महासमुंद: ईंधन की कोई कमी नहीं, जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध; जिला प्रशासन ने जारी किए आंकड़े

उपभोक्ता अफ वाहों से बचें -जिला प्रशासन

महासमुंद। जिला प्रशासन की ओर से जारी खबर के अनुसार वर्तमान में महासमुंद जिले में पेट्रोल,डीजल एवं गैस की उपलब्धता सामान्य और सुचारू रूप से जारी है। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य अधिकारी तेजपाल सिंह ध्रुव ने बताया कि जिले में आईओसीएल कंपनी के 35, बीपीसीएल कंपनी के 29 एवं एचपीसीलए के 40 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हंै। जिसमें आईओसीएल कंपनी के 35 ऑयल वितरकों द्वारा जिले में प्रतिदिन पेट्रोल 15 केएल एवं डीजल 28 केएल का दैनिक विक्रय किया जाता है। जिले में उक्त कंपनी के पास वर्तमान में पेट्रोल का स्टॉक 270 केएल एवं डीजल का स्टॉक 240 केएल उपलब्ध है,जो कि पेट्रोल 15 दिवस हेतु एवं डीजल 8 दिवस हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

जारी खबर में बताया गया है कि बीपीसीएल कंपनी के 29 ऑयल वितरकों द्वारा जिले में प्रतिदिन पेट्रोल 29 केएल एवं डीजल 57 केएल का दैनिक विक्रय किया जा रहा है। उक्त कंपनी के पास वर्तमान में पेट्रोल का स्टॉक 225 केएल एवं डीजल का स्टॉक 278 केएल उपलब्ध है जो कि पेट्रोल 8 दिवस हेतु एवं डीजल 5 दिवस हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

इसी प्रकार एचपीसीएल कंपनी के 40 ऑयल वितरकों द्वारा जिले में प्रतिदिन पेट्रोल 42 केएल एवं डीजल 58 केएल का दैनिक विक्रय किया जाता है। जिले में उक्त कंपनी के पास वर्तमान में पेट्रोल का स्टॉक 312 केएल एवं डीजल का स्टॉक 365 के एल उपलब्ध है जो कि पेट्रोल एवं डीजल 7 दिवस हेतु पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

इस प्रकार जिले में दैनिक पेट्रोल की खपत 86 केएल के विरुद्ध 807 के एल का स्टॉक मौजूद है जो कि जिले में लगभग 9 दिन हेतु पर्याप्त है। वहीं जिले में दैनिक डीजल की खपत 143 केएल के विरुद्ध 883 के एल का स्टॉक मौजूद है जो कि जिले में लगभग 6 दिन हेतु पर्याप्त है। इस प्रकार जिले में मांग एवं दैनिक खपत अनुसार पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक उपलब्ध है एवं ऑयल कंपनी द्वारा सतत उपलब्धता सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रभारी खाद्य अधिकारी श्री ध्रुव ने बताया है कि शासन एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में एलपीजी घरेलू गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति दैनिक आवश्यकता एवं उपलब्धता के संबंध में प्रतिदिन समस्त गैस एजेंसियों से दैनिक रिपोर्ट विभाग द्वारा प्राप्त किया जा रहा है

गैस एजेंसियों से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में गैस सिलेण्डर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा जिले में गैस सिलेण्डर की बुकिंग अनुरूप सुचारू रूप से डिलीवरी में संचालित है व किसी प्रकार की बाधा नहीं है। सप्लाई प्लांट से किसी प्रकार की स्टॉक उपलब्धता में समस्या नहीं है।

गैस एजेंसियों से प्राप्त जानकारी अनुसार वर्तमान में जिले में लगभग प्रतिदिन औसतन 1378 सिलेण्डरों की डिलीवरी की जा रही है तथा 14 मई की स्थिति में गैस एजेंसियों के पास लगभग 1716 सिलेण्डरों का ओपनिंग स्टॉक उपलब्ध था। उक्त तिथि को 2454 सिलेण्डर सप्लाई प्लांट से सप्लाई कराया गया है। इस प्रकार 14 मई की स्थिति में कुल 4170 सिलेण्डरों का स्टॉक गैस एजेंसियों के पास उपलब्ध है।

वर्तमान में जिले में गैस सिलेण्डर की मांग अनुसार सुचारू रूप से उपलब्धता एवं वितरण जारी है। जिला प्रशासन द्वारा हितग्राहियों से अपील की गई है कि पेट्रोल, डीजल एवं गैसों में कमी संबंधी भ्रम-अपवाहों को ध्यान न दें तथा भ्रम में आकर अनावश्यक लाईन में लगने अथवा घरों में अनावश्यक पेट्रोल, डीजल एवं गैस का स्टॉक जमा करने की आवश्यकता नहीं है एवं आवश्यकता पडऩे पर ही पेट्रोल, डीजल एवं गैस प्राप्त करें। पेट्रोल एवं गैस की कमी संबंधी भ्रामक खबर एवं अफवाह फैलाने पर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय मीडिया एवं निगरानी समिति का गठन किया गया है।

