सिरपुर महोत्सव 2026 महानदी आरती में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम जनप्रतिनिधि, कलेक्टर एवं श्रद्धालु हुए शामिल

सिरपुर महोत्सव 2026 महानदी आरती में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम जनप्रतिनिधि, कलेक्टर एवं श्रद्धालु हुए शामिल

महासमुंद/ सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के पावन अवसर पर प्रति दिवस महानदी तट पर शाम 7ः30 बजे दिव्य महानदी आरती का आयोजन किया जा रहा है। दूसरे दिन इस आध्यात्मिक आयोजन में महासमुंद कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह शामिल हुए। इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री ओ.पी. चौधरी, सिरपुर गंधेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री दाऊ लाल चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, एसडीएम बसना श्री हरिशंकर पैकरा, डीएमसी श्री रेखराज शर्मा, सरपंच सिरपुर श्रीमती पुष्पा के. माली सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु, पर्यटक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलन किया तथा श्रद्धा भाव से महानदी आरती संपन्न की। महानदी आरती के दौरान संपूर्ण वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि एवं मधुर भक्ति संगीत से भक्तिमय हो उठा। महानदी के पावन तट पर प्रज्ज्वलित सैकड़ों दीपों की आलोकित आभा, जल तरंगों पर झिलमिलाती रोशनी और सामूहिक आरती का भव्य एवं दिव्य दृश्य उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर गया। संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, भक्ति और शांति से परिपूर्ण हो उठा।

बसना/ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना में पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छात्राओं को किया सम्मानित

बसना/ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना में पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छात्राओं को किया सम्मानित

बसना। स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसना क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल रहे। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार एवं छात्राओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अपने प्रेरक संबोधन में विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आज की छात्राएं ही कल के विकसित समाज की आधारशिला हैं। छात्र जीवन में समय प्रबंधन, अनुशासन और एकाग्रता को अपनाकर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें, सफलता अवश्य मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। शासन की प्राथमिकता है कि बेटियों को बेहतर शिक्षा, संसाधन एवं अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे समाज और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।

इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, प्राचार्य एन.के. पंडा, प्रधानपाठक राजकुमारी पाठक, व्याख्याता एस.सी. बेहरा, वी.के. दास, एस. बेहरा, मंच संचालक एम.एल. पटेल, एच.के. पटेल, स्मिता पुरोहित, शाला नायिका काजल सामल, वरिष्ठ पत्रकार रोमी सलूजा, रिंकू ओबराय, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया !

बसना/ बंसुला डीपा में भक्ति की बयार: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भागवत कथा में टेका मत्था, क्षेत्र की खुशहाली की कामना

बसना/ बंसुला डीपा में भक्ति की बयार: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भागवत कथा में टेका मत्था, क्षेत्र की खुशहाली की कामना

श्रीमद् भागवत महायज्ञ में शामिल हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, कहा—भागवत कथा जीवन जीने की कला सिखाती है विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने लिया व्यास पीठ का आशीर्वाद, कृष्ण भक्ति में डूबे श्रद्धालु कथावाचक पंडित कान्हा महाराज का किया सम्मान, भजनों की धुन पर झूमे भक्त

बसना। समीपवर्ती ग्राम बंसुलाडीपा स्थित आईटीआई ग्राउंड इन दिनों पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। ग्राम कुदारीबाहरा निवासी देवाधि साव एवं उनके परिजनों द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उनके आगमन से कथा पंडाल में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण निर्मित हो गया।

कार्यक्रम में पहुँचते ही विधायक डॉ. अग्रवाल ने भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप एवं व्यास पीठ के समक्ष शीश नवाकर समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित कान्हा महाराज का पुष्पहार, श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मान किया तथा उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला ज्ञान महायज्ञ है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें सत्य, प्रेम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं तथा अधर्म के विरुद्ध खड़े होने का साहस प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़ती है। उन्होंने इस पुनीत आयोजन के लिए आयोजक देवाधि साव एवं उनके परिवार की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

कथा के दौरान पंडित कान्हा महाराज द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों पर विधायक डॉ. अग्रवाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। पूरा पंडाल ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।

इस आध्यात्मिक महोत्सव में व्यास पीठ पंडित कान्हा महाराज, आयोजक देवाधि साव, धनेश्वर साहू, आनंद दास, कुबेर साव, भूपेंद्र मांझी, वैष्णव पात्र, वृंदावन सतपथी, अयोध्या मिश्रा, छबिमन्यू सड़ंगी, प्रफुल सामल, गढ़फुलझर निवासी दिनेश डड़सेना, उड़ीसा के बसंत साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा का रसपान किया।

