छत्तीसगढ़ : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ में बिल्हा की मातृशक्ति का उल्लेख – छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की स्वच्छता पहल को राष्ट्रीय मंच पर मिली पहचान

छत्तीसगढ़ : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ में बिल्हा की मातृशक्ति का उल्लेख – छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की स्वच्छता पहल को राष्ट्रीय मंच पर मिली पहचान

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की गूंज – बिल्हा की महिलाओं ने बदली शहर की तस्वीर, पीएम ने की सराहना

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय बोले – यह हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का क्षण

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। इस अवसर पर श्री विकास मरकाम, श्री नवीन मार्कण्डेय, श्री अमित चिमनानी, श्रीमती हर्षिता पांडे, श्री अमित साहू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ न केवल जन संवाद का एक सशक्त माध्यम है, बल्कि यह देशभर के नवाचारों, जनप्रयासों और प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाकर लोगों में नई ऊर्जा भरने का कार्य करता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए विशेष गौरव का विषय है, क्योंकि बिलासपुर जिले के नगर पंचायत बिल्हा में स्वच्छता के क्षेत्र में मातृशक्ति द्वारा किए गए नवाचार का उल्लेख स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम में किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिल्हा की महिलाओं को वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी गई और उन्होंने मिलकर शहर की तस्वीर बदल डाली। यह उल्लेख हम सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बिल्हा की महिलाओं ने दिखा दिया कि जब संकल्प और सहयोग एक साथ हों, तो कोई भी बदलाव असंभव नहीं होता। स्वच्छता की इस मिसाल ने पूरे देश में छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। बिल्हा की महिलाओं ने अपने संकल्प से इसे देश का सबसे स्वच्छ शहर बना दिया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो नवाचार किया है, उसे आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में विशेष रूप से रेखांकित किया। यह दिखाता है कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से बनता हुआ एक सशक्त जनांदोलन है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 7 शहरों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत माननीय राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है, जिनमें नगर पंचायत बिल्हा सहित अन्य नगरीय निकाय शामिल हैं। उन्होंने नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, निगम आयुक्तों, सीएमओ, स्वच्छता दीदियों और सफाईकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सभी के समर्पण और मेहनत का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित हो रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी बताया कि हाल ही में जशपुर जिले के दौरे के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि जिले के पाँचों नगरीय निकायों ने स्वच्छता रैंकिंग में अभूतपूर्व छलांग लगाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दो दिन पहले उन्होंने जशपुर में स्वच्छता दीदियों और कर्मियों को स्वयं सम्मानित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में एक सकारात्मक वातावरण बना है और हमारी सरकार ने जिस निष्ठा एवं संकल्प के साथ स्वच्छ भारत मिशन को लागू किया है, उसका परिणाम आज देश के सामने है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ आज देश के कोने-कोने की साधारण कहानियों को असाधारण प्रेरणा में बदलने वाला राष्ट्रीय अभियान बन गया है जो भारत के लोकतंत्र की जीवंतता का साक्षात प्रमाण है।

 

बलौदाबाजार : धसकुड़ जलप्रपात पर बड़ा हादसा, 40 फीट ऊंचाई से गिरा युवक, चार हड्डियां टूटीं

बलौदाबाजार भाटापारा: धसकुड़ जलप्रपात पर बड़ा हादसा, 40 फीट ऊंचाई से गिरा युवक, चार हड्डियां टूटीं

बलौदा बाजार जिले के चर्चित धसकुड़ जलप्रपात पर 26 जुलाई को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसका लाइव वीडियो अब सामने आया है। जिले के निखिल साहू (18 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ जलप्रपात पर घूमने पहुंचा था। बलौदा बाजार जिले के चर्चित धसकुड़ जलप्रपात पर 26 जुलाई को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसका लाइव वीडियो अब सामने आया है। जिले के निखिल साहू (18 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ जलप्रपात पर घूमने पहुंचा था। रील बनाने के चक्कर में उसने अपनी जान को खतरे में डाल दिया। मिली जानकारी के अनुसार, निखिल अपने दोस्तों के साथ मस्ती कर रहा था। इसी दौरान उसने एक रोमांचक वीडियो बनाने के लिए झरने की ऊपरी चोटी पर चढ़कर छलांग लगाने का प्रयास किया। जैसे ही वह छलांग लगाने की कोशिश करता है, बैलेंस बिगड़ जाता है और वह सीधे 40 फीट की ऊंचाई से नीचे पत्थरों पर जा गिरता है। इस हादसे में निखिल को गंभीर चोटें आई हैं। उसके दोनों हाथ और कमर की हड्डियों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। बताया जा रहा है कि निखिल ऊंचाई से डरता था, लेकिन सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में जोखिम उठा बैठा।

