पिथौरा : ओनकी मार्ग स्थित लोहराम के पास रविवार को ग्रामीणों ने रेत तस्करी कर रहे कई ट्रैक्टरों को रोककर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया।

पिथौरा : ओनकी मार्ग पर ग्रामीणों ने रोकी रेत तस्करी, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

ओनकी मार्ग स्थित लोहराम के पास रविवार को ग्रामीणों ने रेत तस्करी कर रहे कई ट्रैक्टरों को रोककर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टरों से रेत निकालकर डंपरों में भरकर अवैध परिवहन किया जा रहा था। पिथौरा के पत्रकार ललित मुखर्जी के माने तो इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों का साथ दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदी-नालों से रेत उत्खनन और परिवहन पर सरकार द्वारा पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ प्रभावशाली लोग नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए खुलेआम रेत की तस्करी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस अवैध कारोबार से न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है बल्कि सरकार को भी राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। इससे तस्करों के हौसले बुलंद हैं और वे दिनदहाड़े रेत की ढुलाई कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रतिबंध अवधि में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन गंभीर अपराध है। इसकी रोकथाम के लिए जिला प्रशासन को तत्काल विशेष अभियान चलाना चाहिए।

ग्रामीणों ने मांग की है कि पकड़े गए वाहनों को जब्त किया जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही, ओनकी मार्ग और आसपास के इलाकों में पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अवैध रेत परिवहन से सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नदी से लगातार रेत निकाले जाने से जलस्रोत का अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेकर तत्काल ठोस कदम उठाएगा।

बसना ग्राम खुसरूपाली में अवैध शराब पिलाने वाला गिरफ्तार

0

बसना ग्राम खुसरूपाली में अवैध शराब पिलाने वाला गिरफ्तार

 

बसना। थाना बसना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खुसरूपाली में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब पिलाने के आरोप में गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 14 सितम्बर 2025 को प्रआर के नेतृत्व में हमराह स्टाफ शासकीय वाहन से गश्त पर रवाना हुआ था। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खुसरूपाली में रोड किनारे एक व्यक्ति लोगों को बैठाकर शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

सूचना पर थाना प्रभारी को अवगत कराकर गवाहों एवं स्टाफ के साथ मौके पर दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही शराब पी रहे लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम जागेश्वर बारीक पिता सहदेव बारीक, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम खुसरूपाली थाना बसना जिला महासमुंद बताया।

आरोपी से शराब पिलाने एवं सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, जो उसके पास नहीं थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 नग देशी प्लेन शराब की खाली शीशी और 2 नग डिस्पोजल गिलास, जिनमें शराब की गंध आ रही थी, गवाहों की मौजूदगी में जप्त किए।

आरोपी का कृत्य धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर उसे 14 सितम्बर की रात 7:50 बजे गिरफ्तार किया गया। मामला जमानतीय होने पर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

महासमुंद सिरपुर में खेत की सब्जी तोड़ने को लेकर विवाद, महिला से मारपीट व गाली-गलौज

महासमुंद सिरपुर में खेत की सब्जी तोड़ने को लेकर विवाद, महिला से मारपीट व गाली-गलौज

 

महासमुंद/ सिरपुर चौकी थाना तुमगांव क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 05 में खेत की सब्जी तोड़ने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और गाली-गलौज की नौबत आ गई। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 05 सिरपुर निवासी 65 वर्षीय महिला घुरवा बाई पति एकादशिया अजगले ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 सितम्बर की दोपहर करीब 1 बजे वह अपने खेत गई थी। उसी दौरान पड़ोसी घंसनीन बाई पति तानसिंग रात्रे उनके खेत में लगी खेक्सी सब्जी तोड़ रही थी। जब उन्होंने विरोध किया तो घंसनीन बाई ने जबरन सब्जी तोड़ते हुए गाली-गलौज की और हाथ-मुक्का से मारपीट कर दी।

घटना के दौरान उनकी नातिन विद्या लक्ष्मी ने बीच-बचाव किया। इस दौरान घंसनीन बाई की बहू यशोदा बाई पति विजय पाल भी वहां पहुंची और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि मारपीट के बाद उनके सीने में दर्द हो रहा है।

घटना का प्रत्यक्षदर्शी सीसराम मिरी बताया गया है। परिजनों से विचार-विमर्श के बाद पीड़िता ने 14 सितम्बर की शाम चौकी सिरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

महासमुंद ग्राम बम्हनी गली में पानी निकालने के विवाद पर महिला से मारपीट, रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद ग्राम बम्हनी गली में पानी निकालने के विवाद पर महिला से मारपीट, रिपोर्ट दर्ज

महासमुंद। ग्राम बम्हनी वार्ड क्रमांक 12 में शनिवार शाम पानी निकासी के विवाद पर महिला से गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है।