महासमुंद: पीडीएस चावल की कालाबाजारी पर सर्जिकल स्ट्राइक, 27 क्विंटल अवैध चावल के साथ ट्रैक्टर जब्त

महासमुंद। राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को 2700 किलोग्राम 27 क्विंटल अवैध पीडीएस चावल और उसे ले जा रहे ट्रैक्टर को जब्त कर पुलिस के हवाले किया है।

जानकरी के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 10 बजे ग्राम केना से एक ट्रैक्टर में बड़ी मात्रा में सरकारी चावल भरकर अवैध बिक्री के लिए राइस मिल ले जा रहा था। इसी दौरान चालक रास्ता भटक गया। सरायपाली पहुंचने का रास्ता तलाशते हुए उसने स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। इस बीच सुबह-सुबह ट्रैक्टर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और अधिकारियों की पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि जब्त किया गया चावल चंद्रहास प्रधान का है। चंद्रहास ने उसे सिर्फ गाड़ी चलाने के लिए कहा था।

उसने बताया कि पीछे धान से भरी एक पिकअप गाड़ी भी आ रही है। उसी गाड़ी का चालक मुख्य सूत्रधार है। वही जानता है कि सस्कारी चावल की डिलीवरी किस राइस मिल या ठिकाने पर करनी है। चालक की घबराहट और जवाबों में हिचकिचाहट ने संदेह और बढ़ा दिया। ग्रामीणों ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो मामला खुल गया। इसके बाद तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई। अनुविभागीय अधिकारी के निर्देश पर पहुंची राजस्व और खाद्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान चावल के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया। टीम ने 2700 किलो पीडीएस चावल जब्त कर ट्रैक्टर सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में आगे जांच जारी है। जब्त चावल अब खाद्य अधिकारी की अभिरक्षा में परिवहन में इस्तेमाल हो रहे ट्रैक्टर को जब्त कर सरायपाली पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। जब्त चावल को खाद्य अधिकारी की न्यायिक अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। पुलिस अब मुख्य आरोपी चंद्रहास प्रधान और पिकअप चालक की तलाश में जुट गई है।

प्रभारी एसडीएम मनोज खांडे को जानकारी मिलते ही वे तहसीलदार श्रीधर पंडा और खाद्य निरीक्षक अविनाश दुबे के साथ फ ौरन मौके पर पहुंचे। यहां 27 क्विंटल चावल जब्त किया गया। परिवहन और चावल से संबंधित कोई भी वैध कागजात मौके पर नहीं मिले। अधिकारियों ने गवाहों की मौजूदगी में घटना स्थल पर ही पंचनामा बनाया। प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी मनोज खांडे ने कहा कि सरकारी राशन बेचने वाले माफियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस रैकेट में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वेडनर मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों का बोर्ड परीक्षा में जलवा, शानवीर गुरुदत्ता ने 92.8% अंकों के साथ किया टॉप

महासमुंद। महासमुंद शहर के प्रतिष्ठित वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार सफलता प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने वाणिज्य और विज्ञान दोनों संकायों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किया। वाणिज्य संकाय में सफलता प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है। वाणिज्य संकाय में शानवीर गुरुदत्ता ने 92.8 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रौनक कृष्णानी 91.2 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे और नोमिका साहू 86.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

विज्ञान संकाय से सिद्धार्थ प्रकाश साहू ने 90.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रेयल चंद्राकर ने 88.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान पर  एवं जयलक्ष्मी साहू ने 86.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त कर स्कूल का मान बढ़ाया। इसी प्रकार विनय  सन्हा ने योगा विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर शाला को गौरवान्वित किया है।  विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व सफलता पर शाला के मैनेजर रेव्ह. फ ादर जार्ज कवालम, प्राचार्य रेव्ह फ ादर देवानंद बाघ एवं समस्त शाला परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है।

आर्यन सलूजा ने बढ़ाया सरायपाली का मान: सीबीएसई 12वीं में 93% अंकों के साथ स्कूल मेरिट में बनाई जगह

पिथौरा। सीबीएसई द्वारा जारी कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में प्रतिभा पब्लिक स्कूल का परीक्षा परिणाम 99 प्रतिशत रहा। विद्यालय से वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के कुल 74 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 66 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और 7 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की।विद्यालय के अनुसार सरायपाली के छात्र आर्यन सलूजा ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बताया गया कि उन्होंने विद्यालय की प्रावीण्य सूची में चौथा स्थान हासिल किया। आर्यन, सरायपाली निवासी पत्रकार रोमी सलूजा के पुत्र हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य नरहरि पटनायक, उपप्राचार्य नासिर खान, समिति अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, संचालक डॉ. आभास अग्रवाल तथा विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महासमुंद: ‘सुशासन तिहार’ से गांवों में समाधान की बयार, 10 ग्रामों में शिविर लगाकर सुनी गई जनसमस्याएं

किसान रथ के माध्यम से 50 ग्रामों के 4520 किसानों को किया गया प्रेरित

महासमुंद। जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं सुशासन तिहार के अंतर्गत 13 मई को जिले के पांचों विकासखंडों के 10 ग्रामों में व्यापक जनजागरूकता एवं समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विकासखंड महासमुंद के ग्राम नरतोरा एवं ढांक, विकासखंड बागबाहरा के ग्राम आंवराडबरी एवं जामली, विकासखंड पिथौरा के ग्राम बरनईदादर एवं गढ़बेड़ा, विकासखंड बसना के ग्राम भौना एवं मेदापाली तथा विकासखंड सरायपाली के ग्राम केना एवं सिरपुर में शिविर आयोजित किए गए।

शिविरों में कृषि विभाग सहित अन्य समवर्गीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी किसानों एवं जनप्रतिनिधियों को दी गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार फसलवार संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। किसानों को वैज्ञानिक अनुशंसा के आधार पर ई-उर्वरक (टोकन प्रणाली) आधारित उर्वरक वितरण व्यवस्था के संबंध में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में नैनो डीएपी, नैनो यूरिया, 12ः32ः16, 20ः20ः13 तथा एसएसपी जैसे वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही हरी खाद, जैव उर्वरक, नीलहरित काई एवं केंचुआ खाद जैसे जैविक उपायों को अपनाने से भूमि की उर्वरा शक्ति एवं उत्पादकता बढ़ाने के संबंध में भी विस्तार से बताया गया।

शिविरों में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड तथा एग्रीस्टैक से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों में से कुछ आवेदनों का निराकरण शिविर स्थल पर ही किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण का आश्वासन संबंधित अधिकारियों द्वारा दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने, संतुलित उर्वरक उपयोग करने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा किसान रथ के माध्यम से जिले के सभी विकासखण्डों के चयनित ग्रामों में पहुंचकर किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। 12 मई तक किसान रथ की 10 टीमों द्वारा जिले के सभी विकासखण्डों के 50 ग्रामों में पहुंचकर कुल 4520 कृषकों को जागरूक एवं प्रोत्साहित किया गया है। इस दौरान किसानों को शासन की कृषि योजनाओं, उन्नत बीजों के उपयोग, आधुनिक खेती की तकनीकों, फसल विविधीकरण, जैविक खेती, जल संरक्षण तथा संतुलित उर्वरक उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसान रथ के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, लागत कम कर उत्पादन बढ़ाने तथा कृषि में नवीन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

आसमानी आफत: महासमुंद में बिजली गिरने से मचा कोहराम, पल भर में जल गया गरीब का आशियाना

महासमुंद। महासमुंद जिले में बीती रात तेज अंधड़, हल्की बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। बागबाहरा ब्लॉक के कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्राम बाधमुड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से एक खपरेल मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बाधमुड़ा निवासी प्रज्ञानंद देवागन के मकान पर देर रात करीब 4 बजे अचानक बिजली गिर गई। इसके बाद घर में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा सीट कवर का सामान, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और अन्य घरेलू वस्तुएं जल चुकी थीं।
पीड़ित परिवार के अनुसार, आगजनी में करीब 50 हजार से 1 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य पास के पक्के मकान में सो रहे थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

ग्रामीणों ने भी शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्राम बाधमुड़ा के सरपंच एडिसन विजय ठाकुर ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं कोमाखान तहसीलदार मनीषा देवागन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पटवारी को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद शासन स्तर पर क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जाएगी।

सरायपाली: अपहरण कर ओडिशा भाग रहे 6 आरोपी गिरफ्तार, नाकेबंदी कर सरायपाली पुलिस ने बचाई युवक की जान

महाजनपद न्यूज mahajanpad news सरायपाली / महासमुंद / महासमुंद जिले की सरायपाली पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सकुशल मुक्त कराया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक ओडी-17 एजी-7735 को भी जप्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 14.05.2026 को सरायपाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कार क्रमांक ओडी-17 एजी-7735 में कुछ अज्ञात व्यक्ति हुडई शोरूम के पास से एक युवक का अपहरण कर उसे ओड़िशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सरायपाली पुलिस द्वारा तत्काल चारों ओर नाकेबंदी कर कार्रवाई शुरू की गई।

मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ की। कार में सवार व्यक्तियों ने अपने नाम देबार्चन मलिक पिता त्रिनाथ मलिक निवासी दवारी थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा, राजेश मलिक पिता त्रिनाथ मलिक निवासी दवारी थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा, रंजन प्रधान निवासी लुकापारा जिला सारंगढ़, भागीरथी बेहरा निवासी भुक्ता थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा, बंशीधर बंछोर निवासी भुक्ता थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा तथा कुनु बाघ निवासी इच्छापुर थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा बताया।

पुलिस ने कार से निरंजन दास पिता पूर्णचंद दास उम्र 32 वर्ष निवासी चट्टीगिरोला थाना सरायपाली को मुक्त कराया। पूछताछ में प्रार्थी ने बताया कि उसने पूर्व में देबार्चन मलिक से 3 लाख 50 हजार रुपए उधार लिया था, जिसमें से 50 हजार रुपए वापस कर दिए गए थे। शेष रकम की वसूली के लिए आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया और उसका मोबाइल छीनकर बंद कर दिया।
प्रार्थी ने बताया कि आरोपी उसे धमकी देते हुए कह रहे थे कि “आज के बाद तेरा किसी को पता नहीं चलेगा, मर्डर कर देंगे” और उसे ओड़िशा की ओर ले जा रहे थे।
सरायपाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को जप्त कर लिया। मामले में थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 168/2026 धारा 296, 351(2), 140(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
देबार्चन मलिक पिता त्रिनाथ मलिक निवासी दवारी थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा
राजेश मलिक father त्रिनाथ मलिक निवासी दवारी थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा
रंजन प्रधान निवासी लुकापारा जिला सारंगढ़
भागीरथी बेहरा निवासी भुक्ता थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा
बंशीधर बंछोर निवासी भुक्ता थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा
कुनु बाघ निवासी इच्छापुर थाना आमाभौना जिला बरगढ़ उड़ीसा
जप्त सामग्री
घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक ओडी-17 एजी-7735।

आकाशीय बिजली गिरने की तीन घटनाओं से हड़कंप, एक की मौत, पिता गंभीर।

महासमुंद। जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाएं सामने आई हैं। तुमगांव थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली के दौरान मचान पर सो रहे पिता-पुत्र पर बिजली गिर गई, जिसमें बेटे की मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं कोमाखान क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मकान में आग लग गई, जिससे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। साथ ही बागबाहरा ब्लॉक के बाघामुड़ा के एक घर में आकाशीय बिजली गिरने से घर जल कर खाक हो गया। प्रज्ञानंद देवांगन के घर सुबह 4 बजे आकाशीय बिजली गिरी, आग की लपटों न पूरे घर को जला कर खाक कर दिया। आग पर काबू पाते-पाते 8 से 10 लाख रु का सामान जलकर खाक हो गया। इधर, छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रायपुर में शुक्रवार सुबह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जबकि धमतरी में धूलभरी आंधी चली। कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए और कुछ इलाकों में बिजली गुल रही।

पुलगांव में दो हाईवा के बीच भीषण भिड़ंत: भारती कॉलेज के पास आमने-सामने टकराए वाहन, केबिन चकनाचूर।

भिलाई। दुर्ग में पुलिस की सूझबूझ से दो अलग-अलग घटनाओं में बड़ा हादसा टल गया। पुलगांव में जहां दो हाईवा चालकों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से सुरक्षित बाहर निकाला गया, वहीं छावनी चौक पर एक दुकान में लगी आग पर समय रहते काबू पाकर बड़े नुकसान को रोका गया। पुलगांव थाना क्षेत्र में देर रात भारती कॉलेज के पास दो हाईवा वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।  ऑपरेशन शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन भी मंगाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल चालकों की पहचान विजय कुमार यादव (23, निवासी गोटाटोला बांधाबाजार, मोहला मानपुर) और वीरेंद्र (34, निवासी झारखंड) के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महासमुंद में आकाशीय बिजली का कहर: वज्रपात की चपेट में आने से बेटे की दर्दनाक मौत, पिता गंभीर रूप से झुलसे।

महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी है। यहां चपटे में आने से बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से झुलस गए है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रायपुर में आज (शुक्रवार) सुबह गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।