घटना का एक्सक्लूसिव वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे मस्ती के माहौल में यह खतरनाक हादसा हुआ। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच बहस का विषय बन गया है कि क्या रील और लाइक्स की दौड़ में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं? पुलिस और प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह घटना एक बार फिर जलप्रपात और खतरनाक स्थानों पर बिना सुरक्षा के जाने के प्रति चेतावनी बनकर सामने आई है।

सरायपाली ओम हॉस्पिटल में प्रसिद्ध मस्तिष्क एवं स्पाइन रोग विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमुखेश धावड़े का शिविर 1 अगस्त 2025, शुक्रवार 

सरायपाली ओम हॉस्पिटल में प्रसिद्ध मस्तिष्क एवं स्पाइन रोग विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमुखेश धावड़े का शिवीर    1 अगस्त 2025, शुक्रवार

सरायपाली। शहर के ओम हॉस्पिटल में प्रदेश के प्रसिद्ध मस्तिष्क एवं स्पाइन रोग विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमुखेश धावड़े (MBBS, MS, MCH Neuro Surgeon, JIPMER, Ex Consultant SHNRC Vellore) 1 अगस्त 2025, शुक्रवार को विशेष परामर्श देंगे। मरीज सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श ले सकते हैं।

उपचार की सुविधाएं:डॉ. धावड़े मस्तिष्क और रीढ़ से जुड़ी समस्याओं जैसे – सर का बड़ा होना, शंट सर्जरी, सर की चोट, असामान्य सर दर्द, चक्कर आना, माइग्रेन एवं मिर्गी, नसों का दबना और स्ट्रोक (लकवा) आदि का उपचार करेंगे।

विशेष सुविधाएं:

प्रत्येक माह के प्रथम और तीसरे शुक्रवार को डॉ. धावड़े उपलब्ध रहेंगे।

आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड एवं इंश्योरेंस से इलाज की सुविधा उपलब्ध है।

बैंक कार्ड से नि:शुल्क इलाज की सुविधा।

अग्रिम पंजीयन अनिवार्य।

प्रत्येक गुरुवार नि:शुल्क परामर्श।

संपर्क हेतु: ओम हॉस्पिटल, स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय के पास, शेरलाल हाइवे, सरायपाली।

फोन – 07725-299360,

मोबाइल – 83700-08558।

सरायपाली में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 13 विकास कार्यों का किया लोकापर्ण एवं भूमिपूजन यहाँ 167.37 लाख रुपये की लागत से मिलेगी नगरवासियों को सुविधाए

सरायपाली में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 13 विकास कार्यों का किया लोकापर्ण एवं भूमिपूजन यहाँ 167.37 लाख रुपये की लागत से मिलेगी नगरवासियों को सुविधाए

महासमुंद 27 जुलाई आज नगर पालिका परिषद सरायपाली के लिए ऐतिहासिक दिन रहा, जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नगर क्षेत्र में कुल 13 विकास कार्यों का लोकापर्ण एवं भूमिपूजन कर नगरवासियों को 167.37 लाख रुपये की सौगात दी। इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद, बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल, पूर्व सांसद श्री चुन्नी लाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल,छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर,छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सरला कोसरिया, स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येत राम साहू,नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदगण, तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कुल 7 कार्य, लागत ₹87.36 लाख रूपये का लोकार्पण किया जिसमें घंटेश्वरी मंदिर के पास अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना सहित सौंदर्यीकरण कार्य ₹28.16 लाख, अघरिया समाज छात्रावास परिसर में डोम निर्माण कार्य ₹30.00 लाख, वार्ड क्रमांक 02, 05, 09, 12 एवं 15 में बस स्टॉप निर्माण कार्य ₹29.20 लाख का कार्य शामिल है।