पीड़ित महिला ने रिपोर्ट में बताया कि घर में लगे सरकारी नल का पानी गली में निकलने की बात को लेकर पड़ोसी इंद्रा रात्रे अपने परिवार के साथ विवाद करने पहुंचा। बात बढ़ने पर इंद्रा रात्रे ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर से महिला के पैर में चोट पहुंचाई। वहीं भानुप्रताप रात्रे ने हाथ मुक्के से पीठ पर मारपीट की और विनय ढीढी ने बीच-बचाव करने आए महिला के देवर को दांत से कमर पर काट लिया।

घटना को महिला के परिजनों सहित गांव के सरपंच पति घनश्याम व समाज अध्यक्ष गणेशु महिलांग ने देखा और बीच-बचाव किया।

मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने इंद्रा रात्रे, भानुप्रताप रात्रे एवं विनय ढीढी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

महासमुंद बस स्टैण्ड पर मारपीट: तीन के खिलाफ अपराध दर्ज

महासमुंद बस स्टैण्ड पर मारपीट: तीन के खिलाफ अपराध दर्ज

 

महासमुंद। भलेसर रोड निवासी एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 13 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने भाई करण शर्मा के दुकान पर था, तभी सौरभ यादव, योगी चन्द्राकर और चंदन चन्द्राकर वहां पहुंचे और विवाद करने लगे।

शिकायतकर्ता ने बताया कि समझाने के बावजूद तीनों आरोपी बस स्टैण्ड पानी टंकी के पास स्थित सौरभ पान ठेला पहुंच गए। जब वह और उसका भाई वहां पहुंचे तो तीनों ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए हाथ, मुक्का और लात-घूंसे से मारपीट की। सौरभ यादव ने डंडे से भी हमला किया जिससे उसके हाथ, सिर और गर्दन पर चोटें आईं।

घटना का प्रत्यक्षदर्शी उसका भाई करण शर्मा रहा, जिसने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने इलाज के बाद 14 सितंबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS और 3(5)-BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।

Road Accident: बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, CG के चार श्रद्धालुओं की मौत और छह गंभीर रूप से घायल

Road Accident: बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, CG के चार श्रद्धालुओं की मौत और छह गंभीर रूप से घायल

 

रायपुर: जौनपुर जिले में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा (Road Accident) हो गया। वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ में श्रद्धालुओं से भरी एक डबल डेकर बस ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में छत्तीसगढ़ के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा कैसे हुआ

जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 11 बजे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर लौट रहे थे। वे वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के लिए डबल डेकर बस में सवार थे। देर रात लगभग ढाई बजे जब बस कुल्हनामऊ क्षेत्र में पहुंची तो सामने चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से आ रही बस नियंत्रण खो बैठी और ट्रक से टकरा गई।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में बस सवार अपरन भवन की 30 वर्षीय पत्नी आशा भवन (निवासी पीवी-18 थाना गोंडा, जिला कांकेर), कुशव साहू की पत्नी गुलाब (निवासी अम्मीडीह टोला गांव, थाना डांगर गांव, जिला राजनाथगांव), बस चालक दीपक समेत कुल चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई।

घायलों में सुधा मंडल (निवासी पीवी-18 थाना गोंडा, जिला कांकेर), लखन दास (निवासी पीवी-18 थाना गोंडा, जिला कांकेर), वीरेंद्र मंडल (निवासी पीवी-3 थाना गोंडा हूर, जिला कांकेर), सोमेश साहू (निवासी ढाबा, जिला राजनाथगांव) सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रशासन की तत्परता

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दर्दनाक हादसे ने न केवल श्रद्धालुओं के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को भी स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

Nude Party में निलंबित बाबू से लेकर इंजीनियर तक शामिल, CG के हाईप्रोफाइल क्लबों की आड़ में अश्लीलता की इनसाइड स्टोरी

Nude Party में निलंबित बाबू से लेकर इंजीनियर तक शामिल, CG के हाईप्रोफाइल क्लबों की आड़ में अश्लीलता की इनसाइड स्टोरी

 

रायपुर: राजधानी में न्यूड पार्टी (Nude Party Row) और पूल पार्टी के भंडाफोड़ के बाद कई बड़े नाम पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क में स्वास्थ्य विभाग का निलंबित बाबू, हाउसिंग बोर्ड का पूर्व इंजीनियर, कैटरर्स का संचालक और इवेंट प्रमोटर तक शामिल हैं।

राजधानी के हाईप्रोफाइल क्लबों और फार्म हाउस की आड़ में अश्लीलता, देह व्यापार और अवैध वसूली का संगठित तंत्र चलाया जा रहा था। एंट्री शुल्क भी मोटी रकम में वसूली जा रही थी, न्यूड पार्टी के लिए 20 हजार और पूल पार्टी के लिए दो से ढाई हजार रुपये तक।

