महासमुंद/नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर ई-चालान से बचने की कोशिश पड़ी भारी, यातायात पुलिस ने काटा ₹1,500 का चालान

महासमुंद। ई-चालान की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना वाहन चालक को भारी पड़ गया। यातायात पुलिस महासमुंद ने सीसीटीवी निगरानी के दौरान एकता चौक पर मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 HC-2433 की नंबर प्लेट अस्पष्ट पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक का ₹1,500 का ई-चालान काटा।

जांच के दौरान सामने आया कि उक्त वाहन का पूर्व में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर ई-चालान किया जा चुका था। इसके बाद वाहन की पहचान छिपाने और ई-चालान से बचने के उद्देश्य से नंबर प्लेट को अस्पष्ट करने की संभावना सामने आई। पुलिस द्वारा वाहन चालक को पहले भी नंबर प्लेट स्पष्ट एवं निर्धारित मापदंड के अनुरूप रखने की समझाइश दी गई थी।

सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी

यातायात पुलिस द्वारा शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। नंबर प्लेट को मोड़ने, ढकने, अस्पष्ट करने अथवा किसी अन्य तरीके से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य ई-चालान से बचने के लिए अपनाए जा रहे ऐसे तरीकों पर प्रभावी रोक लगाना है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नंबर प्लेट वाहन की पहचान का महत्वपूर्ण माध्यम है और उसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नियम विरुद्ध है। ऐसे मामलों में कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमानुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वाहन चालक को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

वाहन चालक नियमों का करें पालन

महासमुंद पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वाहनों में स्पष्ट, सही और निर्धारित प्रारूप की नंबर प्लेट ही लगाएं। नंबर प्लेट को ढकने, मोड़ने या उसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ करने से बचें। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का पालन करें। नंबर प्लेट छिपाकर ई-चालान से बचना संभव नहीं है। सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

महासमुंद/पिथौरा बाइक से शराब की खेप ले जा रहा था युवक, पिथौरा पुलिस ने दबोचा; 7.740 लीटर शराब सहित 19,360 रुपये का माल जब्त

महासमुंद/पिथौरा, 30 अगस्त 2026। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिथौरा पुलिस ने ग्राम पोटापारा मेन रोड स्थित मुरईधोआ नाला के पास एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल से शराब ले जाते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.740 लीटर देसी एवं अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत 4,360 रुपये है, बरामद की। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। कार्रवाई में कुल 19,360 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध रूप से शराब लेकर जामपाली की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना पिथौरा पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और मुरईधोआ नाला के पास घेराबंदी कर मुखबिर के बताए हुलिए के व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूषण देवदास पिता खेदूराम देवदास, उम्र 31 वर्ष, निवासी जामपाली, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद बताया। उसके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर सुपर प्लेन देशी शराब की 30 नग शीशियां, कुल 5.400 लीटर कीमत 2,400 रुपये, तथा अंग्रेजी शराब की 08 नग शीशियां, कुल 2.340 लीटर कीमत 1,960 रुपये बरामद हुईं।

पुलिस ने कुल 7.740 लीटर शराब कीमत 4,360 रुपये तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22-M-4360 कीमत करीब 15,000 रुपये जब्त की। इस प्रकार कुल 19,360 रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।

आरोपी के विरुद्ध थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 218/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

महासमुंद/बागबाहरा में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी लापता, अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह

रात 11:30 बजे घर से बिना बताए निकली उमेश्वरी, परिजनों ने गांव से रिश्तेदारों तक की तलाश; धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज

महासमुंद/बागबाहरा, 31 अगस्त 2026।
बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम घुचापाली में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता  ने थाना बागबाहरा पहुंचकर अपनी नाबालिग पुत्री होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार उमेश्वरी साहू की जन्मतिथि 27 मई 2009 है और वह कक्षा 12वीं में पढ़ाई कर रही थी। 30 अगस्त 2026 की रात करीब 11:30 बजे वह घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी गांव, आसपास के क्षेत्र, पड़ोसियों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक किशोरी की ऊंचाई करीब 4 फीट 11 इंच, चेहरा लंबा, आंखें काली, रंग गोरा और बाल काले हैं। घटना के समय उसने गुलाबी रंग का सलवार-सूट पहना हुआ था। उसके नाक में सोने की नथनी और कान में बाजारू बाली पहनी थी। किशोरी हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।