इसी तरह भूमिपूजन कार्य अंतर्गत कुल 6 कार्य, लागत ₹80.01 लाख रुपए जो 15वें वित्त आयोग अंतर्गत शामिल है ,जिनमें वार्ड क्रमांक 05 में तालाब से बस स्टॉप तक विद्युतिकरण कार्य ₹4.23 लाख, वार्ड क्रमांक 01 में पाइपलाइन विस्तार कार्य ₹6.23 लाख, वार्ड क्रमांक 05 में तालाब से बस स्टॉप तक फुटपाथ निर्माण कार्य ₹15.70 लाख, वार्ड क्रमांक 05 में सरसीवां रोड पर शेड निर्माण कार्य ₹25.79 लाख,पीवीसी टंकी स्थापना एवं पाइप लाइन विस्तार कार्य ₹10.76 लाख,वार्ड क्रमांक 01 में सम्पवेल निर्माण कार्य ₹17.30 लाख रुपए शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि बुनियादी सुविधाएं हर नागरिक तक पहुंचे। सरायपाली क्षेत्र के विकास के लिए यह सिर्फ एक शुरुआत है, आने वाले समय में और भी बड़ी योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि आज के इस पावन अवसर पर सराईपाली नगर पालिका में 1.67 करोड़ के अलग-अलग कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है, इसके लिए मैं सराईपाली की जनता को बधाई और शुभकामनाएँ देता हूँ। आज सराईपाली के लिए यादगार दिन है, आज अटल जी के भव्य और सुंदर प्रतिमा का लोकार्पण हुआ है। राज्य के सभी नगरीय निकाय में इस प्रतीक का लोकार्पण इसलिए हुआ है क्यूंकि आज हमारे राज्य की अलग पहचान श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के कारण संभव हुआ है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण से पहले भुखमरी अशिक्षा और गरीबी थी, छत्तीसगढ़ की जनता के इस दर्द को अटल जी ने समझा और हमारा राज्य अस्तित्व में आया।आज अटल जी के महान सोच से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से देश के गाँवों की तरक्की संभव हुई है। हमारी सरकार ने 18 लाख आवास दिया है और आज 14 लाख से ज़्यादा की स्वीकृति डेढ़ साल के अंदर हुआ है और इसके अलावा नए नाम जोड़ने का काम चल रहा है, और एक भी ग़रीब आवासहीन ना रहे यही हमारी विष्णु देव साय सरकार का लक्ष्य है। किसानों को प्रति एकड़ 3100/ रूपये क्विंटल दिया जा रहा है। आज छत्तीसगढ़ में इसलिए चारों ओर विकास की बयार चल रही है। साथ ही उन्होंने विधायक सराईपाली द्वारा की गई मांगों को स्वीकृति प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सरायपाली क्षेत्र का विकास मेरे लिए सदैव प्राथमिकता रहा है। आज के कार्यों से जनता को लाभ मिलेगा और यह क्षेत्र समग्र रूप से आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि आज हमारे लिए ये गौरव का विषय है कि अटल परिसर के लोकार्पण के अवसर में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी हमारे बीच उपस्थित हैं। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी जो छत्तीसगढ़ के निर्माता हैं, ये उनकी विकास की सोच का परिणाम है कि यह कार्य आज संभव हुआ है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी इसी विकास रूपी सोच को आगे ले जा रहे हैं, उसी योजना के तहत अटल परिसर और हर जगह सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सराईपाली और बसना सूखा क्षेत्र है, इस क्षेत्र को भी जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्राथमिकता में रखा गया है।

सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने कहा कि अटल जी ने देश के लिए जो काम किए है वह हमारे युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय हैं। सराईपाली के लिए यह गौरव की बात है कि यहाँ उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव की उपस्थिति में अटल परिसर का अनावरण हो रहा है। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को अवगत कराया।

कार्यक्रम में श्रीमती सरस्वती पटेल अध्यक्ष नगर पालिका ,श्रीमती लक्ष्मी पटेल जनपद अध्यक्ष सराईपाली खुशबू अग्रवाल नगर पंचायत अध्यक्ष बसना,श्री नेहरू निषाद सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नगर की जनता मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ में स्वच्छता से विज्ञान तक छत्तीसगढ़ का जिक्र,जनभागीदारी की यह असली मिसाल है : विधायक डॉ संपत अग्रवाल

प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ में स्वच्छता से विज्ञान तक छत्तीसगढ़ का जिक्र,जनभागीदारी की यह असली मिसाल है : विधायक डॉ संपत अग्रवाल

प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की गूंज, विधायक डॉ संपत अग्रवाल बोले-दिल गदगद हो गया

विज्ञान से स्वच्छता तक छत्तीसगढ़ की गूंज, डॉ संपत बोले-PM ने आम जन के प्रयासों को दिया सम्मान

मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का गौरव गूंजा, विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने कहा-यह हमारे संस्कारों की पहचान है

मन की बात’ ने छत्तीसगढ़ की ताकत को पूरे देश तक पहुँचाया,मन गदगद है : विधायक डॉ संपत अग्रवाल

*बसना* । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण में देश की विविध उपलब्धियों और प्रेरणादायक प्रयासों पर चर्चा की। संसद के मानसून सत्र के बीच प्रसारित इस एपिसोड में उन्होंने विज्ञान, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों को विशेष रूप से रेखांकित किया।

इस अवसर पर बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने पिथोरा में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। उन्होंने कहा जब प्रधानमंत्री के मुख से छत्तीसगढ़ की बात सुनाई दी, तो दिल गदगद हो गया। यह हमारे राज्य के लिए गर्व का क्षण है।

विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ में आज प्रधानमंत्री मोदी ने बिल्हा क्षेत्र की 200 महिलाओं की सराहना की, जिन्होंने कचरा प्रबंधन का प्रशिक्षण लेकर शहर की सफाई व्यवस्था को नया रूप दिया। उन्होंने बताया कि ये महिलाएं 17 पार्कों की सफाई के साथ-साथ कपड़े के थैले बांटकर लोगों को जागरूक कर रही हैं।विधायक डॉ अग्रवाल ने इसे “स्वच्छ भारत मिशन की असली जनभागीदारी” बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज देश को दिशा दे रही हैं। यह हमारे राज्य की शक्ति और संवेदनशीलता का प्रतीक है।

विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 की सफलता के बाद छात्रों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति बढ़ती रुचि का उल्लेख किया। उन्होंने ‘इंस्पायर मानक अभियान’ की सराहना करते हुए बताया कि अब हर स्कूल से 10 छात्र चयनित किए जा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ मनाने का आह्वान किया। विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा कि इसे आत्मविश्वास और जिज्ञासा को बढ़ाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की सफलता ने बच्चों को यह विश्वास दिलाया है कि वे भी अंतरिक्ष में जा सकते हैं।

विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा के क्योंझर जिले के ‘राधा कृष्ण संकीर्तन’ समूह की पहल को विशेष रूप से सराहा, जो भजन-कीर्तन के माध्यम से जंगल की आग से बचाव और पर्यावरण जागरूकता फैला रहे हैं ।

विधायक डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह एपिसोड न केवल देश की उपलब्धियों को उजागर करता है, बल्कि आम नागरिकों के प्रयासों को सम्मान भी देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें प्रेरणा दी है कि हम भी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

सरायपाली/उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया अटल जी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, व्यक्तित्व को बताया युगद्रष्टा

सरायपाली/उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया अटल जी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, व्यक्तित्व को बताया युगद्रष्टा

सरायपाली, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज सरायपाली प्रवास के दौरान मा घंटेश्वरी मंदिर के समीप नवनिर्मित अटल परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अटल जी के विचारों व योगदान को स्मरण किया।

 

उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष थे, जिनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। वे विचारों के धनी, ओजस्वी वक्ता और दूरदृष्टा राजनेता थे। अटल जी ने न सिर्फ भारतीय राजनीति को नई दिशा दी, बल्कि आमजन की आशाओं को नीति में परिवर्तित कर दिखाया। पोखरण परमाणु परीक्षण हो या सर्वसमावेशी विकास की परिकल्पना, हर कदम पर उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया।

उन्होंने आगे कहा कि अटल जी का जीवन सरलता, संयम और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक रहा है। उन्होंने लोकतंत्र की गरिमा को सदैव सर्वोपरि रखा और विपक्ष को भी सम्मान देने की परंपरा स्थापित की। उनके व्यक्तित्व से वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद, बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल, पूर्व सांसद श्री चुन्नी लाल साहू,

