महासमुंद/राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत 33 चालानी कार्रवाई

महासमुंद/राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत 33 चालानी कार्रवाई

महासमुंद/ राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आज जिला स्तर पर तम्बाकू नियंत्रण को लेकर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू घृतलहरे के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी एनटीसीपी डॉ. छत्रपाल चंद्राकर के सहयोग से की गई।

संयुक्त प्रवर्तन दल द्वारा जिला चिकित्सालय खरोरा के समीप स्थित तम्बाकू विक्रय करने वाली दुकानों के साथ-साथ पिटियाझर एवं कुम्हारपारा क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कोटपा एक्ट 2003 (सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम, 2003) के तहत कार्रवाई की।

औषधि निरीक्षक श्रीमती प्रियंका दीवान द्वारा कोटपा एक्ट 2003 की धारा 04 (सार्वजनिक स्थानों में धूम्रपान पर प्रतिबंध), धारा 06(अ) (नाबालिगों को तम्बाकू उत्पाद की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध) तथा धारा 06(ब) (शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तम्बाकू उत्पाद की बिक्री पर प्रतिबंध) के उल्लंघन पर कुल 33 चालान काटे गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस विभाग से आरक्षक श्री हेमलाल निषाद का विशेष सहयोग रहा।

सरायपाली/ अवैध धान परिवहन पर सख्त कार्रवाई, तीन अलग-अलग मामलों में कुल 1420 कट्टा धान जब्त

सरायपाली/ अवैध धान परिवहन पर सख्त कार्रवाई, तीन अलग-अलग मामलों में कुल 1420 कट्टा धान जब्त

सरायपाली/ महासमुंद जिले में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार अवैध धान परिवहन के विरुद्ध सतत कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आज विकासखण्ड सरायपाली एवं बागबाहरा क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1420 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

विकासखण्ड सरायपाली अंतर्गत एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा ओड़िशा राज्य से अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए कोचिया विद्या मिरि के पिकअप वाहन को पकड़ा गया। वाहन में कुल 70 कट्टा धान लोड था। मौके पर धान सहित वाहन को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई हेतु थाना सिंघोड़ा को सुपुर्द किया गया। वहीं बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत एसडीएम श्रीमती नमिता मारकोले के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा ग्राम छुईहा में अवैध धान परिवहन के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। पहले मामले में एक ट्रक को रोककर जांच की गई, जिसमें लगभग 600 कट्टा धान अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया।

धान को जब्त कर नियमानुसार मंडी के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा ग्राम छुईहा में ही दूसरी कार्रवाई करते हुए एक अन्य वाहन से लगभग 750 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। इस धान को भी मंडी के सुपुर्द करते हुए आगे की वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई। जिला प्रशासन ने निर्देशित किया है कि जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।

30 किलो गांजा के साथ 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार कोमाखान पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई

30 किलो गांजा के साथ 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार कोमाखान पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई

महासमुंद थाना कोमाखान एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 30 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है, जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशानुसार जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 09 जनवरी 2026 को एंटी नारकोटिक्स एवं थाना कोमाखान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा महासमुंद के रास्ते हरियाणा की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना पर टीम द्वारा टेमरी नाका के पास बैरिकेटिंग कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सफेद रंग की टोयोटा कार क्रमांक DL 10 CE 1640 को रोका गया। वाहन में सवार तीनों व्यक्ति संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए, जिस पर वाहन की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की में सफेद प्लास्टिक की तीन बोरियों में कुल 30 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के भवानी पटना से लाकर हरियाणा के रोहतक जिले स्थित सीसरखास ले जाना स्वीकार किया।

जब्ती विवरण

30 किलो गांजा – कीमत लगभग ₹15,00,000

टोयोटा कार – कीमत ₹3,00,000

05 मोबाइल फोन – कीमत ₹37,000

कुल जप्ती मूल्य – ₹18,37,000

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

विकास सिंह, पिता दलबीर सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी सीसरखास, थाना महम, जिला रोहतक (हरियाणा)

प्रमोद माहोर, पिता मूलचंद माहोर, उम्र 28 वर्ष, निवासी सोनारोवाला जोहाड़ सिटी, थाना भिवानी, हरियाणा

प्रशांत डागा, पिता सतीश डागा, उम्र 24 वर्ष, निवासी ईशापुर, थाना जाफरपुर नजफगढ़, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

महासमुंद/आर.बी.सी. 6-4 के तहत 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

महासमुंद/आर.बी.सी. 6-4 के तहत 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा से मृत्यु होने पर 4 मृतकों के निकटतम वारिसान के लिए चार लाख रुपए के मान से कुल 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। इनमें पानी में डूबने से मृत्यु होने पर महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम छिलपावन के मृतक श्री देवनारायण पटेल की पत्नी श्रीमती चंद्रिका पटेल के लिए एवं बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम हरनादादर के मृतक श्री तामरस खुटे की पत्नी श्रीमती किरण खुटे के लिए आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

इसी तरह सर्पदंश से मृत्यु होने पर पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम गड़बेड़ा के मृतक श्री कमलेश खड़िया के पिता श्री सादराम उर्फ साधराम खड़िया के लिए तथा पेड़ डंगाल से सिर पर चोट लगने से मृत्यु होने पर मृतक श्री शिवनारायण चतुर्वेदी की पत्नी श्रीमती पद्मा चतुर्वेदी के लिए चार-चार लाख रुपए आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

महासमुंद/पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ लेने हेतु शेष किसानों को फार्मर आईडी बनवाने की अपील

महासमुंद/पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ लेने हेतु शेष किसानों को फार्मर आईडी बनवाने की अपील

महासमुंद/ जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत कुल 1 लाख 30 हजार 367 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 1 लाख 3 हजार 983 किसानों द्वारा फार्मर आईडी बनवा ली गई है तथा 26 हजार 384 किसानों की फार्मर आईडी बनना शेष है।

उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप ने बताया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्त का लाभ नहीं मिल पाएगा। इसे गंभीरता से लेते हुए शेष सभी हितग्राही किसानों से शीघ्र फार्मर आईडी बनवाने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है, वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर फार्मर आईडी बनवा सकते हैं। इसके पश्चात बी-1 पर्ची की प्रति, आधार कार्ड की प्रति सहित आवश्यक दस्तावेज सत्यापन के लिए संबंधित पटवारी के पास जमा कर फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया पूर्ण कराना अनिवार्य होगा।

उन्होंने वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को अधीनस्थ मैदानी अमला के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं तथा फार्मर आईडी से वंचित किसानों से सीधे संपर्क कर उन्हें जागरूक करने कहा गया है।

कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 किलो गांजा सहित दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 किलो गांजा सहित दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

थाना कोमाखान में पदस्थ निरीक्षक महेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 08 जनवरी 2026 को टेमरी नाका क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 5 किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा राज्य से छत्तीसगढ़ की ओर एक लाल-काले रंग की HF डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 DR 1169) में दो व्यक्ति गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टेमरी नाका पर घेराबंदी की गई।

कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया, जिसमें चालक ने अपना नाम श्रवण कुमार मेहर (42 वर्ष) एवं पीछे बैठे व्यक्ति ने रोहित कुमार मेहर (23 वर्ष), दोनों निवासी चिचईगढ़ थाना जुनागढ़ जिला कालाहांडी (ओडिशा) बताया। पूछताछ में दोनों ने ओडिशा के भवानीपटना से गांजा लेकर तिल्दा-रायपुर ले जाना स्वीकार किया।

कानूनी प्रक्रिया के तहत धारा 50 एनडीपीएस एक्ट की सूचना देकर तलाशी ली गई, जिसमें मोटरसाइकिल के बीच रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल 5 किलोग्राम नमी युक्त गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके से गांजा, मोटरसाइकिल तथा दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जप्त किए। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख 76 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दी गई। मौके पर नजरी नक्शा तैयार कर आगे की विवेचना की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सतर्कता की सराहना की जा रही है।

पिथौरा पुलिस की कार्रवाई, 6 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

पिथौरा पुलिस की कार्रवाई, 6 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

पिथौरा | थाना पिथौरा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गडबेडा निवासी संतराम बघेल को 6 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

थाना पिथौरा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक बिसालीराम ध्रुव को मुखबीर से सूचना मिली थी कि ग्राम गडबेडा में संतराम बघेल अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री हेतु रखे हुए है। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम आरक्षक 545, 661 तथा वाहन चालक आरक्षक 203 के साथ गवाह राजाराम रात्रे एवं नेतु बंजारे को साथ लेकर मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी संतराम बघेल पिता चंद्रिका प्रसाद बघेल उम्र 34 वर्ष को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक थैले में रखी 5 लीटर की प्लास्टिक जरीकेन तथा 1 लीटर की प्लास्टिक बोतल में कुल 6 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1200 रुपये बताई गई है।

आरोपी द्वारा शराब रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर सीलबंद किया। आरोपी का कृत्य अपराध पाए जाने पर उसे दिनांक 08 जनवरी 2026 को सुबह 11:10 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण अजमानतीय होने से गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई।

मौके पर ही बिना नंबरी देहाती नालसी दर्ज कर थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 0/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।

पिथौरा पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।

पिथौरा/नदी चरौदा पंचायत में सरपंच द्वारा फर्जी बिल-वाउचर से 6.25 लाख रुपये आहरण का आरोप, पंचों ने की जांच की मांग

पिथौरा/नदी चरौदा पंचायत में सरपंच द्वारा फर्जी बिल-वाउचर से 6.25 लाख रुपये आहरण का आरोप, पंचों ने की जांच की मांग

पिथौरा। जनपद पंचायत पिथौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत नदी चरौदा में पंचायत निधि के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम के पंचों द्वारा विकासखंड अधिकारी पिथौरा को लिखित शिकायत सौंपते हुए वर्तमान सरपंच धनेश ध्रुव पर फर्जी बिल-वाउचर बनाकर लगभग 6 लाख 25 हजार 328 रुपये की राशि आहरित करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में पंचों ने बताया कि ग्राम पंचायत में बिना पंचायत की स्वीकृति एवं जानकारी के विभिन्न मदों में कार्य दर्शाकर भुगतान किया गया। जबकि कई कार्य वास्तविक रूप से किए ही नहीं गए। पंचों के अनुसार बोर खनन, बोर सफाई, मोटर बोरिंग, पाइप निकासी, पंचर, अलमारी, कुर्सी, किराना सामान, फोटो कॉपी, प्रिंटिंग, स्टेशनरी, भवन लेखन, स्वच्छ आहार व्यवस्था सामग्री, मूर्तिकरण सहित अन्य मदों में भारी राशि खर्च दर्शाई गई है।

पंचों का कहना है कि पंचायत बैठक में जब इस राशि के उपयोग की जानकारी मांगी गई, तब मामला सामने आया। आरोप है कि पंचायत के अभिलेखों में जिन कार्यों को पूर्ण बताया गया है, वे कार्य स्थल पर दिखाई नहीं देते। इससे फर्जीवाड़े की आशंका और गहरी हो गई है।

ग्राम पंचों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत नदी चरौदा में कराए गए सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा बिल-वाउचर के माध्यम से निकाली गई राशि की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

मामले को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है और सभी की निगाहें अब प्रशासनिक जांच पर टिकी हुई हैं।

बसना/भंवरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

बसना/भंवरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

बसना/भंवरपुर चौकी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मुंगाडीह मजार डोंगरी से 20 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी भंवरपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजेश कुमार सोनी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम मुंगाडीह मजार डोंगरी में अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल पंचनामा तैयार कर गवाहों को साथ लेकर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम हेतराम भारद्वाज पिता गणेश राम भारद्वाज उम्र 57 वर्ष निवासी मुंगाडीह बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 20 लीटर की सफेद प्लास्टिक बाल्टी में करीब 15 लीटर महुआ शराब तथा एक 5 लीटर की पीली जरीकेन में करीब 5 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। कुल 20 लीटर शराब की कीमत लगभग 4000 रुपये आंकी गई है।

आरोपी के पास शराब रखने एवं बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया। पुलिस ने शराब को जप्त कर सीलबंद किया तथा आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

भंवरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

सरायपाली/ बसों में अग्निशमन यंत्रों और सुरक्षा उपायों की विशेष जांच 

सरायपाली/ बसों में अग्निशमन यंत्रों और सुरक्षा उपायों की विशेष जांच

सरायपाली/यात्रियों की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है ।पिछले कुछ समय से विभिन्न स्थानों में विशेषकर पर्यटक परमिट में चलने वाले यात्री बसों में सड़क दुर्घटनाओं में भारी इजाफा हुआ है जिसमे जान माल की अत्यधिक हानि हुआ है।ऐसी बसों में दुर्घटनाओं को कम करने और उससे होने वाले नुकसान को कम करने के लिए खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट में बसों में लगे सुरक्षा उपायों विशेषकर अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी, आपातकालीन दरवाजों की जांच की जा रही है ।

बसों में रखे गए अग्निशमन यंत्रों की वैधता की जांच की गई। आपातकालीन दरवाजों को खोलने बंद करने के बारे में चालक परिचालको को बताया जा रहा है और उनसे ही खोलना बंद करना कराया जाकर जानकारी दी जा रही है, बसों में प्राथमिक उपचार पेटी और उसमे रखे चिकित्सा सामग्री की जांच की जा रही है ।

यात्रियों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने चेकपोस्ट से गुजरने वाले सभी वाहनो को यातायात नियमों का पालन करने ,सुरक्षित गति से वाहन चलाने के बारे में जागरूक किया जा रहा है ।चालको से अपील की जा रही है कि ख़ुद भी वाहन निर्धारित गति से चलाए और अपने साथियों को भी प्रेरित करें ।निर्धारित मानदंडों को पूरा न करने सुरक्षा उपायों में ख़ामी पाए जाने पर लगभग 30 बसों में कार्यवाही की गई ।

ये कार्यवाही पूरे माह भर लगातार जारी रहेगी। सभी वाहन चालकों बस संचालकों को इस बारे में सूचित किया जा रहा है कि अपने बसों में सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण आपातकालीन दरवाजे दुरुस्त करवा ले। प्रभारी चेकपोस्ट खम्हारपाली