Obscene Post Viral: छत्तीसगढ़ में ‘न्यूड पार्टी’ मामले ने पकड़ा तूल, महिला आयोग ने लिया संज्ञान

जेम्स बेक: विभाग से निलंबन के बाद क्लब के धंधे तक

न्यूड पार्टी मामले में गिरफ्तार जेम्स बेक का आपराधिक इतिहास पुराना है। वर्ष 2021 में सूरजपुर स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ रहते हुए उसने ऑक्सीजन प्लांट घोटाले में अहम भूमिका निभाई थी। 81.85 लाख रुपये फर्जी कंपनी को भुगतान कराने के आरोप में उसे निलंबित किया गया था। अब वह अपने भतीजे टीनू सिंह के साथ क्लब के धंधे में सक्रिय है।

संतोष गुप्ता : फार्म हाउस उपलब्ध कराने वाला पूर्व इंजीनियर

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पूर्व एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संतोष गुप्ता भी इस नेटवर्क से जुड़ा मिला। उसके नाम से भाठागांव स्थित एसएस फार्म हाउस इसी इवेंट के लिए उपलब्ध कराया गया था।

अजय महापात्र : नशे और दबंगई का लंबा इतिहास

एएनआर कैटरर्स का संचालक अजय महापात्र, जो ‘गरम मसाला 420’ नाम से इंस्टाग्राम चलाता है, पहले भी पत्रकार को कुचलने के प्रयास और क्लब विवाद में जेल जा चुका है। इस बार भी वह आयोजकों में शामिल था।

राजनीतिक संरक्षण में चल रहा था गंदा कारोबार

वीआईपी रोड स्थित हाइपर क्लब लंबे समय से अश्लील डांस, देह व्यापार और ड्रग्स सप्लाई का अड्डा बना हुआ था। यहां आफ्टर पार्टी में लड़कियों की सप्लाई की जाती थी, जिनमें एचआईवी संक्रमित युवतियां भी शामिल थीं। एमडीएमए, कोकेन और ब्राउन शुगर जैसे नशे खुलेआम बिकते थे। राजनीतिक संरक्षण और रसूखदारों की मेहमाननवाजी के चलते पुलिस को सब जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब सोशल मीडिया विवाद के बाद मामला खुला और जांच शुरू हुई है।

कांग्रेस अध्यक्ष का हमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि न्यूड पार्टी जैसे आयोजन भाजपा सरकार की नाकामी को उजागर करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना सत्ता और पुलिस के संरक्षण ऐसे अश्लील कार्यक्रम संभव ही नहीं हैं। भाजपा शासन में अराजक तत्व बेलगाम हो चुके हैं और गृहमंत्री कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। मुख्यमंत्री से उन्होंने मांग की कि वे इस प्रकरण पर स्पष्ट बयान दें और अगर उनमें साहस है तो गृह मंत्री को बर्खास्त करें।

महिला आयोग की सख्ती

राज्य महिला आयोग ने न्यूड पार्टी मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है। अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने रायपुर पुलिस अधीक्षक और साइबर सेल प्रमुख को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। निर्देश दिया गया है कि दो दिन में विस्तृत रिपोर्ट आयोग को भेजी जाए और अंतिम आरोपी पकड़े जाने तक हर दिन प्रगति रिपोर्ट दी जाए। डॉ. नायक ने कहा कि समाज की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana: सस्ती नहीं, अब मुफ्त बिजली की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana: सस्ती नहीं, अब मुफ्त बिजली की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़

 

रायगढ़: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) के लाभ आमजन तक पहुंचाने और व्यापक जन-जागरूकता के लिए जिला कलेक्टोरेट परिसर से प्रचार रथ को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ जिले के शहरी और ग्रामीण अंचलों का भ्रमण कर नागरिकों को योजना की विस्तृत जानकारी देगा तथा उन्हें इससे होने वाले आर्थिक व सामाजिक लाभों से अवगत कराएगा।

उपभोक्ताओं को आकर्षक सब्सिडी

कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम उपभोक्ताओं को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत उपभोक्ता अपने मकान की छत पर सौर पैनल स्थापित कर न केवल घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर उपभोक्ताओं को आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही है, जिससे यह योजना आमजन के लिए सरल, किफायती और लाभकारी सिद्ध हो रही है। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता गुंजन शर्मा, कार्यपालन अभियंता रामकुमार राव, नरेंद्र नायक सहित बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

योजना के लाभ और सब्सिडी विवरण

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट प्लांट से प्रतिमाह लगभग 120 यूनिट बिजली उत्पादन होता है। इसमें केंद्र सरकार 30 हजार रुपए एवं राज्य सरकार 15 हजार रुपए सब्सिडी प्रदान करती है। 2 किलोवाट प्लांट से प्रतिमाह लगभग 240 यूनिट बिजली उत्पादन होता है।