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल,छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर,राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने अटल जी के विचारों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

बलौदाबाजार : निजी विद्यालयों में बच्चों की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो -कलेक्टर

बलौदाबाजार : निजी विद्यालयों में बच्चों की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो -कलेक्टर

बच्चों के अनुपात में व निर्धारित अहर्ताधारी शिक्षकों की नियुक्ति पर जोर

स्कूल वैन व बसों में सुरक्षा इंतजाम सहित वाहन चालकों व हेल्पर पर रखनी होगी निगरानी

बलौदाबाजार,शासन के निर्देशों का पालन करते हुए विद्यालय संचालन के सम्बन्ध में बुधवार क़ो जिला पंचायत सभाकक्ष बलौदाबाजार में निजी स्कूल संचालकों एवं प्रचार्यों  की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर दीपक सोनी ने  बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए स्कूलों में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरा  लगाने एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे सहित जिले के निजी स्कूल संचालक, प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि निजी स्कूलों क़ो बच्चों की शिक्षा  के साथ सुरक्षा की भी जिम्मेदारी लेनी होगी। प्राचार्य अपने स्कूल के शिक्षकों व कर्मचारियों के कार्यशैली पर नजर रखें। व्यवहार या कार्य पर किसी प्रकार की शंका हो तो उच्च अधिकारी क़ो अवगत कराएं। सभी निजी विद्यालयों में सुझाव पेटी उपयुक्त स्थान पर रखें तथा प्राप्त सुझाव या शिकायतों का उचित निराकरण भी करें।  उन्होंने स्कूल में शीघ्र शिक्षक- पालक मीटिंग का आयोजन कर पालको के साथ  सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करने एवं पालकों के साथ स्कूल का निरीक्षण करने कहा।

कलेक्टर ने शासन के नियमानुसार स्कूलों का संचालन तथा बच्चों की संख्या के अनुपात में प्राथमिक, मिडिल एवं हाई स्कूल के लिए निर्धारित मापदंड के अनुसार

अहर्ताधारी शिक्षको क़ो नियुक्त करने कहा। इसीतरह आरटीई के तहत एडमिशन एवं बच्चों क़ो गणवेश व पुस्तक वितरण समय पर करने कहा।  उन्होंने कहा कि फीस में बढ़ोतरी  विद्यालय समिति के अनुमोदन से करें तथा  किसी दुकान विशेष से ही कॉपी- पुस्तक व ड्रेस खरीदने की बाध्यता न हो। आरटीई के तहत प्रवेश लेने वाले बच्चों के अभिभावकों क़ो पेरेंट्स मीटिंग में जरूर बुलाएं और स्कूल की गतिविधियों, बच्चे की पढ़ाई की जानकारी दें। उन्होने बच्चों के स्कूल बैग की वजन के सम्बन्ध में  आरटीई के तहत निर्धारित कक्षावार वजन का अनुपालन सुनिश्चित करने कहा जिसमें कक्षा पहली से दूसरी तक बैग का वजन 2 किलोग्राम, तीसरी से चौथी तक 3 किलोग्राम तथा कक्षा 5 वीं से 8 वी तक 5 किलोग्राम वजन हो।

कलेक्टर ने बच्चों के स्कूल आने -जाने के लिए रखे गए स्कूल वैन एवं स्कूल बसों के लिए निर्धारित सुरक्षा  इंतजाम पुख्ता करने तथा समय -समय पर वाहनो की फिटनेस जांच कराने कहा। उन्होंने वाहन चालकों तथा हेल्परों पर निगरानी रखने के साथ ही उनके स्थायी व वर्तमान निवास का पता व मोबाइल नंबर सबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी क़ो उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही मोटर सायकिल चलाते हुए स्कूल आने वाले बच्चों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होने तथा हेलमेट क़ो अनिवार्य करने कहा।

 

बलौदाबाजार : प्रयास विद्यालय में प्रवेश के लिए द्वितीय प्रतीक्षा सूची हेतु काउंसलिंग 28 जुलाई को

बलौदाबाजार : प्रयास विद्यालय में प्रवेश के लिए द्वितीय प्रतीक्षा सूची हेतु काउंसलिंग 28 जुलाई को

