छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में भीषण सड़क हादसा, 10 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में भीषण सड़क हादसा, 10 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में रविवार अल सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि डोंगरगढ़ जा रही रही एक कार हाईवे पर ट्रक से टकरा गई। जिसमें कार में सवार परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई। घटना ओवरटेक करने की वजह से हुई। नवरात्र की वजह से यह हाईवे वनवे था। हादसे में घायल लोगों को मनकी अस्पताल में भेजा गया है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया है। मृतकों के नाम वेंकट लक्ष्मी, मंगैया, सावित्री बाई, आदिनारायण, विजय कुमार, पी मनीषा, मंजू, नागमणी और गाड़ी चालक शामिल है।

बताया जा रहा है कि दोनों ही वाहन बहुत तेज रफ्तार में थे, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।कार में भिलाई का रहने वाला एक परिवार के लोग बैठे थे, जो डोंगरगढ़ से दर्शन कर लौट रहे थे। घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को इसकी सूचना दी। बड़ी मशक्कत के बाद कार से घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।

 

छत्तीसगढ़ : मदरसा बोर्ड सहित प्रदेश के मदरसों में किया गया ध्वजारोहण

छत्तीसगढ़ : मदरसा बोर्ड सहित प्रदेश के मदरसों में किया गया ध्वजारोहण

छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड कार्यालय परिसर रायपुर में आज 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अध्यक्ष श्री अलताफ अहमद ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात् सामूहिक रूप से राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर सचिव छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड श्री प्रेमप्रकाश द्विवेदी, सहायक संचालक श्री अशोक वर्मा, प्रभारी रजिस्ट्रार श्रीमती अख़्तर खान, श्री तौहीद ख़ान, जिला उर्दू इंचार्ज रायपुर श्री जावेद मोहम्मद कुरैशी, डॉ. शबा परवीन, श्रीमती अफरोज बेगम, श्रीमती फरजाना, श्री नज़ीर अहमद रज़ा, श्री सुख़नवर हुसैन, श्री अशरफ अहमद, श्री अकरम बेग, श्री प्रदीप बघेल, श्री शाहनवाज़ ख़ान सहित कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

प्रदेश में संचालित पंजीकृत प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक मदरसों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान किया गया। प्रदेश के मदरसों में ध्वजारोहण के पश्चात् छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।

 

छत्तीसगढ़/नवा रायपुर में ‘मौत का स्टंट’ करने वाले 9 बाइक राइडर गिरफ्तार, 7 बाइक जब्त 

छत्तीसगढ़/नवा रायपुर में ‘मौत का स्टंट’ करने वाले 9 बाइक राइडर गिरफ्तार, 7 बाइक जब्त

नवा रायपुर की सड़कों पर खतरनाक स्टंट कर वीडियो वायरल करने वाले 9 बाइक राइडरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से 7 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले अज्ञात बाइक राइडरों ने नवा रायपुर में सड़कों पर स्टंट कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इससे सड़क हादसे और मानव जीवन को खतरा होने की आशंका थी।

पुलिस को सूचना मिली कि 15 अगस्त को भी इसी तरह का स्टंट करने की योजना बनाई गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम और साइबर यूनिट व मंदिर हसौद थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर वीडियो में दिख रहे बाइक राइडरों की पहचान की। उन्हें पकड़कर मोटर व्हीकल एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई और जेल भेज दिया गया।

यह है पूरा मामला

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से रायपुर के आस-पास इंस्टाग्राम पर कुछ रील तेजी से वायरल हो रहे थे, जिसमें कुछ राइडर तेजी से लापरवाही के साथ नवा रायपुर की सड़कों पर बाइक चला रहे थे। इन युवाओं ने फिल्मी गानों पर रील्स और स्टोरी लगा रखा था। जिसमें उन्होंने 15 अगस्त को नवा रायपुर में स्टंटवाजी करने की बात लिखी थी।

ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए त्वरित रूप से कार्रवाई की है। इसी कार्रवाई के तहत 9 राइडरों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. सागर भारती (22) निवासी ग्राम छतौना, मंदिर हसौद

2. शेखर निषाद (24) निवासी परसदा, अभनपुर

3. दानिश कुरैशी (18) निवासी बरौंडा बाजार, महासमुंद

4. मुकेश चंद्राकर (21) निवासी रामेश्वर नगर भनपुरी, रायपुर

5. विशाल चंद्रवंशी उर्फ विक्की (23) निवासी सिलतरा, धरसींवा

6. एवज देवांगन उर्फ एजे (21) निवासी बुधवारी बाजार बीरगांव, रायपुर

7. तुषार निषाद (21) निवासी ग्राम अछोली, रायपुर

8. रवि बैरागी (24) निवासी अशोक नगर, रायपुर

9. टिकेश्वर साहू (23) निवासी डॉ. राजेंद्र नगर, रायपुर

बसना/पदरडीह में सड़क हादसे में महिला की मौत, बेटे की हालत गंभीर

बसना/पदरडीह में सड़क हादसे में महिला की मौत, बेटे की हालत गंभीर

 

पदरडीह/बसना, 14 अगस्त 2025: पदरडीह के निवासी ने बताया कि 13 अगस्त की शाम लगभग 7:15 बजे उनका पुत्र विकास यादव अपनी मां कौशल्या यादव को मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स में पीछे बैठाकर बसना से बाजार के लिए जा रहे थे।