इसमें केंद्र सरकार 60 हजार रुपए एवं राज्य सरकार 30 हजार रुपए सब्सिडी देती है। 3 किलोवाट प्लांट से प्रतिमाह लगभग 360 यूनिट बिजली उत्पादन होता है। इसमें केंद्र सरकार 78 हजार रुपए एवं राज्य सरकार 30 हजार रुपए सब्सिडी देती है। शेष राशि उपभोक्ता स्वयं वहन करेंगे। जिसे बैंक ऋण सुविधा के माध्यम से भी प्राप्त किया जा सकता है।

CG में पुजारी और पंडितों की बल्ले-बल्ले: मिलेगा 15 हजार मासिक मानदेय, इन संतों को मिलेगा लाभ

CG में पुजारी और पंडितों की बल्ले-बल्ले: मिलेगा 15 हजार मासिक मानदेय, इन संतों को मिलेगा लाभ

 

छत्तीसगढ़ में सनातन धर्म और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षकों के लिए एक नई शुरुआत हुई है। राजधानी में चतुर्वर्णार्थ धर्म स्तंभ काउंसिल की बैठक में यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया कि प्रदेश के सभी पुजारी, पुरोहित और भागवताचार्यों को दिल्ली माडल की तर्ज पर प्रतिमाह 15 हजार का मानदेय मिलेगा।

बैठक की अध्यक्षता नागा संत हरिशंकर दास ने की। उन्होंने कहा, पुजारी और भागवताचार्य केवल मंदिर और अनुष्ठानों के संरक्षक नहीं हैं, बल्कि समाज की आस्था के दीपस्तंभ हैं। उनका सम्मान और सुरक्षा देना राज्य का कर्तव्य है।

किन संतों को मिलेगा लाभ?

अखिल भारतीय पुजारी-पुरोहित संघ के संयोजक डा. सौरव निर्वाणी ने बताया कि यह योजना सभी परंपराओं और जातियों के गृहस्थ संतों तक लागू होगी, जिससे हर समाज और धर्म के संत समान रूप से लाभान्वित होंगे। संघ के प्रदेशाध्यक्ष महंत सुरेंद्र दास ने कहा कि संगठन प्रदेश के सभी पुजारियों को एक सूत्र में बांध रहा है और जिला-ग्राम स्तर पर पूरी सूची तैयार कर सरकार को सौंपेगा। डा. निर्वाणी ने इस पहल को छत्तीसगढ़ में सनातन संस्कृति और साधु-संत परंपरा की गरिमा को पुनर्स्थापित करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।

बैठक के मुख्य निर्णय

मासिक मानदेय योजना से हजारों पुजारी और भागवताचार्य लाभान्वित होंगे। दिल्ली माडल पर प्रदेश में ऐतिहासिक शुरुआत। सभी जातियों और परंपराओं के गृहस्थ संत योजना में शामिल होंगे। संघ के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री से औपचारिक मांग पत्र सौंपेंगे। इस अनोखी पहल का प्रदेश के पुजारी और संतों ने स्वागत किया। अखिल भारतीय वैष्णव ब्राह्मण सेवा संघ के राघवेंद्र दास, डा. रविंद्र द्विवेदी, छोटे राजा जेके लाल और अन्य संतों ने इसे सनातन धर्म की सेवा करने वालों की सुरक्षा और सम्मान करने वाला कदम बताया।

महासमुन्द : मनमीत सिंह छाबड़ा बने सांसद प्रतिनिधि, सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मनमीत छाबड़ा को सौंपी जिम्मेदारी

महासमुन्द : मनमीत सिंह छाबड़ा बने सांसद प्रतिनिधि, सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मनमीत छाबड़ा को सौंपी जिम्मेदारी

महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने पिथौरा जनपद पंचायत क्षेत्र के सक्रिय भाजपा नेता मनमीत सिंह छाबड़ा (रिक्की) को सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया है।

सांसद प्रतिनिधि के रूप में मनमीत की जिम्मेदारी होगी कि वे पिथौरा क्षेत्र की जनता और सांसद के बीच सेतु का कार्य करें। वे क्षेत्र की समस्याओं को संकलित कर सांसद तक पहुँचाएँगे तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उनके समाधान के लिए पहल करेंगे। साथ ही, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित कराने में सहयोग करेंगे।

सांसद प्रतिनिधि की भूमिका के अंतर्गत वे सांसद की अनुपस्थिति में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक आयोजनों में प्रतिनिधित्व करेंगे तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान करेंगे।

इस नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने मनमीत सिंह छाबड़ा को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और विकास की गति और अधिक तेज होगी।

नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री छाबड़ा ने सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास कार्यों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाएँगे।