सिंघोड़ा थाना:-ओडिशा से पंजाब जा रहा था 18 किलो गांजा, सिंघोड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

महासमुंद। सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 किलोग्राम गांजा, दो जुपीटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹11 लाख 15 हजार की संपत्ति जब्त की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹9 लाख बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को सिंघोड़ा थाना पुलिस टीम अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों की पतासाजी के लिए ग्राम मुरमुरी की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो जुपीटर स्कूटी में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने NH-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की।

कुछ देर बाद पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार OD15AG0972 नंबर की ग्रे स्काई रंग की जुपीटर को रोका। चालक ने पूछताछ में अपना नाम दीपक कुमार साहनी (31), निवासी नया टोला भांडवा, थाना जादूपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) बताया। पूछताछ के दौरान उसने पीछे आ रही दूसरी जुपीटर CG04RB3286 में गांजा होने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने दूसरी जुपीटर को भी रोककर चालक विशाल साह (23), निवासी चुरामन पट्टी नयाटोला, थाना नौतन, जिला पश्चिम चंपारण-बेतिया (बिहार) को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में विशाल ने बताया कि वह दो दिन पहले गांजा लेने ओडिशा गया था और गांजा लेकर पंजाब जा रहा था।

 तीन पैकेट में मिला 18 किलो गांजा पुलिस ने जुपीटर की तलाशी ली तो बीच में रखे सफेद प्लास्टिक थैले में दो पैकेट तथा डिक्की में एक पैकेट मिला। भूरे रंग के टेप से पैक किए गए तीनों पैकेटों का वजन करने पर प्रत्येक में करीब 6-6 किलोग्राम, कुल 18 किलोग्राम नमी युक्त गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए गांजे की पहचान, तौल एवं सीलबंदी की कार्रवाई की। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया

स्कूटी-मोबाइल समेत ₹11.15 लाख की संपत्ति जब्त,कार्रवाई में पुलिस ने विशाल साह के कब्जे से गांजे के साथ जुपीटर स्कूटी CG04RB3286 कीमत ₹1 लाख और सैमसंग मोबाइल कीमत ₹5 हजार जब्त किया। वहीं दीपक कुमार साहनी से गांजा परिवहन में पायलटिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही जुपीटर स्कूटी OD15AG0972 कीमत ₹1 लाख और विवो मोबाइल कीमत ₹10 हजार बरामद किया गया।

इस तरह पुलिस ने 18 किलो गांजा (₹9 लाख), दो जुपीटर स्कूटी (₹2 लाख) और दो मोबाइल (₹15 हजार) सहित कुल ₹11 लाख 15 हजार की संपत्ति जब्त की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(B), 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। कार्रवाई सउनि नीलाम्बर सिंह नेताम, थाना सिंघोड़ा के नेतृत्व में की गई।

CG/ खुलेंगे 354 नए धान खरीदी केंद्र, की सूची जारी महासमुंद जिले को मिले 20 केंद्र डोंगरगांव उमरिया बगई जोर शामिल मुख्यमंत्री साय ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को गांव-गांव पहुंचाने का किया आह्वान पढ़े पूरी सूची

CG/ खुलेंगे 354 नए धान खरीदी केंद्र, की सूची जारी महासमुंद जिले को मिले 14 केंद्र डोंगरगांव उमरिया बगई जोर शामिल मुख्यमंत्री साय ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को गांव-गांव पहुंचाने का किया आह्वान पढ़े पूरी सूची

रायपुर/महासमुंद। किसानों को धान खरीदी के लिए अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 354 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में आयोजित पार्टी के किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री साय ने किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए नए खरीदी केंद्र शुरू किए जा रहे हैं।

महासमुंद जिले में 20 नए धान खरीदी केंद्र

किसानों की सुविधा के लिए महासमुंद जिले में 20 नए धान उपार्जन केन्द्रों को मिली अनुमति
 

महासमुंद 01 सितम्बर 2026/ राज्य शासन ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 एवं आगामी खरीफ विपणन वर्षों के लिए महासमुंद जिले में 20 नवीन धान उपार्जन केन्द्र खोले जाने की अनुमति प्रदान की है। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा आदेश जारी किया गया है।
किसानों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुरूप कलेक्टर के माध्यम से भेजे गए प्रस्ताव के तहत राज्य शासन द्वारा महासमुंद जिले के डोंगरगांव, झिटकी, बोईरगांव, कलमीदादर, कौसरा, नवागांवकला, बरोली, मुनगाडीह, कोसमपाली, कायतापाली, दुर्गापाली, उमरिया, बगाईजोर, मोहका, संतपाली, गिधली, जम्हर, किसड़ी, तुरेंगा एवं सिनोधा में नवीन धान उपार्जन केन्द्र खोले जाने की अनुमति प्रदान की गई है। नवीन धान उपार्जन केन्द्रों की स्थापना से संबंधित क्षेत्रों के किसानों को अपने गांव अथवा आसपास के क्षेत्र में धान विक्रय की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को दूरस्थ उपार्जन केन्द्रों तक धान ले जाने की परेशानी से राहत मिलेगी तथा परिवहन में लगने वाले समय और खर्च की भी बचत होगी।

इन नए केंद्रों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्र के किसानों को अपनी धान की उपज बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी कम होगी। स्थानीय स्तर पर खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से किसानों को समय और परिवहन दोनों में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

खरीदी केंद्रों में होंगी आवश्यक व्यवस्थाएं

नवीन धान खरीदी केंद्रों के संचालन के लिए आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर धान के सुरक्षित रख-रखाव के लिए पर्याप्त स्थान, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी, नमी मापने के उपकरण तथा किसानों के बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

इसके साथ ही केंद्रों तक पहुंचने के लिए समुचित मार्ग, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। धान बिक्री के लिए संबंधित केंद्रों से जुड़े निकटस्थ ग्रामों का निर्धारण भी किया जाएगा।

प्रदेश में 354 और महासमुंद जिले में 14 नए धान खरीदी केंद्र खुलने से आगामी धान खरीदी सीजन में किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक विकल्प और नजदीकी सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

 

 

बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

 महासमुंद/बसना, 31 अगस्त 2026। थाना बसना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सिरको जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास एक व्यक्ति को 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,000 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिरको मार्ग स्थित पुलिया के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों खेमराज महंती एवं प्रमोद कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

मौके पर मिले व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम राकेश तांडी (42 वर्ष), निवासी ग्राम सिरको, थाना बसना, जिला महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे प्लास्टिक थैले से 5-5 लीटर क्षमता वाली दो जरकीनों में कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस ने शराब को जब्त कर सीलबंद किया तथा आरोपी के पास शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं पाए जाने पर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में मप्रआर 221 हेमाद्री देवता एवं आरक्षक 551 संजीव सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

सरायपाली में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा का लाभ, ओम हॉस्पिटल में उपलब्ध हैं डॉ. महावीर अग्रवाल

 सरायपाली। क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ओम हॉस्पिटल, सरायपाली में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. महावीर अग्रवाल (MBBS, MD-Medicine) की सेवाएं उपलब्ध हैं। डॉ. अग्रवाल अस्पताल में प्रतिदिन मरीजों की जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श देते हैं।

सुबह 10 से दोपहर 2 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक मरीज डॉक्टर से परामर्श ले सकते हैं। अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यहां सर्दी-खांसी, बुखार, हाई बीपी, थायराइड, डायबिटीज, निमोनिया, अस्थमा/सीओपीडी, एनीमिया, पीलिया, पेट दर्द, किडनी एवं हृदय संबंधी बीमारी, जोड़ों का दर्द, रूमेटाइड गठिया, हाथ-पैरों में दर्द व सूजन, चेहरे पर सूजन तथा छाती में दर्द और सांस फूलने जैसी समस्याओं के उपचार की सुविधा उपलब्ध है।

आयुष्मान सहित विभिन्न कार्डों से निःशुल्क इलाज

ओम हॉस्पिटल में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड एवं बीपीएल कार्ड के माध्यम से पात्र मरीजों को निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। साथ ही प्रत्येक गुरुवार निःशुल्क परामर्श की सुविधा भी रखी गई है।

सरायपाली में सुविधाजनक स्थान पर अस्पताल

ओम हॉस्पिटल स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय के पास, नेशनल हाईवे, सरायपाली (छत्तीसगढ़) में स्थित है। अस्पताल से संपर्क के लिए 07725-299360 एवं 83700-08558 नंबर पर जानकारी ली जा सकती है।

 

छत्तीसगढ़ ने मजबूत की देश के महत्वपूर्ण खनिज पारिस्थितिकी तंत्र में अपनी भूमिका

रायपुर। खान मंत्रालय द्वारा मंगलवार को रायपुर में महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी की 8वीं श्रृंखला को लेकर रोड शो आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे, आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, सीएमडीसी के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और अन्य हितधारक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के समृद्ध खनिज संसाधनों और देश के खनन एवं औद्योगिक विकास में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने खनिज संसाधनों के त्वरित विकास, अधिक निवेश और केंद्र-राज्य के बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को राज्य सरकार की ओर से निवेश सुगम बनाने तथा सतत खनिज विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

 कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिजों को भारत के आर्थिक विकास, औद्योगिक प्रगति, स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण और उभरती प्रौद्योगिकियों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने खनिजों की खोज एवं विकास में तेजी लाने तथा उद्योग और निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खनिज मूल्य श्रृंखला में घरेलू क्षमताओं को मजबूत करना भारत की खनिज सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के लिए महत्वपूर्ण है।आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ के मजबूत खनन एवं औद्योगिक आधार का उल्लेख करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों में निवेश से नए औद्योगिक विकास केंद्र विकसित होंगे, अवसंरचना मजबूत होगी और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार एवं नए अवसर पैदा होंगे।

सीएमडीसी के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह ने निवेशकों से छत्तीसगढ़ की खनिज क्षमता का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने तेज परिचालन, पारदर्शी खनन प्रक्रियाओं और प्रौद्योगिकी आधारित खनिज निगरानी के लिए राज्य की पहलों की जानकारी दी। उन्होंने आदिवासी टिन संग्राहकों को पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाने के लिए टिन पोर्टल तथा टिन-युक्त संसाधनों से कोलंबाइट जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की खोज संबंधी पहलों का भी उल्लेख किया। खान मंत्रालय के सचिव श्री केशव चंद्र ने बताया कि नीतिगत सुधारों, पारदर्शी नीलामी और तेज परिचालन से भारत का महत्वपूर्ण खनिज पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत हुआ है। अब तक प्रस्तुत 88 महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिज ब्लॉकों में से 56 की सफलतापूर्वक नीलामी की जा चुकी है।

 

उन्होंने बताया कि नीलामी की 8वीं श्रृंखला में नौ राज्यों में फैले 20 ब्लॉक शामिल हैं। इनमें 17 समग्र लाइसेंस और 3 खनन पट्टा ब्लॉक हैं। इन ब्लॉकों में ग्रेफाइट, दुर्लभ मृदा तत्व, दुर्लभ धातु, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम, टंगस्टन, पोटाश, फॉस्फोराइट और ग्लॉकोनाइट जैसे खनिज शामिल हैं। इनमें पांच ब्लॉक छत्तीसगढ़ में स्थित हैं। तकनीकी सत्र में एनएमईडीटी के महानिदेशक श्री पंकज गर्ग ने समग्र लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से संबंधित योजना की जानकारी दी। इसके बाद एमईसीएल के एचओडी (अन्वेषण) श्री श्रीकांत शर्मा ने खनिज ब्लॉकों और उनकी संभावनाओं, एसबीआईसीएपीएस के सहायक उपाध्यक्ष श्री प्रतिन शर्मा ने खनिज नीलामी प्रक्रिया एवं निविदा दस्तावेज तथा एमएसटीसी के सहायक प्रबंधक श्री पुष्कर हजेला ने ई-नीलामी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। रोड शो के दौरान संभावित बोलीदाताओं के साथ संवाद भी हुआ। उनके प्रश्नों का समाधान करते हुए नीलामी प्रक्रिया और अन्य संबंधित पहलुओं पर आवश्यक स्पष्टीकरण दिए गए।

 

आवंटित ब्लॉकों के शीघ्र परिचालन पर हुई समीक्षा रोड शो के बाद खान मंत्रालय के सचिव श्री केशव चंद्र की अध्यक्षता में खनिज ब्लॉक आवंटियों और पसंदीदा बोलीदाताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवंटित ब्लॉकों के शीघ्र परिचालन की प्रगति की समीक्षा की गई तथा प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा कर उनके समयबद्ध समाधान के लिए मार्गदर्शन दिया गया।बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों ने परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इससे तेज परियोजना क्रियान्वयन, घरेलू खनिज उत्पादन में वृद्धि और देश की महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने की दिशा में समन्वित प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।

CG/ ऑनलाइन होगी रेत की मांग और स्वीकृति की प्रक्रिया, पीएम आवास हितग्राहियों को अब मिलेगी निःशुल्क रेत, मुख्यमंत्री ने ‘ई-रेत संगवारी’ पोर्टल का किया शुभारंभ

  

 

रायपुर, 31 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोमवार को नया रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क रेत उपलब्ध कराने के लिए ‘ई-रेत संगवारी’ पोर्टल का शुभारंभ किया। राज्य सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकानों के निर्माण में हितग्राहियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ऑनलाइन और पारदर्शी होगी पूरी व्यवस्था ‘ई-रेत संगवारी’ पोर्टल के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क रेत उपलब्ध कराई जाएगी। रेत की मांग से लेकर स्वीकृति और उपलब्धता तक की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के साथ हितग्राहियों को रेत के लिए अनावश्यक भागदौड़ से भी राहत मिलेगी।

निर्माण लागत कम करने में मिलेगी मदद ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण संचालित की जा रही है। मकान निर्माण में रेत महत्वपूर्ण निर्माण सामग्री है और इसकी लागत भी हितग्राहियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल सकती है। ऐसे में पात्र परिवारों को निःशुल्क रेत उपलब्ध कराने से निर्माण खर्च कम करने में मदद मिलेगी और मकान निर्माण की प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।

आवास योजना के साथ निर्माण सामग्री की सुविधा

 ‘ई-रेत संगवारी’ के जरिए सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को केवल आवास निर्माण के लिए वित्तीय सहायता तक सीमित न रखते हुए आवश्यक निर्माण सामग्री की सुविधा से भी जोड़ने की पहल की है। इससे ग्रामीण परिवारों के लिए अपने पक्के मकान का निर्माण करना पहले की तुलना में आसान

‘आपके सपनों का घर, हमारी जिम्मेदारी’ राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण में अतिरिक्त सहयोग देना है। निःशुल्क रेत, ऑनलाइन व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया इस योजना की प्रमुख विशेषताएं हैं। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक पक्का आवास उपलब्ध कराने के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

महासमुंद को मिली प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन की मेजबानी, ऐतिहासिक आयोजन के लिए शिक्षक संघ ने कसी कमर

जिलाध्यक्ष अनिल पटेल बोले—आयोजन को बनाएंगे यादगार जिला कार्यसमिति की बैठक में बनी विस्तृत कार्ययोजना, पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्व

पिथौरा। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जिला महासमुंद की जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक शाला पिथौरा में आयोजित हुई। बैठक कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी एवं उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन के आतिथ्य तथा जिलाध्यक्ष अनिल पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों के साथ प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया गया।

बैठक में आगामी 19 एवं 20 सितंबर को महासमुंद के आई.आर. रिसॉर्ट, भलेसर मार्ग में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न विभागों एवं व्यवस्थाओं के अनुसार कार्यों का विभाजन किया गया और पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी ने कहा कि महिला शिक्षक सम्मेलन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। महिला शिक्षकों की भूमिका को संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने प्रदेशभर से अधिकाधिक महिला शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय से संभव होती है। उन्होंने जिला संगठन द्वारा तैयार कार्ययोजना के अनुसार सभी दायित्वों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

जिलाध्यक्ष अनिल पटेल ने कहा कि महासमुंद जिले को प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। इसे संगठन की गरिमा के अनुरूप सफल बनाने के लिए जिला संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से एकजुट होकर सम्मेलन को यादगार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के अवसर पर जिले के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान भी किया जाएगा।

बैठक का संचालन जिला सचिव जयराम पटेल ने किया। इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री भागवत जगत की विशेष उपस्थिति रही। जिला कार्यसमिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर अपने सुझाव रखे तथा सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का संकल्प लिया।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रदेश स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन केवल एक आयोजन न होकर महिला शिक्षकों के सम्मान, सहभागिता और संगठनात्मक सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बने। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जिलेभर में व्यापक समन्वय एवं संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

जिला कार्यसमिति की बैठक में समस्त जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं ब्लॉक पदाधिकारी सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

सरायपाली/ मुंडपहार में मंदिर निर्माण से जुड़े विवाद में दो पक्ष आमने-सामने, मारपीट और गाली-गलौज के आरोप

 

सरायपाली बलौदा। ग्राम मुंडपहार में जगन्नाथ मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े विवाद ने अब दो पक्षों की शिकायत के बाद तूल पकड़ लिया है। एक पक्ष ने जहां मंदिर निर्माण में लगे मिस्त्री से मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सामूहिक रूप से हमला करने की शिकायत थाना बलौदा में दर्ज कराई है।

 

ओडिशा के ग्राम भुवनेश्वरपुर निवासी सुनील बरिहा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपने साथी अमित और यशवंत के साथ ग्राम मुंडपहार में जगन्नाथ मंदिर निर्माण कार्य के लिए आया है। शिकायत के अनुसार, 30 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे नदी से नहाकर वापस लौटते समय प्रदीप साहू ने उसका रास्ता रोककर पूछताछ की।

सुनील का आरोप है कि बातचीत के दौरान प्रदीप साहू ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ललित साहू और जयप्रकाश साहू भी मौके पर पहुंचे और तीनों ने मिलकर हाथ-मुक्का से मारपीट की।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि बीच-बचाव के लिए पहुंचे सुरेंद्र साहू उर्फ बाबा और राकेश साहू के साथ भी मारपीट की गई। सुनील ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने अपनी जाति संबंधी दस्तावेज भी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही है।

दूसरे पक्ष ने तीन भाइयों से मारपीट का लगाया आरोप

वहीं, प्रफुल्ल साहू, ललित साहू और प्रदीप साहू, निवासी ग्राम मुंडपहार, ने भी थाना बलौदा में शिकायत देकर मारपीट का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, 31 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे खेत से घर की ओर आते समय घर के पीछे सोसायटी मार्ग पर परेश साहू निवासी सेमलिया, राकेश साहू, पंचानंद साहू, बृजेश साहू, सुरेंद्र साहू उर्फ बाबा, अभिजीत साहू उर्फ गुड्डा तथा अन्य लोगों ने रास्ता रोककर कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान लात-घूंसे और किसी कठोर वस्तु का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में प्रफुल्ल साहू के सिर और आंख के ऊपर चोट लगने तथा गले, सिर और छाती में दर्द होने की बात कही गई है। वहीं ललित और प्रदीप साहू ने गले में चोट लगने के कारण सांस लेने में परेशानी होने का आरोप लगाया है।

पुराने विवाद को लेकर भी लगाया आरोप

प्रदीप साहू की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 30 अगस्त की रात करीब 8 बजे तालाब किनारे राकेश साहू ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसके बाद सुरेंद्र साहू, पंचानंद साहू, अभिजीत साहू उर्फ गुड्डा, सुनील साहू, बृजेश साहू और हरिश साहू के मौके पर पहुंचने तथा धक्का-मुक्की कर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

दूसरे पक्ष ने पुलिस से कहा है कि दोनों घटनाओं के कारण वे भयभीत हैं और उन्हें जान का खतरा है। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दोनों पक्षों के आरोपों की जांच करेगी पुलिस

मुंडपहार में सामने आए इस विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक ओर जहां मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े सुनील बरिहा ने मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर प्रदीप, ललित और प्रफुल्ल साहू ने अपने साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है।

पुलिस जांच के बाद ही दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बसना थाना/6 किलो गांजा के साथ नाबालिग पकड़ाया, स्कूटी छोड़कर चालक जंगल में फरार

बसना। थाना बसना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक विधि संघर्षरत बालक को पकड़ा है। उसके कब्जे से करीब 6 किलो गांजा, स्कूटी और मोबाइल सहित कुल 3 लाख 90 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। मामले में पुलिस ने धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पदमपुर, ओडिशा की ओर से एक काले रंग की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक OD 03-AE-8907 में दो व्यक्ति गांजा लेकर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पलसापाली बेरियर, पदमपुर रोड के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने स्कूटी वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया और जंगल का फायदा उठाकर स्कूटी छोड़कर फरार हो गया। वहीं स्कूटी में पीछे बैठे 16 वर्षीय नूतन कुमार, निवासी खेमुंडीगढ़, जिला बौद्ध, ओडिशा को पुलिस ने पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान स्कूटी के बीच पैरदान के पास रखी प्लास्टिक बोरी में 6 किलो गांजा बरामद हुआ। तौल में बोरी सहित वजन 6.40 किलोग्राम पाया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके से एक एक्टिवा स्कूटी कीमत करीब 80 हजार रुपये और वीवो कंपनी का मोबाइल कीमत करीब 10 हजार रुपये भी जब्त किया। इस तरह कुल जब्ती की कीमत करीब 3 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में विधि संघर्षरत बालक ने पुलिस को बताया कि वह रोशन मांझी, निवासी चारभाठा, जिला बौद्ध, ओडिशा के साथ बलांगीर से गांजा लेकर बसना की ओर आ रहा था। पुलिस को देखकर रोशन मांझी स्कूटी जंगल के पास छोड़कर फरार हो गया।

मामले में थाना बसना पुलिस ने धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपी रोशन मांझी की तलाश की जा रही है।

महासमुंद/नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर ई-चालान से बचने की कोशिश पड़ी भारी, यातायात पुलिस ने काटा ₹1,500 का चालान

महासमुंद। ई-चालान की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना वाहन चालक को भारी पड़ गया। यातायात पुलिस महासमुंद ने सीसीटीवी निगरानी के दौरान एकता चौक पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 HC-2433 की नंबर प्लेट अस्पष्ट पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक का ₹1,500 का ई-चालान काटा।

जांच के दौरान सामने आया कि उक्त वाहन का पूर्व में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर ई-चालान किया जा चुका था। इसके बाद वाहन की पहचान छिपाने और ई-चालान से बचने के उद्देश्य से नंबर प्लेट को अस्पष्ट करने की संभावना सामने आई। पुलिस द्वारा वाहन चालक को पहले भी नंबर प्लेट स्पष्ट एवं निर्धारित मापदंड के अनुरूप रखने की समझाइश दी गई थी।

सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी

यातायात पुलिस द्वारा शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। नंबर प्लेट को मोड़ने, ढकने, अस्पष्ट करने अथवा किसी अन्य तरीके से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य ई-चालान से बचने के लिए अपनाए जा रहे ऐसे तरीकों पर प्रभावी रोक लगाना है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नंबर प्लेट वाहन की पहचान का महत्वपूर्ण माध्यम है और उसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नियम विरुद्ध है। ऐसे मामलों में कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमानुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वाहन चालक को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

वाहन चालक नियमों का करें पालन

महासमुंद पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वाहनों में स्पष्ट, सही और निर्धारित प्रारूप की नंबर प्लेट ही लगाएं। नंबर प्लेट को ढकने, मोड़ने या उसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने से बचें। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का पालन करें। नंबर प्लेट छिपाकर ई-चालान से बचना संभव नहीं है। सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।