिन हितग्राहियों का खाता डीबीटी इनेबल नहीं है वे तत्काल बैंक जाकर आधार लिंक करवायें क्योंकि उनको भुगतान किये जाने पर राशि वापस हो जा रही है तथा इस हेतु उन्हें एसएमएस के माध्यम से सूचित भी किया गया है। यदि किसी हितग्राही को किसी प्रकार की शिकायत हो तो इस पोर्टल में शिकायत करें ऑप्शन में जाकर अपनी समस्या ऑनलाईन दर्ज कर सकती है।

आधार कार्ड अपडेट कराने की अपील

महिला एवं बाल विकास विभाग ने हितग्राही महिलाओं  से अपील की है कि वह अपना आधार कार्ड अपडेट कराएं, ताकि राशि के भुगतान में किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। ज्ञात हो कि आधार कार्ड को हर 10 वर्षों में अपडेट करना अनिवार्य है। कई हितग्राहियों का भुगतान आधार इनएक्टिव होने के कारण निरस्त हो गया है। ऐसे हितग्राहियों को आधार केंद्र में जाकर पहचान एवं निवास प्रमाण-पत्र के साथ आधार अपडेट कराना आवश्यक है, ताकि आगामी किश्त का भुगतान सुनिश्चित हो सके।