किशोरी के पिता ने संदेह जताया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले जाया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आवेदन का अवलोकन कर प्रथम दृष्टया धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पुलिस द्वारा किशोरी की तलाश और मामले की जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस संभावित स्थानों पर पतासाजी करने के साथ मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

नाबालिग किशोरी के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हैं। पुलिस की तलाश एवं विवेचना कार्रवाई जारी है।

रायपुर/महतारी वंदन बना सीता वर्मा की नई ताकत, सिलाई मशीन से घर बैठे बढ़ी आमदनी

रायपुर/31वीं किश्त ने दिया आर्थिक संबल, परिवार की जिम्मेदारियों के बीच बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल

रायपुर, 31 अगस्त 2026।
महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की नई राह बन रही है। महासमुंद शहर के वार्ड नंबर 11 की हितग्राही श्रीमती सीता वर्मा की कहानी इस बदलाव की प्रेरक तस्वीर पेश करती है। योजना के तहत उन्हें अब तक 31वीं किश्त प्राप्त हो चुकी है। नियमित आर्थिक सहायता ने उनके परिवार को सहारा देने के साथ उन्हें अपनी आजीविका मजबूत करने का अवसर दिया।

सिलाई मशीन बनी कमाई का जरिया

सीता वर्मा बताती हैं कि उनके परिवार में 11 सदस्य हैं। परिवार की बड़ी जिम्मेदारियों के बीच रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना आसान नहीं था। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना की नियमित राशि उनके लिए बड़ा सहारा बनी। उन्होंने मिली आर्थिक सहायता का उपयोग सिलाई मशीन खरीदने में किया और घर से ही सिलाई का काम शुरू कर दिया।

शुरुआत में छोटे स्तर से शुरू हुआ काम धीरे-धीरे बढ़ने लगा। आसपास से सिलाई के काम मिलने लगे और उनकी मेहनत ने घर बैठे आय का नया जरिया तैयार कर दिया। अब सीता अपने हुनर से परिवार की आर्थिक जरूरतों में योगदान दे रही हैं।

आर्थिक मदद के साथ मिला आत्मविश्वास

सीता वर्मा कहती हैं कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें सिर्फ आर्थिक मदद नहीं दी, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का हौसला भी दिया। पहले परिवार की जरूरतों के लिए कर्ज लेने की चिंता बनी रहती थी। अब नियमित आर्थिक सहायता और सिलाई से होने वाली आय ने उनकी परेशानियों को काफी कम किया है।

उनके लिए सिलाई मशीन सिर्फ एक मशीन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का साधन बन गई है। परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हुए वे अब अपने हुनर को आय में बदल रही हैं और भविष्य को लेकर पहले से ज्यादा आत्मविश्वास महसूस करती हैं।

‘विष्णु भैया’ के प्रति जताया आभार

श्रीमती सीता वर्मा ने महिलाओं को लगातार आर्थिक संबल देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “विष्णु भैया जिस तरह परिवार के बड़े भाई की तरह महिलाओं की चिंता कर रहे हैं और नियमित किश्त दे रहे हैं, उससे हम जैसी महिलाओं की मुश्किलें आसान हुई हैं। अब हम भी अपने परिवार की जिम्मेदारियों को मजबूती से निभा पा रहे हैं।”

सीता वर्मा की कहानी बताती है कि जब आर्थिक संबल के साथ मेहनत और हुनर जुड़ जाए, तो सहायता का एक छोटा कदम भी आत्मनिर्भरता की बड़ी उड़ान बन सकता है।

रायपुर/बाड़ी से निकली समृद्धि की राह, सपनों को मिली नई उड़ान

रायपुरl 31/08/26 ड्रिप विधि से सब्जी की खेती ने बनाया ‘लखपति दीदी’, सालाना डेढ़ लाख रुपये की कमाई