 

इसी दौरान मंजनीमाटी स्कूल मोड़ के पास एक अज्ञात पीकअप वाहन चालक ने अपने वाहन को लापरवाही और तेज गति से चलाते हुए पीछे से मोटरसाइकिल को ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में कौशल्या यादव के सिर के पीछे गंभीर चोटें आईं, जबकि विकास यादव के दाहिने हाथ और पैर में चोटें आईं।

 

दुर्घटना के बाद दोनों को तत्काल ईलाज के लिए सीएचसी बसना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें अग्रवाल नर्सिंग होम बसना रेफर किया। ईलाज के दौरान दुखद रूप से कौशल्या यादव ने रात लगभग 12:30 बजे दम तोड़ दिया। वहीं विकास यादव, उम्र 15 वर्ष, का ईलाज अग्रवाल नर्सिंग होम बसना में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला 184-LKS, 106(1)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

 

पुलिस ने जनता से अपील की है कि सड़क पर सावधानी बरतें और वाहन चलाते समय गति और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

पिथौरा/ग्राम लहरौद पार्लर में मारपीट और बंद करने की घटना, महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट

पिथौरा/ग्राम लहरौद पार्लर में मारपीट और बंद करने की घटना, महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट

 

पिथौरा/महासमुंद: राजासेवैयाखुर्द निवासी सुनीता आहुजा ने थाना पिथौरा में आवेदन देकर बताया कि आज दिनांक 14.08.2025 को गैलोरी ब्यूटी पार्लर लहरौद में काम करते समय उनके साथ मारपीट और अश्लील गाली गलौच की गई।

 

सुनीता आहुजा ने बताया कि उनकी ग्राहक हरप्रीत कौर ने फुल बॉडी मसाज कराई, जिसका बिल 8 हजार रुपये का था। ग्राहक के पास तुरंत पैसा नहीं होने के कारण पति जसविंदर सिंग को पैसे लाने के लिए बुलाया गया, लेकिन वह समय पर नहीं आए।

 

सुनीता आहुजा ने आगे बताया कि रात करीब 8:30 बजे जब वे हरप्रीत कौर के घर राजासेवैयाखुर्द गईं, तो जसविंदर सिंग ने उन्हें पकड़कर मारपीट की, अश्लील गाली गलौच की और उनके बाल खींचे। इसके साथ ही उन्होंने सुनीता, हरप्रीत कौर और उसके छोटे बेटे को कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताले लगा दिए। इस दौरान सुनीता के दाहिने कंधे और कमर में चोटें आईं।

 

स्थानीय लोगों और हरप्रीत कौर ने भी घटना को देखा और सुना। सुनीता आहुजा ने इस घटना के संबंध में पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस ने मामले को धारा 127(2), 296, 115(2)-BNS के अंतर्गत दर्ज कर विवेचना में लिया है।

सरायपाली में 20 गौवंशों की चोरी का प्रयास, बजरंगदल ने रोकथाम की रिपोर्ट दर्ज

सरायपाली में 20 गौवंशों की चोरी का प्रयास, बजरंगदल ने रोकथाम की

 

सरायपाली, महासमुंद,: वार्ड नं 04, संजयनगर के निवासी और वि.हि.प. प्रखण्ड मंत्री विकास महापात्र ने जानकारी दी कि आज शाम करीब 4 बजे उन्हें सूचना मिली कि दो व्यक्तियों द्वारा 20 गौवंशों को क्रूरता पूर्वक पैदल हांकते हुए उड़ीसा बाजार ले जाया जा रहा है।

 

सूचना मिलने के बाद विकास महापात्र मयंक प्राणिग्रही एवं अन्य बजरंगदल कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम केजुंवा घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर एक व्यक्ति भाग गया, जिसे कबीरदास (वार्ड नं 01, विरेन्द्र नगर, सरायपाली) बताया गया, जबकि दूसरा व्यक्ति धर्मेन्द्र बारिक (वार्ड नं 01, विरेन्द्र नगर, सरायपाली) पकड़ में आया। पकड़े गए व्यक्ति ने स्वीकार किया कि गौवंशों को अवैध रूप से उड़ीसा बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

 

बजरंगदल कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गौवंशों को झिलमिला वार्ड क्र. 07 के मवेशी बाजार में सुरक्षित रखा और उनकी देखभाल हेतु चारा-पानी की व्यवस्था की।

 

प्रार्थी विकास महापात्र ने थाना प्रभारी सरायपाली से निवेदन किया है कि घटना के संबंध में उचित कानूनी कार्यवाही की जाए।

स्वतंत्रता दिवस-2025 : माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश- पुलिस परेड ग्राउण्ड ,रायपुर

छत्तीसगढ़/स्वतंत्रता दिवस-2025 : माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश- पुलिस परेड ग्राउण्ड ,रायपुर

प्यारे प्रदेशवासियों, जय जोहार… आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

1.    आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का दिन है। अंग्रेजी साम्राज्यवाद से लड़ते हुए हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपना सर्वस्व बलिदान कर हमें स्वतंत्रता का उजाला सौंपा। आज स्वतंत्रता दिवस की इस प्रभात बेला में हम अपने सभी वीर सपूतों को कृतज्ञता से नमन करते हैं।

2.   देश के उन्यासीवें (79वें) स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ हम छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षाें की विकास यात्रा को ’’छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव’’ के रूप में मना रहे हैं। मुझे आपसे यह बात साझा करते हुए खुशी हो रही है कि हम आज के इस शुभ दिन से छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का शुभारंभ कर रहे हैं। आप सभी की भागीदारी से हम इस महोत्सव को  अविस्मणीय बनाएंगे।

3.    आज का दिन परलकोट विद्रोह के नायकों के पुण्य स्मरण का भी है। देश की आजादी की लड़ाई में स्वर्णिम अक्षरों में लिखे गये परलकोट विद्रोह के 200 वर्ष पूरे हो गए हैं। आज भी शहीद गेंदसिंह की वीरता के किस्से पीढ़ी दर पीढ़ी प्रदेश की जनता उतने ही गौरव भाव से सुन रही है।

4.    भूखे और उत्पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए शहीद वीरनारायण सिंह द्वारा की गई लड़ाई को कौन भूल सकता है। रायपुर सिपाही विद्रोह के नायक हनुमान सिंह जी का इस अवसर पर स्मरण करना चाहूँगा। भूमकाल विद्रोह के माध्यम से वीर गुंडाधुर ने अपनी मातृभूमि के लिए जिस अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन किया, वो इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। शहीद यादव राव, वेंकट राव, धुरवा राव, डेबरी धुर, आयतु माहरा सहित हमारे अनेक जनजातीय नायकों का बलिदान देशभक्ति की अद्भुुत मिसाल है।

5.   हम अपने राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन करते हैं, जिन्होंने अपना अटल संकल्प पूरा किया और देश के नक्शे में छत्तीसगढ़ का एक नये राज्य के रूप में उदय हुआ। अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष को हम अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रहे हैं।

6.    छत्तीसगढ़ की पुण्य धरा प्राकृतिक संसाधनों से सम्पन्न है। हमारे पास समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हैं और अपार उत्साह समेटे हुए विपुल मानव संसाधन हैं। एक नवंबर 2000 को जब यह राज्य बना, तब हमने एक सपना देखा था, एक विकसित, आत्मनिर्भर और समावेशी छत्तीसगढ़ का। आज मैं गर्व से कह सकता हूँ कि हम उस दिशा में तेजी से आगे बढ़़ रहे हैं।

7.    आपातकाल के पचास बरस पूरे हो गये हैं। हम अपने लोकतंत्र सेनानियों को नमन करते हैं, जिन्होंने आपातकाल के बेहद कठिन दौर में यातनाओं की परवाह न करते हुए लोकतंत्र की मशाल थामें रखी।

8.   मातृभूमि के लिए अपने हिस्से की जिम्मेदारी हमें निभानी है। हमें यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को मूर्त रूप देना है।

9.   हमें अपने वीर जवानों पर गर्व है, जिन्होंने अपने असीम शौर्य और साहस से मातृभूमि का शीश हमेशा ऊंचा रखा। वर्ष 1947 में देश की आजादी के बाद पाकिस्तान की ओर से हुए आक्रमण से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक हर बार हमारे जवानों ने तिरंगे का मान बढ़ाया है। पहलगाम में हुए जघन्य आतंकी कृत्य का बदला लेने हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिन्दूर चलाया गया। यह ऑपरेशन दुनियाभर में भारत के पराक्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक बना।

10.    प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की अगुवाई में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो गई है। हमारा चंद्रयान चंद्रमा के दक्षिण धु्रव पर पहुंच चुका है और शुभांशु शुक्ला ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में तिरंगा लहरा दिया है।

11.    इस सफलता के पीछे देशवासियों की कड़ी मेहनत और हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और अथाह इच्छा शक्ति की विशेष भूमिका है। आज के इस गौरवशाली दिन, हम अभिनंदन करते हैं, अपने सुरक्षाबलों के जवानों का, जिन्होंने नक्सलियों को उनके ठिकानों में घुसकर मात दी।

12.    प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में हम मार्च 2026 तक देश को माओवादी आतंक से मुक्त करने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 20 महीनों में हमारे जवानों ने 450 माओवादियों को न्यूट्रलाइज और 1578 को गिरफ्तार किया है।

13.    हमारे जवानों ने माओवादियों के शीर्ष नेताओं बसवराजू और सुधाकर को न्यूट्रलाइज करने में सफलता पायी। राज्य सरकार की आकर्षक आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर 1589 माओवादी हथियार छोड़ चुके हैं। इनके पुनर्वास, कौशल विकास और रोजगार की व्यवस्था की गई है।

14.   सुशासन का असली मतलब तब है, जब आखिरी व्यक्ति तक इसका लाभ पहुँचे। ताड़मेटला में जहां हमारे 76 जवानों ने माओवादी हमले में शहादत दी थी, उसके समीप ही चिंतागुफा के स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण-पत्र मिला है। यहां हर महीने औसतन 20 प्रसव होते हैं और हजारों ग्रामीण निःशुल्क इलाज की सुविधा ले रहे हैं।

