महासमुंद/अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा ने जन चौपाल में सुनी लोगों की मांग एवं समस्याएं

महासमुंद/अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा ने जन चौपाल में सुनी लोगों की मांग एवं समस्याएं

महासमुंद/ जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित होने वाले जन चौपाल में आज अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा ने जिले के आमजनों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनी और संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। आज जन चौपाल में कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए।

जन चौपाल में ग्राम रूमेकेल निवासी परसराम ध्रुव ने बैटरी चलित ट्राइसाइकिल हेतु आवेदन किए। इसी तरह ग्राम छपोराडीह के ग्रामवासियों ने ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि देने हेतु, ग्राम ढोड निवासी रोहित कुमार साहू विकलांगता को ध्यान में रखकर रोजगार दिलाने हेतु, ग्राम कोल्हा निवासी मीना साहू ने वारिसान पंजीयन हेतु, ग्राम कुसमी के ग्रामवासियों ने गांव के शासकीय चारागाह एवं घास जमीन से अतिक्रमण हटाने हेतु एवं ग्राम बरबसपुर निवासी चंद्र प्रकाश साहू ने पंजीयन धान सोसाइटी में बिक्री हेतु अतिरिक्त समय प्रदान करने हेतु आवेदन किए। इसके अलावा पीएम आवास, रकबा संशोधन, धान बिक्री, अवैध अतिक्रमण एवं दीनदयाल उपाध्याय योजना संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री आशीष कर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

महासमुंद/ पितावली राइस मिल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मिल को किया गया सील।

महासमुंद/ पितावली राइस मिल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मिल को किया गया सील।

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, पुलिस, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आज पितावली राइस मिल, महासमुंद में भौतिक सत्यापन की कार्रवाई की गई। सत्यापन के दौरान कई अनियमितता सामने आई। मंडी अभिलेखों के अनुसार खरीदा गया धान स्टॉक, राइस मिल परिसर में भौतिक सत्यापन के दौरान मेल नहीं पाया गया। इस गंभीर लापरवाही एवं नियम उल्लंघन को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राइस मिल को सील कर दिया।

खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पितावली राइस मिल, महासमुंद में की गई कार्रवाई के दौरान धान 26329 क्विंटल (65823 नग कट्टा) और चावल 1733.63 क्विंटल (3567 नग कट्टा) जब्त किया गया है। इसके अतिरिक्त मंडी द्वारा धान से भरे 04 वाहनों को भी जब्त कर थाना महासमुंद में अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

भंवरपुर/ रोहिना में जगह-जगह शान से लहराया तिरंगा, गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

भंवरपुर/ रोहिना में जगह-जगह शान से लहराया तिरंगा, गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

भंवरपुर/रोहिना। गणतंत्र दिवस का पर्व ग्राम रोहिना में बड़े ही उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय एवं सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।

शासकीय हाईस्कूल प्रांगण में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति अध्यक्ष नेपाल साहू, सहकारी समिति रोहिना में बनीतराम सिदार तथा ग्राम पंचायत कार्यालय में सरपंच धनुर्जय मरकाम द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात देशभक्ति गीतों एवं नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें हाईस्कूल की शालानायक कु. खुशबू यादव भारत माता तथा सांस्कृतिक सचिव कु. दिव्या राणा छत्तीसगढ़ महतारी की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र रहीं।

प्रभात फेरी के उपरांत शासकीय हाईस्कूल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला प्रबंधन एवं विकास समिति अध्यक्ष नेपाल साहू थे, जबकि अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य एके जायसवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच धनुर्जय मरकाम, उपसरपंच त्रिनाथ सेठ, सांसद प्रतिनिधि चुड़ामणी साहू, पूर्व सरपंच सुरेन्द्र सेठ, पूर्व उपसरपंच नरहरी साहू सहित पंचगण एवं पालक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ सराहा। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता के.के. साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य एके जायसवाल ने किया।

इस अवसर पर शिक्षकगण एल.के. पटेल, ए.के. पटेल, एस.के. पटेल, लिपिक हराधन चौधरी, लीला पटेल, कैलाश कमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे ग्राम में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

महासमुंद /सिरपुर महोत्सव की अंतिम तैयारी जोरों पर कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण

महासमुंद /सिरपुर महोत्सव की अंतिम तैयारी जोरों पर कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण

महासमुंद / प्रदेश के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर स्थल सिरपुर में 1, 2 और 3 फरवरी को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा हुआ है।

