Live साल का आखिरी चंद्रग्रहण शुरू, भारत में 3 घंटे 28 मिनट तक दिखेगा ब्लड मून अगला मौका इतने साल बाद82 मिनट तक चांद लाल-नारंगी रंग का नजर आएगा, एशिया और ऑस्ट्रेलिया में सबसे सुंदर नजारा
नई दिल्ली। साल का दूसरा और आखिरी चंद्रग्रहण रविवार रात से शुरू हो गया है। यह पूर्ण चंद्रग्रहण (ब्लड मून) है, जिसे भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में देखा जा रहा है। भारत में यह ग्रहण रात 9:56 बजे से शुरू होकर 3 घंटे 28 मिनट तक चलेगा। इसमें से 82 मिनट तक पूर्ण चंद्रग्रहण रहेगा, जब चांद लाल-नारंगी रंग का नजर आएगा।
#WATCH | Guwahati, Assam | The partial phase of the Total #LunarEclipse begins pic.twitter.com/Q5vCFfuZhR
— ANI (@ANI) September 7, 2025
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह 2022 के बाद भारत से दिखाई देने वाला सबसे लंबा पूर्ण चंद्रग्रहण है। इससे पहले 27 जुलाई 2018 को ऐसा नजारा दिखा था। इस दौरान पृथ्वी सूर्य और चांद के बीच आ जाएगी, जिससे सूर्य की किरणें सीधे चांद तक नहीं पहुंच पाएंगी और उसकी छाया चांद पर पड़ जाएगी। यही स्थिति ‘ब्लड मून’ कहलाती है।

ग्रहण को देश के हर हिस्से से देखा जा सकता है। इसके लिए किसी विशेष चश्मे या फिल्टर की आवश्यकता नहीं है। नंगी आंखों से भी सुरक्षित रूप से ग्रहण देखा जा सकता है, जबकि दूरबीन और टेलिस्कोप से और स्पष्ट नजारा मिलेगा।

दुनिया के कई हिस्सों में भी दिखेगा
ग्रहण भारत के अलावा एशिया, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के कई हिस्सों में भी नजर आ रहा है। एशिया और ऑस्ट्रेलिया में इसका दृश्य सबसे शानदार होगा, क्योंकि वहां ग्रहण के समय चांद आसमान में ऊंचाई पर होगा। वहीं यूरोप और अफ्रीका में लोग इसे सीमित समय के लिए देख पाएंगे।
भारत के अलग-अलग शहरों से नजारा
चेन्नई और हैदराबाद में ग्रहण की शुरुआत दिखाई दी।
जयपुर में चांद बादलों में छिपा रहा।
दिल्ली और कोलकाता में ऐतिहासिक स्थलों के पीछे ब्लड मून का मनमोहक दृश्य दिखा।
बेंगलुरु और लखनऊ के प्लेनेटेरियम और साइंस सिटी में बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचे।
अगला मौका 2028 में
विशेषज्ञों का कहना है कि अगला पूर्ण चंद्रग्रहण भारत में 2028 में दिखाई देगा। इस खगोलीय घटना को देखने के लिए लोगों में भारी उत्साह है और खगोल विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए यह एक खास अवसर माना जा रहा है।