कोरबा जिले के ग्राम बेला की श्रीमती अंजना भगत ने मेहनत, सीखने की लगन और स्वसहायता समूह के सहयोग से अपनी छोटी-सी बाड़ी को आत्मनिर्भरता का मजबूत जरिया बना दिया है। सब्जी उत्पादन को आजीविका से जोड़कर उन्होंने अपनी वार्षिक आय करीब 1.50 लाख रुपये तक पहुंचाई और ‘लखपति दीदी’ बनने का गौरव हासिल किया।

श्रीमती अंजना भगत वर्ष 2017 से ‘बिहान’ (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) से जुड़ी हैं। वे ‘सहेली स्वसहायता समूह’ की सदस्य हैं, जिसमें 13 महिलाएं शामिल हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए अपनी बाड़ी में ड्रिप सिंचाई विधि अपनाई।

उन्होंने बरबट्टी, लौकी और डोड़का जैसी सब्जियों की खेती शुरू की। ड्रिप विधि से सिंचाई और फसल की व्यवस्थित देखभाल के चलते उत्पादन बेहतर हुआ। तैयार सब्जियों को स्थानीय बाजार में बेचकर उन्हें नियमित आमदनी होने लगी। धीरे-धीरे सब्जी उत्पादन उनके परिवार की आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन गया।

💰 मेहनत ने बदली आर्थिक तस्वीर

अंजना भगत की मेहनत का परिणाम उनकी बढ़ती आय के रूप में सामने आया। सब्जी उत्पादन और अन्य आजीविका गतिविधियों से उनकी वार्षिक आय लगभग 1.50 लाख रुपये तक पहुंच गई। आर्थिक रूप से सशक्त बनने के साथ उन्होंने ‘लखपति दीदी’ की पहचान हासिल की।

अंजना बताती हैं कि ‘बिहान’ से जुड़ना उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत रहा। स्वसहायता समूह से उन्हें आगे बढ़ने का हौसला मिला और अपनी मेहनत को स्वरोजगार से जोड़ने का अवसर प्राप्त हुआ।

आज उनकी बाड़ी में लहलहाती सब्जियां केवल फसल नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, मेहनत और बेहतर भविष्य की उम्मीद का प्रतीक बन गई हैं।

👩‍🌾 दूसरी महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

अंजना भगत की सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण महिलाएं यदि समूह की शक्ति, आधुनिक कृषि तकनीक और अपनी मेहनत को साथ लेकर आगे बढ़ें तो आर्थिक आत्मनिर्भरता का सपना साकार किया जा सकता है। उनकी सफलता गांव की अन्य महिलाओं को भी आजीविका के नए अवसर अपनाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित कर रही है।

अपनी इस उपलब्धि के लिए उन्होंने ‘विष्णु भैया’ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं को नई दिशा और अवसर मिल रहे हैं। उनके नेतृत्व में महिलाओं की मेहनत को सम्मान के साथ आत्मनिर्भरता की नई पहचान मिल रही है।

सरायपाली/ सिंघोड़ा क्षेत्र में जगह-जगह ट्रक चालकों से अवैध डीजल की खरीदी-बिक्री का मामला, दुकान-ढाबों पर कार्रवाई जारी से 60 लीटर अवैध डीजल जब्त, 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार

सिंघोड़ा। पुलिस ने ग्राम सिंघोड़ा चौक में एक दुकान पर कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज और सुरक्षा इंतजाम के रखे गए 60 लीटर डीजल को जब्त किया है। पुलिस ने मामले में दुकान संचालक रामेश्वर मिरी (21 वर्ष), पिता सुदाम मिरी, निवासी ग्राम एवं थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना सिंघोड़ा में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक राकेश दिव्य को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिंघोड़ा चौक स्थित रामेश्वर मिरी की दुकान में ज्वलनशील पदार्थ डीजल बिना सुरक्षा प्रबंध के रखा गया है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गवाह कैलाश मिरी एवं महेश मिरी को साथ लेकर मौके पर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, दुकान की तलाशी के दौरान 20-20 लीटर क्षमता के दो सफेद जरिकेन में 20-20 लीटर डीजल तथा 20 लीटर क्षमता की एक पानी की जार में 20 लीटर डीजल मिला। इस तरह कुल 60 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 6,000 रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त किया गया।

FIR में उल्लेख है कि जिस स्थान पर डीजल रखा गया था, वहां ज्वलनशील पदार्थ के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम और अग्निशमन उपकरण (फायर सेफ्टी उपकरण) उपलब्ध नहीं थे। पुलिस द्वारा डीजल रखने एवं भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए BNSS की धारा 94 के तहत नोटिस दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने पास कोई वैध कागजात या लाइसेंस नहीं होना लिखित में बताया।

ट्रक चालकों से कम कीमत में डीजल खरीदने की बात पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने कथन में बताया कि उसकी दुकान NH-53 सड़क किनारे स्थित है और वह सड़क से गुजरने वाले ट्रक चालकों से कम कीमत में डीजल खरीदकर रखता था तथा बाद में दूसरे ट्रक चालकों को अधिक कीमत में बेच देता था। आरोपी ने यह भी बताया कि जिन ट्रकों और चालकों से डीजल खरीदा अथवा बेचा गया, उनकी पहचान उसके पास नहीं है।

पुलिस ने बरामद डीजल को पंचों की मौजूदगी में जब्त कर कब्जे में लिया तथा कार्रवाई को ई-साक्ष्य एप्लीकेशन में अपलोड किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अपराध के कारणों से अवगत कराते हुए 29 अगस्त को शाम 5:10 बजे गिरफ्तार किया। FIR के अनुसार, मामला अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दी गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 287 BNS तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

पिथौरा / NH-53 किनारे दुकान/ठेले में चल रहा था जुआ, चार गिरफ्तार; फड़ संचालक बताए जा रहे आरोपी के फरार होने का दावा

पिथौरा। थाना पिथौरा पुलिस ने 29 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर NH-53 रोड स्थित शशिकांत प्रधान के दुकान/ठेले में चल रहे कथित जुआ फड़ पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार मौके पर चार जुआरियों को 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसे का हार-जीत का दांव लगाकर ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेलते पकड़ा गया, जबकि एक व्यक्ति पुलिस पार्टी को देखकर मौके से फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से नगदी, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और दो पुराने मोबाइल सहित कुल 1,43,980 रुपए की संपत्ति तथा 52 पत्ती ताश जब्त किया।

पुलिस के मुताबिक थाना पिथौरा में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धर्मेश कुमार मरकाम पदस्थ हैं। 29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि शशिकांत प्रधान के दुकान/ठेले, NH-53 रोड पिथौरा में कुछ लोग एकत्र होकर रुपए-पैसे का हार-जीत का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम शासकीय वाहन क्रमांक CG 03 1085 से रवाना हुई। टीम में प्र.आर. 109, आरक्षक 879, 959 और 203 शामिल थे। पुलिस टीम अपने साथ विवेचना किट, लैपटॉप, प्रिंटर और बैटरी भी लेकर गई।

दो गवाहों को नोटिस देकर जुआ रेड की कार्रवाई पुलिस ने जुआ रेड कार्रवाई के लिए गवाह राजकुमार उपाध्याय, पिता श्रीरामजीत उपाध्याय और करन राव, पिता अर्जुन राव, दोनों निवासी राजासैवेया पिथौरा को धारा 179 बीएनएसएस का नोटिस तामील किया। इसके बाद पुलिस टीम और गवाह मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान शशिकांत प्रधान के दुकान/ठेले, NH-53 रोड पिथौरा पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार मौके पर 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसे का दांव लगाकर हार-जीत का ‘काट पत्ती’ जुआ खेलते चार लोगों को पकड़ा गया, जबकि एक जुआरी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में अपना नाम नितेश कुमार अग्रवाल, शशिकांत प्रधान, मनीष निषाद और महेन्द्र साहू बताया। किस आरोपी से क्या मिला? पुलिस के अनुसार आरोपी नितेश कुमार अग्रवाल, पिता स्वर्गीय जगदीश प्रसाद अग्रवाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 11 पिथौरा के पास से 1,500 रुपए तथा जुआ फड़ से 5,000 रुपए, कुल 6,500 रुपए बरामद किए गए। इसके अलावा उसके कब्जे से पुरानी इस्तेमाल की हुई V12 कत्था-सफेद रंग की बिना नंबर मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 20,000 रुपए बताई गई है, जब्त की गई।

शशिकांत प्रधान, पिता जगदीश प्रधान, उम्र 37 वर्ष, निवासी बार चौक पिथौरा के पास से 1,500 रुपए तथा फड़ से 9,000 रुपए, कुल 10,500 रुपए बरामद किए गए। उसके कब्जे से नीला-सफेद रंग की बिना नंबर पुरानी इस्तेमाल की हुई डिलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 20,000 रुपए बताई गई है, भी जब्त की गई।

मनीष निषाद, पिता मनीराम निषाद, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 05 रामसागरपारा पिथौरा के पास से 1,400 रुपए तथा फड़ से 6,000 रुपए, कुल 7,400 रुपए बरामद किए गए। उसके कब्जे से नीले रंग का सैमसंग कंपनी का पुराना इस्तेमाल किया हुआ मोबाइल, जिसकी कीमत 5,000 रुपए बताई गई है, जब्त किया गया।

महेन्द्र साहू, पिता विष्णुराम साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 12 पिथौरा के पास से 1,580 रुपए तथा फड़ से 8,000 रुपए, कुल 9,580 रुपए बरामद किए गए। उसके कब्जे से ग्रे कलर का वीवो कंपनी का पुराना इस्तेमाल किया हुआ मोबाइल, जिसकी कीमत 5,000 रुपए, और बिना नंबर की पुरानी इस्तेमाल की हुई जुपिटर स्कूटी, जिसकी कीमत करीब 60,000 रुपए बताई गई है, जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों से मिली रकम और फड़ की रकम को मिलाकर 33,980 रुपए नगद, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और दो मोबाइल जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1,43,980 रुपए बताई गई है। इसके साथ ही 52 पत्ती ताश भी जब्त किया गया।

पूछताछ में फरीद खान का नाम सामने आने का दावा

पुलिस द्वारा पकड़े गए चारों आरोपियों को तलब कर पृथक-पृथक कथन लिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपने कथन में बताया कि फरीद खान, पिता करीम खान, निवासी लाखागढ़, द्वारा शशिकांत प्रधान के दुकान/ठेले, NH-53 रोड पिथौरा में जुआ का फड़ बैठाकर सभी को उक्त स्थान पर बुलाया गया था और जुआ खिलवाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह भी बताया कि पुलिस पार्टी को देखकर फरीद खान मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों का एकत्रित होकर संयुक्त रूप से जुआ खेलना छोटे संगठित अपराध का घटित करना पाया गया। इसके आधार पर मौके पर पकड़े गए आरोपी नितेश कुमार अग्रवाल, शशिकांत प्रधान, मनीष निषाद और महेन्द्र साहू तथा फरार आरोपी फरीद खान के विरुद्ध बिना नंबर देहाती नालसी अपराध क्रमांक 0/26 में धारा 3(2), 5 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।

प्रथम सूचना तथ्य के अनुसार घटना 29 अगस्त 2026 को शाम 4:40 बजे की है, जबकि रिपोर्ट का समय शाम 5:55 बजे दर्ज किया गया है। पुलिस ने कायमी सूचना मजिस्ट्रेट को भेजे जाने की बात भी दर्ज की है।

आरोपीगण

  1. नितेश कुमार अग्रवाल, पिता स्व. जगदीश प्रसाद अग्रवाल, उम्र 35 वर्ष, वार्ड नंबर 11 पिथौरा।
  2. शशिकांत प्रधान, पिता जगदीश प्रधान, उम्र 37 वर्ष, बार चौक पिथौरा।
  3. मनीष निषाद, पिता मनीराम निषाद, उम्र 29 वर्ष, वार्ड नंबर 05 रामसागरपारा पिथौरा।
  4. महेन्द्र साहू, पिता विष्णुराम साहू, उम्र 35 वर्ष, वार्ड नंबर 12 पिथौरा।
  5. फरार आरोपी फरीद खान, पिता करीम खान, निवासी लाखागढ़, थाना पिथौरा।

नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा दर्ज प्रथम सूचना तथ्य के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें लगाए गए आरोप पुलिस के कथन/दस्तावेज पर आधारित हैं; आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालयीन प्रक्रिया में होगी।

अग्रवाल नर्सिंग होम बसना में 3 सितंबर को लगेगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का ओपीडी शिविर, न्यूरोलॉजी और किडनी रोगों के मरीजों को मिलेगा परामर्श

न्यूरोलॉजी ओपीडी में डॉ. अर्पित अग्रवाल मरीजों को परामर्श देंगे। वे वयस्क एवं बाल्य रोग न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ हैं। शिविर में सिरदर्द, माइग्रेन, लकवा (पैरालिसिस), हाथ-पैर में कमजोरी, हाथ-पैर व कमर-गर्दन में असहनीय दर्द, डायबिटिक न्यूरोपैथी, नसों में कमजोरी, हाथ-पैर में कंपन व झुनझुनी, चक्कर, बेहोशी, याददाश्त कम होना, मिर्गी तथा जलन या सूजन जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीज परामर्श ले सकेंगे। न्यूरोलॉजी ओपीडी सुबह 10 बजे से उपलब्ध रहेगी।

वहीं गुर्दा रोग एवं प्रत्यारोपण से संबंधित ओपीडी में डॉ. संदीप सिंघल, Consultant Nephrologist एवं Kidney Transplant Physician, मरीजों को सेवाएं देंगे। किडनी संबंधी जांच और परामर्श सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध रहेगा।

शिविर में बार-बार पेशाब आना, रात में अधिक पेशाब होना, पेशाब कम मात्रा में आना, पेशाब करने में परेशानी, चेहरे-पैरों में सूजन, कम उम्र में उच्च रक्तचाप तथा मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग से जुड़े मरीजों को भी विशेषज्ञ सलाह दी जाएगी।

यह ओपीडी अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) में आयोजित होगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार स्मार्ट कार्ड/राशन कार्ड से डायलिसिस की सुविधा तथा विभिन्न बीमा कंपनियों की मान्यता प्राप्त सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

ओपीडी दिनांक : 3 सितंबर 2026, गुरुवार
स्थान : अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना
संपर्क : 9303623130, 7773086100, 7770868473

महासमुन्द / नवाखाई पर बदली स्थानीय अवकाश की तारीख, अब 15 सितंबर को रहेगा अवकाश

महासमुन्द, 31 अगस्त 2026। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह ने वर्ष 2026 के लिए घोषित स्थानीय अवकाश की तिथि में संशोधन किया है।

पूर्व में नवाखाई के अवसर पर 18 सितंबर 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। अब संशोधित आदेश के अनुसार नवाखाई (नुआंखाई) ऋषि पंचमी के अवसर पर मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को स्थानीय अवकाश रहेगा।

यह अवकाश जिला महासमुन्द के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं में लागू होगा। हालांकि, बैंक, कोषालय एवं उप कोषालय के लिए यह स्थानीय अवकाश लागू नहीं होगा।

अब बसना में संतान सुख से जुड़ी हर समस्या का समाधान, 2 सितंबर को अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, में विशेष परामर्श शिविर

बसना, महासमुंद। मातृत्व का सपना देख रहे दंपतियों के लिए अच्छी खबर है। अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना में 2 सितंबर 2026, बुधवार को इन्फर्टिलिटी संबंधी विशेष परामर्श शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में डॉ. रेशु अग्रवाल मरीजों को बांझपन से जुड़ी समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह देंगी।

शिविर में Infertility Consultation, Ovulation Induction, अनियमित मासिक चक्र, PCOS/PCOD, Endometriosis सहित विभिन्न समस्याओं की जांच एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन मिलेगा। इसके अलावा IUI, IVF (टेस्ट ट्यूब बेबी) और ICSI जैसे आधुनिक उपचार विकल्पों की भी जानकारी दी जाएगी।

डॉ. रेशु अग्रवाल MBBS, MS (Obs & Gynaec) तथा FRM (Infertility Specialist) हैं। शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि शिविर में परामर्श के लिए पूर्व पंजीयन अनिवार्य है।

स्थान: अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना, जिला महासमुंद
संपर्क: 92024-09092, 84618-11000, 77730-86100

विशेष: सही सलाह और आधुनिक उपचार के जरिए मातृत्व की राह आसान बनाने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया जा रहा है।