महोत्सव स्थल पर 105×350 फीट के विशाल डोम का निर्माण कार्य तेज़ी से जारी है, वहीं कलाकारों के लिए 60×30 फीट का भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। तीन दिनों में कुल 36 सांस्कृतिक, कला एवं मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देशभर के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर प्रतिदिन महानदी आरती का आयोजन किया जाएगा।

इंडियन आइडल फेम कलाकार देंगे रंगारंग प्रस्तुतियां

इस वर्ष सिरपुर महोत्सव में बाबा हंसराज रघुवंशी, बालीवुड प्लेबैक सिंगर मिथ ब्रदर्स, इंडियन आइडल फेम 10 के नितिन कुमार, इंडियन आइडल फेम 12 के नचिकेत लेले एवं वैशाली रायकवार अपनी गायन प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। साथ ही देशी कलाकारों और विदेशी मेहमानों की सहभागिता से महोत्सव का आकर्षण और बढ़ेगा।

लजीज व्यंजनों का फूड कोर्ट, 15 विभागीय स्टॉल

महोत्सव में आगंतुकों के लिए स्थानीय एवं पारंपरिक व्यंजनों से सजा फूड कोर्ट भी लगाया जाएगा, जहां क्षेत्र के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया जा सकेगा। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने हेतु 15 विभागीय स्टॉल भी स्थापित किए जाएंगे।

कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण

महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने आज शाम कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने प्रशासनिक टीम के साथ सिरपुर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान साडा के सीईओ श्री धम्म शील गणवीर, जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती अक्षा गुप्ता, तहसीलदार, सरपंच श्रीमती पुष्पा माली सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है

महासमुंद/कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने धान खरीदी केंद्र नर्सियापलम और बम्हनी पिथौरा का किया औचक निरीक्षण

महासमुंद/कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने धान खरीदी केंद्र नर्सियापलम और बम्हनी पिथौरा का किया औचक निरीक्षण

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा जिले में धान खरीदी कार्य को पारदर्शिता एवं सुचारू रूप से जारी रखने के लिए लगातार सघन दौरा किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने धान खरीदी केंद्र नर्सियापलम एवं बम्हनी पिथौरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उठाव की स्थिति, दैनिक खरीदी लक्ष्य एवं लंबित पंजीकृत किसानों की जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम पिथौरा श्री बजरंग वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री शुभम देव, समिति प्रबंधक, सहकारी समिति के कमर्चारी एवं कृषक गण मौजूद थे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने समिति प्रबंधको एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करते हुए धान खरीदी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी अपने-अपने केन्द्रों में भौतिक सत्यापन कर किसानों से शेष रकबा समर्पण के लिए प्रोत्साहित करें। केंद्रों पर समिति प्रबंधन सतत निगरानी बनाए रखे तथा अवैध धान विक्रय पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही धान की गुणवत्ता संबंधी आपत्तियों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जाए।

कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को निर्देश दिए कि धान खरीदी से संबंधित ऑनलाइन एंट्री उसी दिन पूर्ण की जाए, किसी भी स्थिति में लंबित न रखी जाए। खरीदी समाप्ति के साथ ही तत्काल समापन रिपोर्ट, भौतिक सत्यापन एवं अभिलेख मिलान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर कमीशन, अवैध वसूली या अनधिकृत रोक-टोक की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बसना/ सरस्वती शिशु मंदिर रसोड़ा में गणतंत्र दिवस व रजत जयंती पर भव्य रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

बसना/ सरस्वती शिशु मंदिर रसोड़ा में गणतंत्र दिवस व रजत जयंती पर भव्य रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

रसोड़ा। दिनांक 26 जनवरी, दिन सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर रसोड़ा विद्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस एवं विद्यालय के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती के शुभ अवसर पर भव्य रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कक्षा अरुण से लेकर अष्टम कक्षा तक के भैया-बहनों ने अति उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री मोक्ष प्रधान, जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 12 तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती विलासिनी प्रधान, जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 10 उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री धनुर्जय साहू, पूर्व संयोजक श्री लोकेश प्रधान, वर्तमान संयोजक श्री महादेव मेहर, संयोजक समिति के सभी सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

रजत जयंती के उपलक्ष्य में पूर्व संयोजक श्री लोकेश प्रधान एवं वर्तमान संयोजक श्री महादेव मेहर के नेतृत्व में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 4000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी।

कार्यक्रम की सफलता में सभी भैया-बहन, आचार्य-दीदी, पूर्व भैया-बहन, ग्रामवासी एवं पालक बंधुओं का विशेष योगदान रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अनुपमा साहू ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

पिथौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओवरब्रिज के पास अवैध शराब बेचते युवक को रंगे हाथ पकड़ा, 4140 एमएल शराब जब्त

पिथौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओवरब्रिज के पास अवैध शराब बेचते युवक को रंगे हाथ पकड़ा, 4140 एमएल शराब जब्त

पिथौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 4140 एमएल अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1960 रुपये बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक प्रदीप कुजुर थाना पिथौरा हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 946 एवं 469 के साथ दिनांक 26 जनवरी 2026 को गश्त पर रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तारणीश शुक्ला, निवासी लहरौद, ओवरब्रिज के आगे एनएच-53 रोड किनारे अवैध शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में रेड कार्रवाई की गई।

पुलिस को देखकर आरोपी थैला लेकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास एक सफेद प्लास्टिक थैले में 20 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल) कुल 3600 एमएल तथा 03 पौवा गोवा व्हिस्की (प्रत्येक 180 एमएल) कुल 540 एमएल शराब बरामद हुई।

आरोपी शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जिस पर पुलिस ने मौके पर शराब जब्त कर सीलबंद की तथा आरोपी के विरुद्ध धारा 34(1)क आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को जमानत मुचलका पर रिहा किया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पिथौरा /छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन पिथौरा इकाई के सर्वसम्मति से बने ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक राजा शुक्ला

पिथौरा /छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन पिथौरा इकाई के सर्वसम्मति से बने ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक राजा शुक्ला

राजेश जिला सचिव, पूनम जिला सलाहकार, राजा बाबू ब्लॉक सचिव एवं चंद्रशेखर मीडिया प्रभारी चुने गए विकास अग्रवाल दैनिक भास्कर पिथौरा नए सदस्य के रूप में आगमन हुआ छग पुलिस बल में चयन होने पर यूनियन परिवार के सुपुत्र को किया सम्मान

पिथौरा छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष अमित गौतम के निर्देश व जिलाध्यक्ष बलराज नायडू की सहमति पर छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन ब्लाक इकाई का पुनर्गठन की आवश्यक बैठक दिनांक 26 जनवरी को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित किया गया। बैठक में प्रमुख रूप से जिला पदाधिकारी बलराज नायडू जिला अध्यक्ष ,आनंद अग्रवाल जिला उपाध्यक्ष, गौरव चंद्राकर जिला सचिव,संतराम कुर्रे जिला संगठन सचिव,लोकनाथ खूंटे जिला सह सचिव, गोविंद शर्मा, संतोष गुप्ता, रमेश श्रीवास्तव जिला सलाहकार की मुख्य उपस्थिति में सर्वसम्मति अभिषेक राजा शुक्ला को पिथौरा ब्लाक अध्यक्ष मनोनीत किया गया तो वहीं

राजा बाबू उपाध्याय ब्लॉक सचिव, राजेश साव जिला सह सचिव, पूनम दास मानिकपुरी जिला सलाहकार ,चंद्रशेखर सिदार मीडिया प्रभारी के रूप में मनोनीत किया गया। इसके अलावा विकास अग्रवाल दैनिक भास्कर पिथौरा संवाददाता को यूनियन की नए सदस्यता ग्रहण कराई गई । तत्पश्चात संतराम कुर्रे जिला पदाधिकारी के सुपुत्र प्रकाश कुर्रे छत्तीसगढ़ पुलिस बल में चयन होने पर यूनियन परिवार ने प्रकाश को बधाई शुभकामनाएं प्रेषित कर संतराम को यूनियन के द्वारा सम्मान किया गया ।बैठक को जिलाध्यक्ष बलराज नायडू ने संबोधित करते हुए पत्रकार को एकजुट रहने की बात कहते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी

इस अवसर पर कीर्ति पांडे ब्लॉक उपाध्यक्ष,कमलेश डड़सेना ब्लॉक महा सचिव,राजकुमार अग्रवाल ब्लॉक कोषाध्यक्ष, बद्री प्रसाद दुबे,खगेश्वर साहू ब्लॉक मीडिया प्रभारी पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

महासमुंद जिले में अवैध धान पर सख्त कार्रवाई, 2250 कट्टा धान एवं धान से भरा एक ट्रक जब्त राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक एवं तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम पाया गया

महासमुंद जिले में अवैध धान पर सख्त कार्रवाई, 2250 कट्टा धान एवं धान से भरा एक ट्रक जब्त राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक एवं तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम पाया गया

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गत दिवस बागबाहरा एवं सरायपाली विकासखण्ड अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई में 2250 कट्टा अवैध धान एवं धान से भरा एक ट्रक जप्त किया गया तथा समिति सत्यापन के दौरान राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक एवं तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम पाया गया।

बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत धान उपार्जन कार्य में अनियमितताओं की जांच के तहत संयुक्त टीम द्वारा समितियों में भौतिक सत्यापन की कार्रवाई की गई। इस दौरान राजडेरा समिति में 2088 कट्टा धान अधिक पाया गया, वहीं तेंदूकोना समिति में 17069 कट्टा धान कम पाया जाना सामने आया है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार तेंदुकोना से भुरकोनी मार्ग पर लगभग 200 कट्टा धान का अवैध परिवहन करते हुए एक मिनी ट्रक पकड़ा गया। वाहन को नजदीकी बुंदेली चौकी के सुपुर्द किया गया। एक अन्य कार्रवाई में उड़ीसा से लाकर खेतों में छुपाकर रखे गए तथा समीप की बाड़ी में डंप किए गए लगभग 1000 कट्टा धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर थाना कोमाखान के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा टूहलू चेकपोस्ट के पास धान से भरा एक ट्रक पकड़ा गया, जिसे आगे की कार्यवाही हेतु टूहलू थाना को सुपुर्द किया गया।

सरायपाली विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम गिधामुंडा में बरतराम के गोदाम में निरीक्षण के दौरान 1400 कट्टा धान मौके पर पाया गया। जांच में 600 कट्टा धान का वारिसान पंजीयन प्रक्रियाधीन पाया गया, जबकि शेष 800 कट्टा धान अधिया का बताया गया, परंतु अधिया-रेघा से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया गया। उक्त 800 कट्टा धान को राजस्व एवं मंडी टीम द्वारा मौके पर ही जब्त किया गया। साथ ही सारंगढ़ घठौरा से नवागढ़ महासमुंद समिति की ओर अवैध रूप से धान परिवहन करते पाए जाने पर तीन ट्रैक्टरों में लदे 250 कट्टा धान जप्त किया गया। जिला प्रशासन ने निर्देशित किया है कि अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के मामलों में कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

महासमुंद/गणतंत्र दिवस पर पशुपालन विभाग की झांकी को मिला तृतीय स्थान

महासमुंद/गणतंत्र दिवस पर पशुपालन विभाग की झांकी को मिला तृतीय स्थान

महासमुंद/ एकीकृत पशुपालन को अपनाकर लघु एवं सीमांत कृषक अपनी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में निरंतर सुधार कर रहे हैं। इसी थीम को केंद्र में रखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आकर्षक एवं जीवंत झांकी का प्रदर्शन किया गया।

मैदानी अमलों के सुनियोजित एवं रणनीतिक प्रयासों तथा उप संचालक के कुशल मार्गदर्शन में विभागीय योजनाओं का लाभ जिले के पशुपालकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा रहा है। झांकी के माध्यम से एकीकृत पशुपालन की वैज्ञानिक पद्धतियों को प्रदर्शित किया गया, जिसमें कम स्थान में वर्षभर दूध, अंडा एवं मांस उत्पादन कर कृषकों द्वारा कृषि के साथ-साथ आय के पूरक स्रोत विकसित करने का संदेश दिया गया।

झांकी में गिर एवं साहीवाल नस्ल की गायों के साथ असील, कड़कनाथ, सोनाली मुर्गी, जापानी बटेर, जमुनापारी बकरा एवं खाखी कैम्पवेल बत्तख का प्रदर्शन किया गया। साथ ही पशुओं के लिए उपयोगी हरे चारे जैसे सुपर नेपीयर, जई एवं बरसीम को भी दर्शाया गया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

निर्णायक समिति द्वारा पशुपालन विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। इस अवसर पर विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए डॉ. उपासना साहू, डॉ. अर्चना एवलिन केरकेट्टा वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, श्री एल.एल. साहू, श्री प्रकाश पण्डा सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, श्रीमती लता टण्डन एवं श्रीमती चित्रलेखा पटेल परिचारक को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।