बलौदाबाजार, सत्र 2025-26 में प्रयास आवासीय विद्यालय की कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु द्वितीय प्रतिक्षा सूची के विद्यार्थियों क़ा काउंसलिंग  28 जुलाई 2025 क़ो प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय गुढ़ियारी रायपुर में होगा।

काउंसलिंग में अनुसूचित जनजाति एवं विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह बालक, अनुसूचित जनजाति एवं विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह बालिका, अनुसूचित जाति बालक एवं बालिका, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग बालक एवं बालिका हेतु 28 जुलाई 2025 प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक भाग ले सकते है।काउंसिलिंग में अपने साथ प्रवेश पत्र, जाति-निवास प्रमाण पत्र, 8वीं उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, शाला स्थानांतरण प्रमाण पत्र, मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाण पत्र, सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र, 2 स्वयं का पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, यदि परिवार नक्सल हिंसा से सीधे प्रभावित हैं तो इस आशय का सम्बधित जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र लाना होगा।

 

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री ने सीआरपीएफ स्थापना दिवस पर वीर जवानों को किया नमन

छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री ने सीआरपीएफ स्थापना दिवस पर वीर जवानों को किया नमन

राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा के अडिग प्रहरी हैं सीआरपीएफ के जवान – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने  केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के स्थापना दिवस (27 जुलाई) के अवसर पर वीर जवानों को शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, अनुशासन और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्थापना दिवस के अवसर पर शांति, सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के लिए कार्यरत सभी सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सीआरपीएफ जवानों की वीरता और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने के लिए सीआरपीएफ के जवानों ने जो अनुकरणीय सेवा, साहस और समर्पण दिखाया है, वह गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के शौर्यगाथा के हर अध्याय में देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की रक्षा का दृढ़ संकल्प निहित है।

 

छत्तीसगढ़ : हर घर तक जल पहुँचाने के साथ ही जल बचाना भी हो प्राथमिकता में – श्री अरुण साव

छत्तीसगढ़ : हर घर तक जल पहुँचाने के साथ ही जल बचाना भी हो प्राथमिकता में – श्री अरुण साव

पीएचई अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के समापन सत्र में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

ग्रामीण जलापूर्ति के संस्थागत एवं सामुदायिक पहलुओं तथा तकनीकी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का दिया गया प्रशिक्षण

उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री अरुण साव आज  विभागीय अधिकारियों तथा मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के समापन सत्र में शामिल हुए। जल जीवन मिशन के तहत निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान में आयोजित छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्रामीण जल आपूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय सचिव श्री मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और प्रमुख अभियंता श्री टी.डी. सांडिल्य भी समापन सत्र में शामिल हुए।

एसपीएम-निवास और यूनिसेफ द्वारा दो बैचों में आयोजित प्रशिक्षण में 21 जुलाई से 23 जुलाई तक पहले बैच के प्रशिक्षुओं को ग्रामीण जलापूर्ति के संस्थागत एवं सामुदायिक पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। वहीं 24 जुलाई से 26 जुलाई तक दूसरे बैच में ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के तकनीकी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का प्रशिक्षण दिया गया। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की रणनीतियों को सुदृढ़ बनाने तथा क्षेत्रीय अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स को जल संरचना की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने में दक्ष बनाने के लिए इस सघन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने प्रशिक्षण के समापन सत्र में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन पर जोर देते हुए अपने संबोधन में कहा कि हर घर तक जल पहुँचाने के लक्ष्य के साथ हमें जल बचाने की जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता देना होगा। हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए जल और जलस्रोतों को प्रभावी ढंग से संरक्षित करना होगा। उन्होंने प्रशिक्षण में मौजूद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोतों के संरक्षण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। श्री साव ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से गांवों में स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नल जल योजनाओं के सुचारू व निर्बाध संचालन में स्थानीय युवाओं और संस्थाओं की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता श्री टी.डी. सांडिल्य ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें तकनीकी दक्षता, समुदाय आधारित सहभागिता एवं स्थिर जल प्रबंधन प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान मिली जानकारियों को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित किया। यूनिसेफ की बाल संरक्षण एवं लिंग विशेषज्ञ सुश्री चेतना देसाई ने जल संरक्षण और प्रबंधन में लिंग संवेदनशीलता और बाल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रशिक्षुओं को इन पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया।