छत्तीसगढ़ : दो सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 18.60 करोड़ रूपए से अधिक की राशि स्वीकृत  

छत्तीसगढ़ : दो सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 18.60 करोड़ रूपए से अधिक की राशि स्वीकृत

 

छत्तीसगढ़ शासन जल संसाधन विभाग द्वारा दो सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 18 करोड़ 60 लाख 48 हजार स्वीकृत किए हैं। स्वीकृत कार्यों में रायगढ़ जिले के विकासखंड सारंगढ़ के परसदा ताड़ीपार नहर मरम्मत कार्य हेतु 4 करोड़ 39 लाख 41 हजार रूपए स्वीकृत किए है। स्वीकृत इस योजना के कार्य पूर्ण होने पर क्षेत्र में रूपांकित सिंचाई क्षेत्र 2501.64 हेक्टेयर में 1012.80 हेक्टेयर की हो रही कम की पूर्ति सहित पूर्ण रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार से जशपुर जिले के विकासखण्ड बगीजा की डोड़की व्यपवर्तन योजना का मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य के लिए 14 करोड़ 21 लाख 7 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। सिंचाई योजना के कार्य पूरा होने पर रूपांकित सिंचाई 688 हेक्टेयर के विरूद्ध 366 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति सहित पूर्ण रूपांकित क्षेत्र में सिंचाई उपलब्ध होगी। जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन से सिंचाई योजनाओं के कार्यों को पूर्ण कराने मुख्य अभियंता हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग अम्बिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

 

CG पिथौरा : पंचायत घोटाला: करोड़ों रुपए फर्जी फर्म को भुगतान, जांच में खुलासा भाजपा नेता पर आरोप – ग्रामीणों में आक्रोश

CG पिथौरा : पंचायत घोटाला: करोड़ों रुपए फर्जी फर्म को भुगतान, जांच में खुलासा भाजपा नेता पर आरोप – ग्रामीणों में आक्रोश

छत्तीसगढ़ मे पंचायत का करोड़ों रुपए फर्जी फर्म ने हड़पे – जांच में बड़ा घोटाला उजागर(प्रेस विज्ञप्ति) महासमुन्द पिथौरा। विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगरीपाली में करोड़ों रुपए के घोटाले का मामला सामने आया है। पंचायत के विकास कार्यों के लिए लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन जांच में यह राशि विकास कार्यों में खर्च न होकर एक फर्जी फर्म साहू इंटरप्राइजेज को भुगतान कर दी गई।

गाँव के पंच खिरोद पटेल ने आरोप लगाया है कि फर्म के कथित प्रोप्राइटर भाजपा नेता दुलीकेशन साहू ने भाजपा नेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर और पार्टी का धौंस दिखाकर ग्रामीणों को डराया और पंचायत के पैसों का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं से पार्टी की छवि खराब हो रही है, इसलिए इन्हें भाजपा से निष्कासित किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी के जिला सचिव एम.डी. सागर लंबे समय से पूर्व सरपंच अहिल्या बरिहा के कार्यकाल की जांच की मांग कर रहे थे। कार्रवाई न होने पर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जनपद पंचायत कार्यालय पिथौरा का घेराव करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद सीईओ जनपद पंचायत के आदेश पर जांच टीम डोंगरीपाली पहुँची और तीन दिनों तक जांच की। जांच में पाया गया कि पंचायत सचिव हजारीलाल केवर्त और पूर्व सरपंच अहिल्या बरिहा ने केवल 50 से 60 लाख रुपए का ही बिल प्रस्तुत किया, जबकि शेष राशि बिना बिल के फर्जी फर्म को दे दी गई और कोई भी कार्य स्थल पर दिखाई नहीं दिया।

जांच अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दो-तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत कर दिया जाएगा। इस दौरान भाजपा नेता दुलीकेशन साहू ने ग्रामीणों और अधिकारियों को धमकाने की कोशिश की और कहा कि “भाजपा सरकार रहते उनका कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकता।”

इस मामले में शिकायतकर्ता एम.डी. सागर, उपसरपंच वीरेंद्र कुमार चौधरी, पंच खिरोद पटेल, पंच अमितेष बरिहा, पंच लक्ष्मीलाल, चंपत यादव सहित कांग्रेस नेता गंगाधर बरिहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

CG में दोस्तों के साथ घूमने गए युवक की शिवनाथ नदी में डूबने से मौत, 16 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

CG में दोस्तों के साथ घूमने गए युवक की शिवनाथ नदी में डूबने से मौत, 16 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

 

भिलाई: दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी के छोटे पुल पर हादसा हुआ है, जहां 27 वर्षीय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना रविवार शाम की है, जबकि 16 घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार सुबह उसका शव बरामद किया जा सका।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अहिवारा के निवासी दविंदर सिंह रंधावा के रूप में हुई है। रविवार शाम करीब 6 बजे दविंदर अपने तीन दोस्तों के साथ दुर्ग-धमधा मुख्य मार्ग स्थित शिवनाथ नदी के छोटे पुल पर गया था। दोस्तों से बातचीत के दौरान उसका अचानक पैर फिसल गया और वह 20 फीट गहरे पानी में गिर गया। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह तुरंत बह गया। दोस्तों ने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।

SDRF ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन

हालांकि, अंधेरा और नदी के तेज बहाव के चलते रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। सोमवार सुबह एसडीओपी अलेक्जेंडर कीरो की देखरेख में 15 सदस्यीय एसडीआरएफ की टीम ने फिर से खोजबीन शुरू की। करीब 10 बजे, यानी घटना के 16 घंटे बाद दविंदर का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

बढ़ रही नदी में डूबने की घटनाएं

शिवनाथ नदी में डूबने से होने वाली मौतों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस साल 2025 में यह तीसरी बड़ी घटना है। अगस्त में सिरसा चौकी क्षेत्र में एक युवक और अप्रैल में सुरगी चौकी क्षेत्र में एक 12 वर्षीय बच्चे की भी डूबने से मौत हो चुकी है। नदी का तेज बहाव, गहरे गड्ढे और तैराकी का अभाव इन हादसों के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे बारिश के मौसम में नदी किनारे सावधानी बरतें।

2025 में कई हादसे दर्ज शिवनाथ नदी में डूबने से होने वाली मौतों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। तेज बहाव, गहरे गड्ढों और तैराकी की जानकारी न होने जैसे कारणों से लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इस साल 2025 में भी कई दुखद हादसे हुए, जिनमें युवा और बच्चे शामिल हैं।

इस साल की घटनाएं

सितंबर 2025 दुर्ग-धमधा मुख्य मार्ग पर शिवनाथ नदी के छोटे पुल से एक युवक का पैर फिसल गया, जिसके बाद वह गहरे पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई।

अगस्त 2025 सिरसा चौकी क्षेत्र में समोदा निवासी साहिल देशमुख अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। तेज बहाव में फंसने के कारण वह डूब गया और उसकी मृत्यु हो गई।

अप्रैल 2025 सुरगी चौकी क्षेत्र के भंवरमरा स्थित ऑक्सीजोन के पास शिवनाथ नदी में 12 वर्षीय एक बालक अपने बड़े भाई और दोस्तों के साथ नहाने गया था। अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया।

घटनाओं के मुख्य कारण

तेज बहाव: बारिश के मौसम में नदी का बहाव तेज हो जाता है, जिससे लोग बह जाते हैं।

गहरे गड्ढे: नदी में अचानक गहराई बढ़ने से डूबने का खतरा बढ़ जाता है।

तैराकी का अभाव: तैरना न जानने वाले लोगों के लिए नदी में नहाना खतरनाक साबित होता है।

पैर फिसलना: नदी किनारे या पुल पर पैर फिसलने से लोग गहरे पानी में गिर जाते हैं।

CG के शिक्षक सुदर्शन की मेहनत रंग लाई, Agniveer बने 26 आदिवासी युवा, CM ने की सराहना

CG के शिक्षक सुदर्शन की मेहनत रंग लाई, Agniveer बने 26 आदिवासी युवा, CM ने की सराहना

 

अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के बालक हायर सेकेंडरी स्कूल शंकरगढ़ में पदस्थ अतिथि शिक्षक (गणित) सुदर्शन यादव की मेहनत रंग ला रही है। उनके प्रयासों से 26 आदिवासी युवाओं ने अग्निवीर प्रवेश परीक्षा (Agniveer Entrance Exam) में सफलता अर्जित की है। इनमें 23 युवक तथा तीन युवतियां हैं। सभी शंकरगढ़ ब्लाक के ही रहने वाले हैं। यह पहला अवसर है जब छत्तीसगढ़ के किसी एक ब्लाक से एक साथ इतनी अधिक संख्या में युवाओं ने अग्निवीर प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। इसके लिए युवाओं ने कड़ी मेहनत की।

फिजिकल के साथ कराई लिखित परीक्षा की तैयारी

फिजिकल के साथ लिखित परीक्षा की तैयारी अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव ने पूरी कराई। यह परीक्षा ऑनलाइन होती है इसलिए युवाओं को इसकी तैयारी कराना आसान नहीं था लेकिन कंप्यूटर,लैपटाप में युवाओं को दक्ष बनाने के साथ ही भर्ती परीक्षा की तैयारी करवाई गई।

सबसे बड़ी बात है कि तैयारी में 30 युवा शामिल थे और उनमें से 26 ने सफलता हासिल कर ली। अब इन्हें फिटनेस टेस्ट में शामिल होना है। इसमें भी सफलता तय मानी जा रही है क्योंकि उन्हीं युवाओं को शिक्षक सुदर्शन ने प्रशिक्षण दिया था जो अग्निवीर के लिए जरूरी मापदंड पूरा करते हैं।

तपती गर्मी में शिक्षक ने भी युवाओं के साथ बहाया पसीना

अग्निवीर प्रवेश परीक्षा में सफल युवाओं ने इसी साल 12 वीं बोर्ड की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इन युवाओं के उत्साह और आगे बढ़ने की सोच को देखते हुए शिक्षक सुदर्शन यादव ने उन्हें प्रशिक्षण देने की सोची। ग्रीष्मावकाश में ये युवा घर नहीं गए। सरकारी छात्रावास में रहकर सुबह और शाम मैदान में खूब पसीना बहाया। शिक्षक की पहल से भोजन की भी व्यवस्था कराई गई।

इन युवाओं को इस साल गर्मी के दिनों में दोपहर में शिक्षक सुदर्शन यादव ने लिखित परीक्षा की तैयारी करवाई। रात को ऑनलाइन कोचिंग से जोड़कर उन्हें दक्ष बनाया। 50 प्रश्नों का सही जबाब 60 मिनट में देने की ऐसी सटीक तैयारी हुई कि परिणाम आते ही सभी के चेहरे खिल उठे। इन युवाओं की सफलता ने शंकरगढ़ ब्लाक के दूसरे युवाओं में भी नए ऊर्जा का संचार किया है। अब वे भी अग्निवीर बनकर देश की सेवा करना चाह रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्निवीर प्रवेश परीक्षा में सफल युवाओं का हौसला बढ़ाया है। गृहग्राम बगिया में अग्निवीरों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, गांव और जिले के लिए गौरव की बात है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं को सेना में शामिल होकर देशसेवा का सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम की भावना से ही सफलता की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त की जा सकती हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सेना में शामिल होकर ये युवा सीमाओं की रक्षा करेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

शिक्षक सुदर्शन यादव की सोच को भी CM ने सराहा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव के सोच की भी सराहना की है जिनके माध्यम से युवाओं को सफलता मिली। मुख्यमंत्री ने अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव और उनकी टीम के मुफ्त सेना भर्ती प्रशिक्षण के उल्लेखनीय प्रयासों की भी सराहना की। उनके प्रशिक्षण से लाभान्वित 30 युवाओं में से 26 युवा अग्निवीर भर्ती में चयनित हुए हैं।

चयनित अग्निवीरों में पिंकू पैकरा, जिन्दल, विकास पैकरा, प्रकाश सिंह, खेलसाय, आर्यनदेव, नंन्दन पन्ना, नरेन्द्र यादव, रंजीत केरकेट्टा, रमेश पैकरा, प्रियांशु, सनोज, निकिता नरसिंह, शशि किरण, सोहन लाल, महेन्द्र पैकरा, मिथलेश पैकरा, छोंटू, बज्जू पैकरा, पंकज, विवेक पैकरा, विधायक पैकरा, किशुन पैकरा, सोभनाथ पैकरा, अमित कुजूर और एंजेल लकड़ा शामिल हैं।

खेल और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी मिल रही सफलता

अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव सेना भर्ती के लिए युवाओं को प्रशिक्षण देने के अलावा खेल और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी विद्यार्थियों को लगातार सफलता दिला रहे हैं।नईदुनिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले पहली बार उन्होंने अग्निवीर भर्ती के लिए पांच युवाओं को प्रशिक्षण दिया था।

इनमें से तीन को सफलता मिली उसके बाद उन्होंने इस क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने सोचा था। युवाओं का भी सहयोग मिला और दूसरे वर्ष मिली सफलता से ऐसा वातावरण तैयार हुआ है जिससे सिर्फ बलरामपुर जिला ही नहीं बल्कि पड़ोसी जिलों के भी युवा उनके सानिध्य में सेना में भर्ती के लिए प्रशिक्षण को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।

फिजिकल ट्रेनिंग दे रहे

शिक्षक सुदर्शन यादव के प्रयासों से कुश्ती खेल में आदिवासी बच्चों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जारी है। अभी तक राज्य और राष्ट्रीय स्तर की शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में कुश्ती में लगभग 45 पदक बच्चों ने जीता है। गरीब, दिव्यांग बच्चों को भी निश्शुल्क कोचिंग भी देते हैं। इस वर्ष उनके यहां से सैनिक स्कूल के लिए 11, नवोदय स्कूल के लिए 20 ,प्रयास आवासीय विद्यालय के लिए 63 तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए 71 बच्चों का चयन हुआ है।

पिथौरा : ओनकी मार्ग स्थित लोहराम के पास रविवार को ग्रामीणों ने रेत तस्करी कर रहे कई ट्रैक्टरों को रोककर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया।

पिथौरा : ओनकी मार्ग पर ग्रामीणों ने रोकी रेत तस्करी, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

ओनकी मार्ग स्थित लोहराम के पास रविवार को ग्रामीणों ने रेत तस्करी कर रहे कई ट्रैक्टरों को रोककर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टरों से रेत निकालकर डंपरों में भरकर अवैध परिवहन किया जा रहा था। पिथौरा के पत्रकार ललित मुखर्जी के माने तो इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों का साथ दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदी-नालों से रेत उत्खनन और परिवहन पर सरकार द्वारा पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ प्रभावशाली लोग नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए खुलेआम रेत की तस्करी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस अवैध कारोबार से न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है बल्कि सरकार को भी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। इससे तस्करों के हौसले बुलंद हैं और वे दिनदहाड़े रेत की ढुलाई कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रतिबंध अवधि में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन गंभीर अपराध है। इसकी रोकथाम के लिए जिला प्रशासन को तत्काल विशेष अभियान चलाना चाहिए।

ग्रामीणों ने मांग की है कि पकड़े गए वाहनों को जब्त किया जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही, ओनकी मार्ग और आसपास के इलाकों में पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अवैध रेत परिवहन से सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नदी से लगातार रेत निकाले जाने से जलस्रोत का अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेकर तत्काल ठोस कदम उठाएगा।

बसना ग्राम खुसरूपाली में अवैध शराब पिलाने वाला गिरफ्तार

0

बसना ग्राम खुसरूपाली में अवैध शराब पिलाने वाला गिरफ्तार

 

बसना। थाना बसना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खुसरूपाली में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब पिलाने के आरोप में गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 14 सितम्बर 2025 को प्रआर के नेतृत्व में हमराह स्टाफ शासकीय वाहन से गश्त पर रवाना हुआ था। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खुसरूपाली में रोड किनारे एक व्यक्ति लोगों को बैठाकर शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

सूचना पर थाना प्रभारी को अवगत कराकर गवाहों एवं स्टाफ के साथ मौके पर दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही शराब पी रहे लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम जागेश्वर बारीक पिता सहदेव बारीक, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम खुसरूपाली थाना बसना जिला महासमुंद बताया।

आरोपी से शराब पिलाने एवं सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, जो उसके पास नहीं थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 नग देशी प्लेन शराब की खाली शीशी और 2 नग डिस्पोजल गिलास, जिनमें शराब की गंध आ रही थी, गवाहों की मौजूदगी में जप्त किए।

आरोपी का कृत्य धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर उसे 14 सितम्बर की रात 7:50 बजे गिरफ्तार किया गया। मामला जमानतीय होने पर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

महासमुंद सिरपुर में खेत की सब्जी तोड़ने को लेकर विवाद, महिला से मारपीट व गाली-गलौज

महासमुंद सिरपुर में खेत की सब्जी तोड़ने को लेकर विवाद, महिला से मारपीट व गाली-गलौज

 

महासमुंद/ सिरपुर चौकी थाना तुमगांव क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05 में खेत की सब्जी तोड़ने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और गाली-गलौज की नौबत आ गई। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 05 सिरपुर निवासी 65 वर्षीय महिला घुरवा बाई पति एकादशिया अजगले ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 सितम्बर की दोपहर करीब 1 बजे वह अपने खेत गई थी। उसी दौरान पड़ोसी घंसनीन बाई पति तानसिंग रात्रे उनके खेत में लगी खेक्सी सब्जी तोड़ रही थी। जब उन्होंने विरोध किया तो घंसनीन बाई ने जबरन सब्जी तोड़ते हुए गाली-गलौज की और हाथ-मुक्का से मारपीट कर दी।

घटना के दौरान उनकी नातिन विद्या लक्ष्मी ने बीच-बचाव किया। इस दौरान घंसनीन बाई की बहू यशोदा बाई पति विजय पाल भी वहां पहुंची और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि मारपीट के बाद उनके सीने में दर्द हो रहा है।

घटना का प्रत्यक्षदर्शी सीसराम मिरी बताया गया है। परिजनों से विचार-विमर्श के बाद पीड़िता ने 14 सितम्बर की शाम चौकी सिरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

महासमुंद ग्राम बम्हनी गली में पानी निकालने के विवाद पर महिला से मारपीट, रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद ग्राम बम्हनी गली में पानी निकालने के विवाद पर महिला से मारपीट, रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद। ग्राम बम्हनी वार्ड क्रमांक 12 में शनिवार शाम पानी निकासी के विवाद पर महिला से गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है।

पीड़ित महिला ने रिपोर्ट में बताया कि घर में लगे सरकारी नल का पानी गली में निकलने की बात को लेकर पड़ोसी इंद्रा रात्रे अपने परिवार के साथ विवाद करने पहुंचा। बात बढ़ने पर इंद्रा रात्रे ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर से महिला के पैर में चोट पहुंचाई। वहीं भानुप्रताप रात्रे ने हाथ मुक्के से पीठ पर मारपीट की और विनय ढीढी ने बीच-बचाव करने आए महिला के देवर को दांत से कमर पर काट लिया।

घटना को महिला के परिजनों सहित गांव के सरपंच पति घनश्याम व समाज अध्यक्ष गणेशु महिलांग ने देखा और बीच-बचाव किया।

मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने इंद्रा रात्रे, भानुप्रताप रात्रे एवं विनय ढीढी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

महासमुंद बस स्टैण्ड पर मारपीट: तीन के खिलाफ अपराध दर्ज

महासमुंद बस स्टैण्ड पर मारपीट: तीन के खिलाफ अपराध दर्ज

 

महासमुंद। भलेसर रोड निवासी एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 13 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने भाई करण शर्मा के दुकान पर था, तभी सौरभ यादव, योगी चन्द्राकर और चंदन चन्द्राकर वहां पहुंचे और विवाद करने लगे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि समझाने के बावजूद तीनों आरोपी बस स्टैण्ड पानी टंकी के पास स्थित सौरभ पान ठेला पहुंच गए। जब वह और उसका भाई वहां पहुंचे तो तीनों ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए हाथ, मुक्का और लात-घूंसे से मारपीट की। सौरभ यादव ने डंडे से भी हमला किया जिससे उसके हाथ, सिर और गर्दन पर चोटें आईं।

घटना का प्रत्यक्षदर्शी उसका भाई करण शर्मा रहा, जिसने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने इलाज के बाद 14 सितंबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS और 3(5)-BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।

Road Accident: बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, CG के चार श्रद्धालुओं की मौत और छह गंभीर रूप से घायल

Road Accident: बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, CG के चार श्रद्धालुओं की मौत और छह गंभीर रूप से घायल

 

रायपुर: जौनपुर जिले में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा (Road Accident) हो गया। वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ में श्रद्धालुओं से भरी एक डबल डेकर बस ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में छत्तीसगढ़ के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा कैसे हुआ

जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 11 बजे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर लौट रहे थे। वे वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के लिए डबल डेकर बस में सवार थे। देर रात लगभग ढाई बजे जब बस कुल्हनामऊ क्षेत्र में पहुंची तो सामने चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रही बस नियंत्रण खो बैठी और ट्रक से टकरा गई।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में बस सवार अपरन भवन की 30 वर्षीय पत्नी आशा भवन (निवासी पीवी-18 थाना गोंडा, जिला कांकेर), कुशव साहू की पत्नी गुलाब (निवासी अम्मीडीह टोला गांव, थाना डांगर गांव, जिला राजनाथगांव), बस चालक दीपक समेत कुल चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई।

घायलों में सुधा मंडल (निवासी पीवी-18 थाना गोंडा, जिला कांकेर), लखन दास (निवासी पीवी-18 थाना गोंडा, जिला कांकेर), वीरेंद्र मंडल (निवासी पीवी-3 थाना गोंडा हूर, जिला कांकेर), सोमेश साहू (निवासी ढाबा, जिला राजनाथगांव) सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रशासन की तत्परता

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दर्दनाक हादसे ने न केवल श्रद्धालुओं के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को भी स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।