15.    नक्सलवाद के कम होते ही बस्तर में विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। 50 बंद स्कूल फिर से खोले गए और कई गांवों में पहली बार बिजली पहुंची। नियद नेल्ला नार अर्थात आपका अच्छा गाँव योजना से 327 गांवों में बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं। पामेड़, जो कभी नक्सलियों का गढ़ था, वहां अब बैंक की शाखा खुल गई हैं।

16.    पिछले 20 महीनों में हमने प्रदेश के नागरिकों को प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा दी गई गारंटियों को पूरा करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किये हैं।

17.   कैबिनेट की पहली बैठक में हमने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए। पीएम जनमन योजना में विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए 34 हजार और नक्सल पीड़ित व आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार आवास मंजूर किए गए। पात्रता नियम आसान किए गए हैं और नए लाभार्थियों के लिए आवास प्लस 2.0 के तहत सर्वे कराया गया है। इस तरह हर नागरिक का पक्का घर पाने का सपना पूरा हो रहा है।

18.  महिला सशक्तीकरण हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सरकार बनने के तीन महीने के भीतर हमने महतारी वंदन योजना शुरू की। प्रदेश में 70 लाख महिलाओं को हर महीने एक-एक हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस योजना से महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर कदम बढ़ा रही हैं।

19.    महतारी वंदन योजना के तहत माताओं-बहनों को अब तक 11 हजार 728 करोड़ रूपए की राशि दी जा चुकी है। रायगढ़ जिले से हमने महिला समूहों को रेडी टू ईट फूड निर्माण का काम सौंपा है और इसका विस्तार जल्द ही हम अन्य जिलों में करेंगे।

20.   राज्य के किसान भाइयों का कल्याण हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ के किसानों को धान का सबसे ज्यादा मूल्य मिल रहा है। हमने पिछले खरीफ सीजन में 149 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की है।

21.   राज्य में फसल विविधता को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार नेकृषक उन्नति योजना के दायरे का विस्तार किया है। धान के बदले अब अन्य खरीफ फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 11 हजार रूपए तथा दलहन-तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की फसल लेने वाले कृषकों को प्रति एकड़ 10 हजार रूपए की आदान सहायता राशि दी जाएगी।

22.    दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषक मजदूर कल्याण योजना हमने शुरू की है। इसके तहत राज्य के 5 लाख 62 हजार भूमिहीन कृषि श्रमिकों को प्रतिवर्ष 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दे रहे हैं।

23.   छत्तीसगढ़ के 26 लाख किसान भाइयों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। खास बात यह है कि इस योजना से विशेष पिछड़ी जनजाति के 32 हजार 500 किसान भी लाभान्वित हो रहे हैं।

24.    खरीफ सीजन में हमने खाद-बीज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की है। वैश्विक तनाव के कारण जहां डीएपी की आपूर्ति में कुछ कमी आयी, वहां हमने भरपूर मात्रा में नैनो डीएपी उपलब्ध कराकर किसान भाइयों की दिक्कत दूर की।

25.   हम राज्य में सहकारिता की सम्भावनाओं को साकार कर रहे हैं। खेती-किसानी के साथ-साथ हम पशुधन और मत्स्यपालन को भी बढ़ावा दे रहे हैं। राज्य में दुग्ध उत्पादन और पशुपालकों की आय को बढ़ावा देने के लिए एनडीडीबी से हमने एमओयू किया है।

26.   वर्ष-2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किया गया है। केन्द्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के मार्गदर्शन में हम सहकार से समृद्धि के मंत्र पर चलते हुए राज्य में सहकारी गतिविधियों को नई ऊंचाई दे रहे हैं।

27.   महात्मा गांधी कहते थे कि शिक्षा के जरिए समाज में बड़े  बदलाव लाए जा सकते हैं। हमने नई शिक्षा नीति को लागू करने के साथ ही इसके प्रावधानों के अनुरूप स्कूलों और शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया है। अब सुकमा के दुर्गम गांव में भी शिक्षक हैं। राजधानी रायपुर से लेकर पहाड़ी कोरवा बसाहट वाले स्कूलों तक पूरे प्रदेश में शिक्षक-छात्र अनुपात एक समान है। हमारे स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।

28.   हम शासकीय विद्यालयों में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान भी संचालित कर रहे हैं। पेरेण्ट्स टीचर मीटिंग तथा न्यौता भोज के माध्यम से हमने बच्चों के शैक्षणिक विकास में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित की है, जिसका बेहतर परिणाम मिल रहा है। हमने स्कूलों के रखरखाव एवं अधोसंरचना विकास के लिए 133 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।

29.   नवा रायपुर में हम सौ एकड़ में एजुकेशन सिटी बना रहे हैं। विज्ञान और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए यहां साइंस सिटी का भी निर्माण कर रहे हैं।

30.   नवा रायपुर में हमने नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी के कैंपस का भूमिपूजन किया है। देश में लागू नये कानूनों में फारेंसिक का महत्व काफी बढ़ गया है, जिससे राज्य के युवाओं को इस क्षेत्र में करियर निर्माण के अवसर सुलभ होंगे।

31.   छत्तीसगढ़ में आईटी और एआई क्रांति दस्तक दे चुकी है। हम नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया की सिलिकॉन वैली के रूप में तैयार कर रहे हैं। नवा रायपुर में नेशनल इंस्टीट्यूट आफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफार्मेशन टेक्नॉलाजी की स्थापना करने जा रहे हैं, जिससे आईटी का बड़ा टैलेंट पूल यहां तैयार होगा।

32.   हम जॉब मार्केट की जरूरत के मुताबिक वर्क फोर्स तैयार कर रहे हैं। प्रदेश के युवाओं को कौशलयुक्त बनाने के लिए स्किल इंडिया मिशन पर काम किया जा रहा है। नवा रायपुर में हम लाइवलीहुड सेंटर आफ एक्सीलेंस आरंभ कर रहे हैं। हम जनजातीय बहुल बस्तर संभाग के सभी 32 विकासखंडों में, कौशल विकास केन्द्र के माध्यम से युवाओं को विभिन्न व्यवसायों का प्रशिक्षण दे रहे हैं।

33.   आईआईटी के पूर्व विद्यार्थियों की संस्था पैन आईआईटी के साथ वंचित समुदायों को सशक्त करने हमने एमओयू किया है। यह संस्था कौशल विकास को बढ़ावा देने का काम करेगी। युवाओं के कौशल विकास के साथ ही उन्हें विदेशी भाषाओं का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि हमारे युवाओं को विदेशों में भी रोजगार के अवसर मिल सकें।

34.   स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए हमने नई स्टार्टअप नीति बनाई है। इसके माध्यम से हम राज्य के 100 तकनीकी संस्थाओं के 50 हजार छात्र-छात्राओं तक पहुंच बनाएंगे। राज्य में हमने 150 स्टार्टअप स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।

35.   ईज ऑफ लिविंग के साथ ही स्पीड ऑफ बिजनेस की ओर बढ़ते हुए हमने 350 से अधिक रिफॉर्म किये हैं। सिंगल विंडो सिस्टम से प्रदेश में निवेश सरल, सहज और पारदर्शी हो गया है।

36.    नई औद्योगिक नीति की बुनियाद पर विकसित छत्तीसगढ़ की भव्य इमारत तैयार होगी। नई औद्योगिक नीति में हमने सबसे ज्यादा जोर पॉवर सेक्टर पर दिया है। इस सेक्टर में हमें 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे छत्तीसगढ़ विकसित भारत का पावर हाउस बनेगा।

37.    निवेशकों के लिए छत्तीसगढ़ पसंदीदा राज्य बन चुका है। हमने दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू के साथ ही रायपुर में भी इन्वेस्टर्स समिट किये। इन समिट के माध्यम से अब तक 6 लाख 65 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव हमें मिल चुके हैं।

38.    नई औद्योगिक नीति में हम नये जमाने के उभरते हुए उद्योगों को भी विशेष अनुदान दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का भूमिपूजन हमने किया है। लगभग 11 सौ करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस यूनिट से हमने चिप निर्माण के क्षेत्र में कदम रख दिया है।

39.   हम टैक्सटाइल क्षेत्र में संभावनाओं को अवसर में बदलना चाहते हैं। इसके लिए हम नवा रायपुर में नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फैशन टेक्नॉलाजी का कैंपस स्थापित करने जा रहे हैं। इसकी अनुमानित लागत 271 करोड़ रुपए होगी। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

40.   हमने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की तर्ज पर राज्य राजधानी क्षेत्र के विकास के लिए प्राधिकरण गठन का निर्णय लिया है। यह प्राधिकरण राजधानी क्षेत्र के सुव्यवस्थित और योजनाबद्ध विकास के लिए कार्य करेगा।

41.   यह प्राधिकरण राजधानी क्षेत्र के लिए योजना बनाने, निवेश को बढ़ावा देने, विभिन्न सरकारी और निजी संगठनों के बीच समन्वय तथा शहर के विस्तार को सही ढंग से नियंत्रित करने का भी काम करेगा।

42.    अब जमाना ई-कॉमर्स का है। इसे प्रोत्साहित करने हमारी लॉजिस्टिक नीति विशेष रूप से उपयोगी होगी और प्रदेश में तेजी से इनलैंड कंटेनर डिपो तथा ड्राईपोर्ट में निवेश होगा।

43.   जब हमारे राज्य का गठन हुआ तब प्रदेश की अधोसंरचना औद्योगिक वातावरण के अनुकूल नहीं थी। छत्तीसगढ़ में निवेश की जो संभावनाएं पैदा हुई हैं, उसके पीछे एक दशक में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर हुए कामों की बड़ी भूमिका है। वर्ष 2030 तक हम उतनी ही रेल लाइन बिछा देंगे, जितनी 1853 में रेलवे शुरू होने से लेकर वर्ष 2014 तक बिछाई गई थी।

44.   रावघाट से जगदलपुर, केके लाइन का दोहरीकरण, तेलंगाना के कोठागुडेम से किरंदुल तक नई रेल परियोजनाएं बस्तर की भाग्य रेखा साबित होंगी। खरसिया से परमालकसा जाने वाली रेल लाइन प्रदेश के महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्रों को जोड़ेगी। नई रेल लाइनें ‘‘विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़‘‘ की धमनियां साबित होंगी।

45.   स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से हमने कार्गाे सुविधा भी आरंभ की है। धनबाद और विशाखापट्नम जैसे औद्योगिक केंद्रों को जोड़ने वाले एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी से हो रहा है।

46.    किसी प्रदेश की आर्थिक सेहत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वहां बिजली की खपत कितनी है। हमारा प्रदेश जीरो पॉवर कट स्टेट है। हमारे राज्य में प्रति व्यक्ति ऊर्जा खपत 2 हजार 211 यूनिट है, जबकि देश का औसत ऊर्जा खपत प्रति व्यक्ति 1 हजार 255 यूनिट है।

47.   ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में हमने बड़ा कदम उठाया है। हम हाफ बिजली बिल से मुफ्त बिजली की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के माध्यम से आमजन अब बिजली उपभोक्ता से बिजली उत्पादनकर्ता बन रहेे हैं।

48.    इस योजना के तहत सौर संयंत्रों की स्थापना पर केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवॉट के सौर संयंत्र पर केन्द्र सरकार द्वारा 30 हजार रूपए और राज्य सरकार द्वारा 15 हजार रूपए, इस प्रकार कुल  45 हजार रूपए की सब्सिडी दी जा रही है। दो किलोवॉट पर केन्द्र द्वारा 60 हजार रूपए और राज्य द्वारा 30 हजार रूपए, इस प्रकार कुल 90 हजार रूपए तथा तीन किलोवॉट का सौर संयंत्र लगाने पर केन्द्र सरकार द्वारा 78 हजार रूपए और राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रूपए, इस प्रकार कुल एक लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी दी जा रही है। मैं प्रदेश की जनता से आग्रह करता हूँ कि इस योजना का त्वरित लाभ उठाएं।स्वच्छ ऊर्जा केवल पर्यावरण का विकल्प नहीं, अपितु वर्तमान समय की आर्थिक और रणनीतिक आवश्यकता है।

49.   सुशासन हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। हमने ई-ऑफिस प्रणाली को सभी विभागों में कार्यान्वित किया है। फाइलें अब ऑनलाइन मूव हो रही हैं। इन पर निश्चित समय में निर्णय लिये जा रहे हैं और हर स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है। हमने सरकारी खरीदी में पारदर्शिता लाने जेम पोर्टल को अपनाया है। भ्रष्टाचार के मामलों की ईओडब्ल्यू द्वारा पूरी तत्परता से जांच की जा रही है। पब्लिक पॉलिसी में युवाओं को आगे लाने हमने मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप योजना आरंभ की है। इसके जरिए युवा आईआईएम रायपुर में दो वर्षीय फेलोशिप कर रहे हैं।

50.    सुशासन तिहार के माध्यम से हम आपके गांव, आपके मोहल्ले तक पहुंचे। वहां हितग्राहियों के चेहरे की खुशी और उत्साह देखकर लगा कि हमारी मेहनत सार्थक हुई है। सुशासन तिहार में 41 लाख से अधिक आवेदन आये और इनमें से अधिकतर आवेदनों का हमने गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया है।

51.   भ्रष्टाचार तब पनपता है जब आम जनता को कार्यालयों के बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं। यह तब ठीक होता है, जब जनता को कार्यालय जाने की जरूरत ही न पड़े। हमने रजिस्ट्री से संबंधित 10 क्रांतिकारी पहल की है। अब ऑनलाईन  रजिस्ट्री की सुविधा भी हमने सुनिश्चित की है। रजिस्ट्री के साथ ही अब नामांतरण भी हो जाता है। आधार प्रमाणीकरण के चलते किसी तरह की धोखाधड़ी की आशंका नहीं रहती। रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज बनाने आम नागरिकों को कानूनी विशेषज्ञों की भी जरूरत नहीं। पारिवारिक दान, हक त्याग और बंटवारा अब केवल पांच सौ रुपए शुल्क में हो जाता है।

52.    हमने छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता संशोधन विधेयक के माध्यम से नियमों को सरल किया है। 5 डिसमिल से कम कृषि भूमि की रजिस्ट्री नहीं होगी। इसका उद्देश्य अवैध प्लाटिंग और जमीन को छोटे टुकड़ों में बांटकर बिक्री पर रोक लगाना है।

53.   जनविश्वास विधेयक पारित करने वाले हम अग्रणी राज्य हैं। हमने जनविश्वास विधेयक के माध्यम से राज्य के 8 अधिनियमों के 163 प्रावधानों में संशोधन किया है। छोटे-छोटे प्रकरणों में कोर्ट का बहुमूल्य समय नष्ट होता है और नागरिकों का भी काफी समय इसमें बर्बाद होता है। आम नागरिकों और कारोबारियों द्वारा किये गये छोटे-छोटे तकनीकी उल्लंघन अब अपराध की श्रेणी में नहीं आएंगे।

54.   विकसित छत्तीसगढ़ का नेतृत्व युवा शक्ति के हाथों में होगा। युवाओं के लिए शासकीय पदों में भर्ती पर सरकार तेजी से काम कर रही है। राज्य निर्माण के बाद पहली बार व्यापम की परीक्षा का साल भर का कैलेंडर जारी किया गया है।

55.   खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी हमारी सरकार लगातार कार्य कर रही है। हम इसके लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी पर भी काम कर रहे हैं। नई औद्योगिक नीति में हमने खेल अकादमी और निजी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए विशेष अनुदान प्रावधान किये हैं। युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए हमने युवा रत्न सम्मान योजना आरंभ करने का निर्णय लिया है।

56.  स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए 441 करोड़ रुपए की लागत से हम स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था बेहतर कर रहे हैं। राज्य के 543 सरकारी अस्पतालों को क्वालिटी सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है। अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की लगातार भर्ती की जा रही है। पिछले महीने हमने एनएचएम के तहत 109 संविदा चिकित्सकों तथा 563 बांड अनुबंधित चिकित्सकों की नियुक्ति की है। हम नवा रायपुर में मेडिसिटी बना रहे हैं, जहां राष्ट्रीय स्तर के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल संचालित होंगे।

57.   स्थानीय निकायों में हुए निर्वाचन के पश्चात अब प्रदेश के विकास को तीसरा इंजन भी मिल गया है। जनाकांक्षाएं तेजी से पूरी हो रही हैं। ग्रामीण विकास के लिए नई सोच के साथ काम हो रहा है। नगरीय निकायों की सूरत संवारने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना आरंभ की गई है। इसके तहत सात नगर निगमों में 157 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किये गये हैं। इनमें आक्सीजोन, बस टर्मिनल, बायपास, आडिटोरियम निर्माण जैसे काम शामिल हैं।

58.   प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन को जनांदोलन बनाने का प्रयास अब हर गांव-शहर में दिखने लगा है। मुझे खुशी है कि हमारे प्रदेश के नगरीय निकायों ने स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छी रैंक हासिल की है। प्रधानमंत्री जी ने मन की बात कार्यक्रम में बिल्हा की हमारी स्वच्छता दीदियों की विशेष रूप से प्रशंसा की। सफाई के इस महायज्ञ से जुड़ी प्रदेश की पूरी टीम को मैं इस सफलता के लिए बधाई देता हूँ।

59.    हमारी सरकार शहरों के साथ-साथ गाँवों में भी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना को प्रथम चरण में हम बस्तर और सरगुजा संभाग में शुरू करने जा रहे हैं। इन बसों का संचालन स्थानीय लोग ही करेंगे। इससे ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी और उनकी रोज़मर्रा की परेशानियाँ दूर होंगी।

60.  हम बोधघाट बहुउद्देशीय परियोजना पर आगे बढ़ रहे हैं। 50 हजार करोड़ रुपए की इस परियोजना के माध्यम से 200 मेगावाट बिजली के उत्पादन के साथ ही लगभग 7 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा। प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 9 सिंचाई परियोजनाओं में 522 करोड़ रुपए की राशि से सुधार कार्य कराया जाएगा।

61.   हम जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक कदम उठा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों को दी जाने वाली संग्रहण राशि 4 हजार रुपए से बढ़ाकर साढ़े 5 हजार रुपए कर दी गई है। इससे साढ़े 12 लाख तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों के 50 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

62.   वनांचल में रहने वाले लोगों के लिए तेंदूपत्ता हरा सोना है। तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान संग्राहकों के पैरों में छालें न पड़े, कांटे न चुभे, इसके लिए हमने चरण पादुका योजना फिर से शुरू की है। यह योजना तेन्दूपत्ता संग्राहकों की सुरक्षा, सम्मान और अंत्योदय का सुन्दर उदाहरण है।

63.    हर्बल औषधियों को बढ़ावा देने हमने फॉरेस्ट टू फार्मेसी मॉडल के तहत दुर्ग जिले के जामगांव (एम) में हाल ही में हर्बल एक्सट्रैक्शन यूनिट का लोकार्पण किया है। इससे दो हजार लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार के अवसर सुलभ हुए हैं।

64.   सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को प्रोत्साहित करने हमारी सरकार ने बैगा, गुनिया, सिरहा लोगों को 5-5 हजार रुपए की सालाना सम्मान निधि प्रदान करने का निर्णय लिया है। प्रदेश की सुंदर जनजातीय संस्कृति के बारे में लोगों की उत्सुकता बढ़े, इसके लिए नवा रायपुर में हमने ट्राइबल म्यूजियम का लोकार्पण तीन महीने पहले किया है।

65.   प्रदेश के स्वतंत्रता संग्राम के जनजातीय नायकों को समर्पित शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक-सह-संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है।

66.    बस्तर की जनजातीय संस्कृति की झलक देश-दुनिया को दिखाने हमने बस्तर पंडुम का आयोजन किया। बस्तर अब वैश्विक पर्यटन मानचित्र में है। बस्तर के धुड़मारास को यूएन पर्यटन संगठन ने सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के रूप में चुना है। होम-स्टे को प्रोत्साहित करने हमने छत्तीसगढ़ होम-स्टे नीति बनाई है।

67.   अपनी प्राकृतिक संपदा को न केवल हम सहेजे हुए हैं अपितु उसका निरंतर संवर्धन भी कर रहे हैं। वन पारिस्थितिकी सेवा को हमने ग्रीन जीडीपी के साथ जोड़ने की पहल की है। हाल ही में भारतीय वन सर्वेक्षण रिपोर्ट आई है, इसमें बताया गया है कि छत्तीसगढ़ में 683 वर्ग किलोमीटर संयुक्त वन एवं वृक्ष आवरण की वृद्धि हुई है, जो देश में सबसे ज्यादा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर प्रदेश में ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत विगत वर्ष में साढ़े तीन करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं।

68.   राज्य की कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नवा रायपुर में कलाग्राम की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कलाकारों और साहित्यकारों को दी जाने वाली पेंशन राशि को हमने 2 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 हजार रुपए प्रति माह कर दिया है।

महासमुंद में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने किया ध्वजारोहण

महासमुंद में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने किया ध्वजारोहण

 

महासमुंद/मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का किया वाचनन उत्कृष्ट कार्य करने वाले 116 अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बिखेरी छटा महासमुंद जिले में 15 अगस्त 2025 (स्वतंत्रता दिवस) पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। देश की आजादी के 78 वर्ष पूरा होने के साथ ही 79 वें स्वतंत्रता दिवस जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष सिंह मंच पर मौजूद थे।

मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप के नेतृत्व में 20 वीं वाहिनी छ.ग. सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, वन विभाग, सीनियर एवं जूनियर डिवीजन एन.सी.सी, एन.एस.एस महाविद्यालय एवं विद्यालय, स्काउट, गाइड, रेडक्रॉस की कुल 11 टुकड़ियों ने सलामी दी। मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती चौधरी द्वारा मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया एवं हर्ष के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। तत्पश्चात प्लाटूनों द्वारा मार्च पास्ट एवं सलामी दी गई। मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमाण्डर एवं प्लाटून कमाण्डर का परिचय लिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती चौधरी ने जिले में निवासरत 19 शहीद के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 116 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों सहित पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में 14 विद्यालयों के 840 विद्यार्थियों ने योग विधा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य की संस्कृति और परम्परा तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंग-बिरंगे पोशाकों में सुंदर और मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में 6 शालाओं के लगभग 640 बच्चों ने छत्तीसगढ़ी एवं हिन्दी के देशभक्ति गीतों की शानदार संगीतमयी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान महर्षि विद्या मंदिर मचेवा, द्वितीय स्थान शासकीय डी.एम.एस. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासुंद एवं तृतीय स्थान न्यू होलीफेथ महासमुंद ने प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती चौधरी ने परेड में उत्कृष्ट मार्च पास्ट करने वाले टुकड़ियों को सम्मानित किया। इनमें सशस्त्र बल समूह में प्रथम स्थान 20वीं वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल, द्वितीय स्थान जिला पुलिस बल, तृतीय स्थान पर नगर सेना महिला प्लाटून रहा। इसी तरह परेड गैर सशस्त्र बल समूह में प्रथम स्थान पर वन विभाग, द्वितीय सीनियर डिवीजन एनसीसी एवं तृतीय जूनियर डिवीजन एनसीसी रहा। परेड कनिष्ठ में प्रथम स्काउट, द्वितीय गाइड एवं तृतीय स्थान एन.सी.सी आत्मानंद विद्यालय को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप एवं सहायक उप निरीक्षक साइना अम्बिलकर को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य मंच में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्यमंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, छ.ग. बीज नगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू, उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू, बास्केट बाल संघ के जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप चंद्राकर सहित पार्षदगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत श्री हेमंत नंदनवार, वनमण्डलाधिकारी श्री मयंक पांडेय, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू तथा गणमान्य नागरिक सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण

महासमुंद/कलेक्टर श्री लंगेह ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण

 

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज 79 वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को 79 वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे राष्ट्रीय कर्तव्यों की याद दिलाने का दिन है। आज़ादी हमें अनेक बलिदानों और संघर्षों के बाद मिली है, और इसे बनाए रखना तथा देश को आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है जब हम ईमानदारी, निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करें।

कलेक्टर श्री लंगेह ने अपने शासकीय आवास पर भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री आशीष कर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं डाईट के छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

CG: रायपुर के पुलिस ग्राउंड में CM विष्णुदेव साय, बिलासपुर में अरुण साव और दुर्ग में विजय शर्मा फहराएंगे झंडा

CG: रायपुर के पुलिस ग्राउंड में CM विष्णुदेव साय, बिलासपुर में अरुण साव और दुर्ग में विजय शर्मा फहराएंगे झंडा

 

भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर के पुलिस ग्राउंड में तिरंगा झंडा फहराएंगे। इसके बाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री परेड की सलामी लेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

 

वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा दुर्ग में ध्वजारोहण करेंगे। साथ ही उप मुख्यमंत्री अरूण साव बिलासपुर में झंडा पहराएंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री तोखन साहू बस्तर जिला मुख्यालय पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लेंगे।

 

सभी स्थानों पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजित किया गया है। जहां । इस अवसर पर सभी मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश भी पढ़ेंगे। परेड सलामी और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, गरियाबंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, बालोद में वन मंत्री केदार कश्यप, कोरबा में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, जशपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ध्वजारोहण करेंगे।

 

बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, कवर्धा में सांसद संतोष पांडेय, बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज, महासमुंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, कांकेर में सांसद भोजराज नाग और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ध्वजारोहण करेंगे।

 

इसके अलावा, मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक धरमलाल कौशिक, कोरिया में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक अजय चंद्राकर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विधायक रेणुका सिंह ध्वाजारोहण करेंगी।

 

वहीं, कोंडागांव में विधायक लता उसेंडी, नारायणपुर में विधायक विक्रम उसेंडी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में विधायक राजेश मूणत, दंतेवाड़ा में विधायक किरण देव और सुकमा में विधायक धरमजीत सिंह स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करेंगे।