बसना/ विंध्यवासिनी खेल मैदान में संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग समापन सम्पन्न

बसना/ विंध्यवासिनी खेल मैदान में संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग समापन सम्पन्न

बसना – संकुल स्तरीय प्रतियोगिता विंध्यवासिनी हायर सेकेंडरी स्कूल बी बनडबरी (जमदरहा )में आज रंगारंग समापन सम्पन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि बद्री विशाल जोल्हे विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसना अध्यक्षता अनिल सिंह साव बी आर सी बसना विशिष्ट अतिथि पूर्व कलेक्टर के एल चौहान, डेविड चौधरी, पुष्पलता चौहान,उत्तर कुमार चौधरी प्राचार्य,नोनी बाई चौहान सरपंच,परमेश्वर साहू सरपंच प्रतिनिधि, मनोज भोई सरपंच प्रतिनिधि, प्रीतम चतुर्वेदी सरपंच जमदरहा, सत्यानंद बरिहा जनपद सदस्य, पदुम लाल पटेल, दुर्योधन पटेल, दीक्षित चंद्राकर,अघोरी चौहान उपसरपंच, डिजेन्द्र कुर्रे समन्वयक, तुशील चौहान प्राचार्य एवं शिक्षक शिक्षिका गण उपस्थित रहे।

सर्वप्रथम राष्ट्र गान एवं राष्ट्रीय गीत गाया गया। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर खेल भावना से खेलने की सलाह दिए। बालक वर्ग में प्रथम प्राथमिक शाला चेरूडीपा द्वितीय प्राथमिक शाला सन बहली तृतीय जमनीडीह चतुर्थ लोहडीपुर का दबदबा रहा। वहीं बालिका वर्ग में कब्बडी में प्राथमिक शाला ललितपुर तुकड़ा द्वितीय प्राथमिक शाला पुरुषोत्तमपुर तृतीय जमदरहा चतुर्थ भालूकोना वहीं मिडिल स्कूल में प्रथम जमदरहा द्वितीय पुरुषोत्तमपुर विजयी रही। हायर सेकेण्डरी जमदरहा में 10वीं की बालिका प्रथम द्वितीय 11वीं बालिका जीतने में सफलता हासिल की।प्राथमिक स्तर में जमनीडीह, गायत्रीपुर, लोहडीपुर, सनबहली, जमदरहा का दबदबा रहा।एकल गेम में मिडिल स्तर से दौड़, रिले रेस, गोला फेक, कुर्सी दौड़ में जमदरहा, लोहडीपुर एवं पुरुषोतमपुर के छात्र छात्राओं ने अपने अपने इवेंट में बाजी मारी।वहीं प्राथमिक एकल में जमनीडीह, जमदरहा, ललितपुर, लोहडीपुर, पुरुषोत्तमपुर, गायत्रीपुर के बच्चों ने जीतने में सफल हुए।इस प्रतियोगिता में निर्णायक के भूमिका में बुधेश्वर साहू, डोसराम बसंत, जगदीश मांझी, सुशील चौधरी, मनोज नायक, शंकर सिदार, तेजस्विनी बरिहा, रुपलता कुर्रे, शिमला चौहान, पुष्पलता साव, देवकी साहू, सतकुमारी चतुर्वेदी, बसंत साहू, प्रहलाद साहू, डोलामणी पटेल, जितेन्द्र नाग, सुखीराम बसंत, ज्वाला प्रसाद, गंगाधर प्रसाद द्विवेदी, टेमन साहू एवं अन्य शिक्षकों ने अपना दायित्व निर्वहन किया। मंच संचालन शरू से अंत तक डिजेन्द्र कुर्रे,गफ्फार खान एवं शंकर सिदार के द्वारा सफल संचालन किया गया।

उत्कृष्ट खेल प्रतियोगिता के लिए जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, जिला स्त्रोत समन्वयक रेखराज शर्मा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर कंवर, शरण दास, समन्वयक आरिफ बेग, नीलाबर नायक, गजेन्द्र नायक, वारिश कुमार, त्रिलोचन पटेल,सुरेश नन्द, संतराम बंजारा, त्रिकांत बाग, विजय घृतलहरे, सादराम अजय ने हर्ष व्यक्त कर बधाई दिए।

दर्रीपाली पड़ाव के पास तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से युवक की मौत, चालक पर अपराध दर्ज

दर्रीपाली पड़ाव के पास तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से युवक की मौत, चालक पर अपराध दर्ज

पटेवा। थाना पटेवा क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर दर्रीपाली पड़ाव के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद इनोवा कार चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मर्ग क्रमांक 06/2026 धारा 194 BNSS के अंतर्गत मृतक झालेन्द्र ध्रुवंशी पिता मोहन ध्रुवंशी (32 वर्ष) निवासी ग्राम समोदा, थाना आरंग, जिला रायपुर की मृत्यु की जांच की गई।

जांच में प्रत्यक्षदर्शी गवाह सुरेश कुमार धुरी, हेमंत मिर्धा, राजा ध्रुव एवं परिजन मीनाक्षी ध्रुवंशी, मोहन लाल ध्रुवंशी, नारायण प्रसाद ध्रुवंशी के कथन लिए गए। गवाहों ने बताया कि 14 जनवरी 2026 को रात करीब 10 बजे झालेन्द्र ध्रुवंशी अपने साथी सुरेश कुमार धुरी के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 6498 से ग्राम लखनपुर से समोदा जा रहे थे। दर्रीपाली पड़ाव के पास शौच के लिए सुरेश कुमार सड़क पार कर गया, जबकि झालेन्द्र सड़क किनारे खड़ा होकर उसका इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पटेवा की ओर से आ रही इनोवा कार क्रमांक CG 04 M 4329 के चालक ने तेज गति व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए झालेन्द्र को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में झालेन्द्र के सिर, बाएं पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। घायल अवस्था में उसे एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल तुमगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सड़क दुर्घटना से आई चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से उत्पन्न शॉक बताया गया है। संपूर्ण मर्ग जांच, प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथन एवं पीएम रिपोर्ट के आधार पर इनोवा कार चालक के विरुद्ध धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

तुमगांव / महासमुंद कोडार डेम हादसे के बाद रहस्यमयी तरीके से गायब हुई पल्सर बाइक, चोरी का मामला दर्ज

तुमगांव / महासमुंद कोडार डेम हादसे के बाद रहस्यमयी तरीके से गायब हुई पल्सर बाइक, चोरी का मामला दर्ज

तुमगांव / महासमुंद। दुर्ग जिले के नेहरू नगर स्मृतिनगर निवासी अखिल बघेल पिता मदन बघेल (30 वर्ष) की मोटरसाइकिल दुर्घटना के बाद चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। अखिल बघेल सेफ कुकिंग का काम करते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे अखिल बघेल दुर्ग से बागबाहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोडार डेम खल्लारी मंदिर के पास उनकी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CX 8285 अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे कुछ देर के लिए बेहोश हो गए।

बाद में जानकारी मिली कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें झलप स्थित कृष्णा केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद जब अखिल बघेल घटनास्थल पर पहुंचे तो उनकी मोटरसाइकिल वहां मौजूद नहीं थी। तबीयत खराब होने के कारण वे समय पर थाना रिपोर्ट नहीं कर पाए।

स्वस्थ होने के बाद 31 जनवरी 2026 को उन्होंने थाना तुमगांव पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, जिस पर मोटरसाइकिल चोरी का अपराध धारा 303(2) बीएनएस के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच एवं संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पिथौरा : धान नहीं बिकने से भड़के किसान, 50 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ तहसील घेराव आंदोलन मे बीजेपी नेता भी शामिल 

पिथौरा : धान नहीं बिकने से भड़के किसान, 50 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ तहसील घेराव आंदोलन मे बीजेपी नेता भी शामिल

पिथौरा।
समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी नहीं हो पाने से आक्रोशित ग्रामीण सेवा सहकारी समिति मर्यादित राजाडेरा के सैकड़ों किसानों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने धान से लदे 50 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान नगर क्षेत्र में लगभग आधा किलोमीटर तक ट्रैक्टरों की लंबी कतारें देखी गईं।

बताया गया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 30 जनवरी तक निर्धारित की गई थी, लेकिन मंडी समिति कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कई खरीदी केंद्रों में 1 दिसंबर के बाद ही खरीदी सुचारू हो सकी। वहीं सीमित आवक लिमिट के चलते राजाडेरा धान खरीदी केंद्र के 52 किसान पूरी तरह से समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित रह गए। इन किसानों का एक दाना भी सरकारी खरीदी में नहीं लिया गया। इसके अलावा करीब 99 किसान दूसरे चरण में खरीदी की आस लगाए बैठे रहे, लेकिन उन्हें भी निराशा हाथ लगी।

किसानों के अनुसार केवल राजाडेरा केंद्र में ही करीब 6 हजार क्विंटल धान की खरीदी नहीं हो सकी। किसानों का आरोप है कि उन्होंने कई बार खरीदी तिथि बढ़ाने और लिमिट हटाने की मांग की, लेकिन शासन-प्रशासन ने इस ओर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

तहसील कार्यालय पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर किसानों को रोक दिया, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। किसानों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, हालांकि एक तरफ से यातायात व्यवस्था चालू रखी गई।

इस आंदोलन में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कई नेता भी शामिल रहे। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता सादराम पटेल एवं प्रेमशंकर पटेल ने कहा कि वे पहले किसान हैं, बाद में राजनीतिक कार्यकर्ता। सादराम पटेल ने कहा कि जिन किसानों ने धान नहीं बेचा है, उन पर बैंक ऋण का भारी बोझ है और अब उसकी भरपाई कैसे होगी, यह सबसे बड़ा सवाल है।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि इस वर्ष प्रशासन द्वारा बार-बार दबाव बनाया गया और कुछ स्थानों पर घरों से धान जब्ती की कार्रवाई भी की गई, जिससे किसानों में भारी रोष है। इस दौरान किसानों ने “गांजा नहीं, हम धान उगाते हैं” जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।

बाद में तहसीलदार मनीषा देवांगन ने मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा की और उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। आंदोलन में अरण्ड, टेका, सोनासिल्ली, खुटेरी, कौहाकुड़ा, बरेकेल, पिथौरा, सुखीपाली, बगारपाली, राजाडेरा, जम्हर, खुशरूपाली, गोडबहाल, कोकोभाठा, छिबर्रा और कोचर्रा सहित आसपास के गांवों के किसान बड़ी संख्या में शामिल रहे।

इस दौरान एसडीएम बजरंग सिंह वर्मा और तहसीलदार लगातार उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा करते रहे। किसानों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनका धान समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदा जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पूरे छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के मामले में महासमुंद जिला प्रदेश में अव्वल रहा है, इसके बावजूद जिले के सैकड़ों किसानों का लाखों क्विंटल धान तिथि और लिमिट की वजह से नहीं बिक सका, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।

बयान
कलेक्टर, डीएमओ, मार्कफेड के अधिकारी, डीआरसीएच और सीसीपी नोडल को मामले की जानकारी दे दी गई है। यह उच्च स्तर पर निर्णय का विषय है। किसानों की मांगें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दी गई हैं।
— बजरंग सिंह वर्मा, एसडीएम पिथौरा

बसना–पिथौरा : बाघ की आमद से वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

बसना–पिथौरा : बाघ की आमद से वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
महासमुंद अभ्यारण्य क्षेत्र में निवासरत एकमात्र बाघ के पगचिह्न नहीं मिलने से वन विभाग को आशंका है कि बाघ रात्रि के समय अभ्यारण्य क्षेत्र से बाहर निकल चुका है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बाघ अर्जुनी रेंज से होते हुए पिथौरा ब्लॉक के बम्हनी रेंज की ओर बढ़ चुका है तथा आगे बसना के रंगमटिया रेंज की दिशा में जाने की संभावना जताई जा रही है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अर्जुनी रेंज से बाघ के आगे बढ़ने की आशंका को देखते हुए पिथौरा रेंज में 20 वनरक्षक एवं अधिकारी तथा बसना रेंज अंतर्गत ग्राम रंगमटिया, चनाट, ढालम एवं दलदली क्षेत्र की ओर 15 वनरक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार गश्त कर रहे हैं। साथ ही आसपास के गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

बसना वन परिक्षेत्र के रेंजर सुखराम निराला ने बताया कि देर रात लगभग शाम 7 बजे के बाद गांवों से बाहर निकलने पर प्रतिबंध की चेतावनी मुनादी के माध्यम से दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कल तक बम्हनी, रामटिया एवं गोमर्डी तीनों रेंज में बाघ की मूवमेंट थी, जबकि आज किसी अन्य स्थान पर बाघ दिखाई देने की जानकारी नहीं मिली है। इसी कारण तीनों दिशाओं में लगातार निगरानी की जा रही है।

ग्रामीणों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे रात के समय अकेले अथवा समूह में भी घरों से बाहर न निकलें। किसी भी स्थान पर बाघ दिखाई देने अथवा पगचिह्न मिलने की स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
बाघ की संभावित आवाजाही की जानकारी मिलने से पिथौरा क्षेत्र के बम्हनी तथा बसना क्षेत्र के रामटिया-रामभाठा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

बसना अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में 5 फरवरी को नेत्र एवं किडनी रोगों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ देंगे परामर्श

बसना अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में 5 फरवरी को नेत्र एवं किडनी रोगों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ देंगे परामर्श

बसना में नेत्र रोग विभाग डॉ. अंकुर सक्सेना का विशेष शिविर, 5 फरवरी को सुबह 11 बजे से शुरू होगी अत्याधुनिक मशीनों से जांच

बसना (जिला महासमुंद)। Agrawal Nursing Home Multispecialty Center द्वारा 05 फरवरी 2026 को नेत्र रोग विभाग का विशेष जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें कंप्यूटराइज्ड तकनीक से आंखों की जांच तथा चश्मे का नंबर निर्धारित किया जाएगा।

शिविर में मोतियाबिंद (Cataract), काला मोतिया/ग्लूकोमा, रेटिना संबंधी रोग, डायबिटिक रेटिनोपैथी, आंखों में चोट, कंप्यूटर विजन सिंड्रोम, नवजात एवं बच्चों की ROP स्क्रीनिंग, आंखों का रेडनेस, सूखापन, जलन, खुजली, नेत्रदान, कॉन्टेक्ट लेंस तथा आंखों से पानी आना, धुंधलापन या अंधेपन जैसी समस्याओं की जांच व परामर्श दिया जाएगा।

शिविर का संचालन डॉ. अंकुर सक्सेना (MBBS, MS – कॉर्निया स्पेशलिस्ट, अरविंद नेत्रालय, रायपुर) एवं उनकी टीम द्वारा किया जाएगा।

पंजीकरण के लिए इच्छुक मरीज 77730 86100, 84618 11000 अथवा 77708 68473 पर संपर्क कर सकते हैं।आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की ।

बसना में 5 फरवरी को दोपहर 03 बजे से 05 बजे तक किडनी रोग एवं प्रत्यारोपण ओपीडी शिविर, विशेषज्ञ डॉ. संदीप सिंघल देंगे परामर्श

बसना (जिला महासमुंद)। Ramakrishna Care Hospital एवं Agrawal Nursing Home Multispecialty Hospital के संयुक्त तत्वावधान में 05 फरवरी 2026, गुरुवार को बसना में गुर्दा रोग एवं किडनी प्रत्यारोपण से संबंधित जांच एवं परामर्श हेतु विशेष ओपीडी शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस शिविर में डॉ. संदीप सिंघल (MBBS, MD जनरल मेडिसिन, DNB नेफ्रोलॉजी – MPUH नडियाद), कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट एवं किडनी ट्रांसप्लांट फिजिशियन द्वारा मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया जाएगा।

शिविर का समय दोपहर 03 बजे से 05 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन स्थल अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना, जिला महासमुंद (छ.ग.) रहेगा।

शिविर में विशेष रूप से चेहरे व पैरों में सूजन, बार-बार पेशाब आना (विशेषकर रात में), कम उम्र में उच्च रक्तचाप, पेशाब कम आना, चलने पर सांस फूलना, जल्दी थक जाना, पेशाब में तकलीफ या रुक-रुक कर पेशाब आना जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की जाएगी। साथ ही मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग से ग्रसित मरीजों में होने वाली किडनी संबंधी परेशानियों पर भी परामर्श दिया जाएगा।

अधिक जानकारी व पंजीकरण के लिए 9303623130, 7773086100 एवं 7770868473 पर संपर्क किया जा सकता है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की

मीत ब्रदर्स की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ होगा सिरपुर महोत्सव का भव्य समापन

मीत ब्रदर्स की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ होगा सिरपुर महोत्सव का भव्य समापन

महासमुंद/ सिरपुर महोत्सव 2026 के अंतिम दिवस 3 फरवरी को संगीत, नृत्य और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। दिनभर विविध शास्त्रीय एवं लोक प्रस्तुतियों के पश्चात रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स, मुंबई अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

मीत ब्रदर्स, जिनके सुपरहिट गीतों ने देशभर के युवाओं और संगीत प्रेमियों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है, इस अवसर पर अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे। अपने “चल घर चलें मेरे हमदम, होंगे जुदा ना जब तक है दम”, “तेरे संग यारा, खुशरंग बहारा”, “आईना है तू, आईना मैं हूँ, तेरा ही चेहरा दिखता मुझमें” जैसे मधुर और भावनात्मक गीतों के साथ मीत ब्रदर्स की प्रस्तुति सिरपुर महोत्सव को यादगार बनाएगी।

इससे पूर्व दोपहर 2 बजे से विभिन्न कलाकारों द्वारा कत्थक, ओडिसी, पंथी, बस्तरिहा नृत्य, डंडा नृत्य एवं लोक प्रस्तुतियों का सिलसिला जारी रहेगा। शाम 4ः30 बजे से 5ः30 बजे तक समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात लोक साधना की प्रस्तुति होगी।