महासमुंद जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ एवं पैर प्रदान करने हेतु जानकारी आमंत्रित

महासमुंद जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ एवं पैर प्रदान करने हेतु जानकारी आमंत्रित

महासमुंद/ राज्य स्तर पर दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ एवं पैर प्रदान किए जाने की योजना के अंतर्गत जिले से ऐसे दिव्यांगजनों की जानकारी मांगी गई है, जिन्हें कृत्रिम अंग की आवश्यकता है। इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

उप संचालक समाज कल्याण विभाग श्रीमती संगीता सिंह ने बताया कि योजना अंतर्गत महासमुंद जिले के वे सभी दिव्यांगजन जिन्हें कृत्रिम हाथ अथवा कृत्रिम पैर की आवश्यकता है, वे जिला कार्यालय समाज कल्याण, महासमुंद में संपर्क कर अपनी जानकारी दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त नोडल प्रभारी श्री ए.पी. द्विवेदी, जिला कार्यालय समाज कल्याण, महासमुंद से मोबाइल नंबर 91656-25818 पर भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्रदान की जा सकती है।

उप संचालक श्रीमती संगीता सिंह ने जिले के सभी ऐसे दिव्यांगजनों से अपील की है कि, जिन्हें कृत्रिम हाथ या कृत्रिम पैर की आवश्यकता है, वे शीघ्र ही जिला कार्यालय अथवा नोडल प्रभारी से संपर्क कर अपनी जानकारी उपलब्ध कराएं।

बसना/ ज्ञान संग प्रकृति का संगम: सरस्वती शिशु मंदिर रसोड़ा के बच्चों का हीराकुंड–उमाधुमा शैक्षणिक भ्रमण 

बसना/ ज्ञान संग प्रकृति का संगम: सरस्वती शिशु मंदिर रसोड़ा के बच्चों का हीराकुंड–उमाधुमा शैक्षणिक भ्रमण

बसना/ 21 दिसंबर 2025, रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर रसोड़ा विद्यालय के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के तहत हीराकुंड एवं उमाधुमा ले जाया गया। इस शैक्षणिक यात्रा में कुल 70 छात्र-छात्राएं, 11 आचार्य-दीदी एवं समिति के सदस्य शामिल हुए।

भ्रमण के दौरान विद्यालय के पूर्व संयोजक श्री लोकेश प्रधान एवं प्रभारी प्रधानाचार्य श्री करुणा सिंधु साहू ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा पंचवर्षीय योजनाओं की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों ने प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन कर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अनुपमा साहू, वरिष्ठ आचार्य श्री गोरमणी प्रधान एवं संयोजक श्री महादेव मेहर की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने इस शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।

यह भ्रमण बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार अनुभव साबित हुआ।

सरायपाली/ग्राम बाराडोली में अवैध महुआ शराब फैक्ट्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 लीटर कच्ची शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सरायपाली/ग्राम बाराडोली में अवैध महुआ शराब फैक्ट्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 लीटर कच्ची शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सरायपाली। थाना सरायपाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बाराडोली के लात नाला पुलिया के नीचे संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण अड्डे पर छापा मारकर 25 लीटर कच्ची महुआ शराब सहित शराब बनाने के उपकरण जब्त किए हैं। इस दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 30 दिसंबर 2025 को थाना सरायपाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 589 एवं 394 के साथ जुर्म जरायम की पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बाराडोली के लात नाला पुलिया के नीचे एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर बिक्री कर रहा है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम बैतारी चौक से दो स्वतंत्र गवाहों –

रामेश्वर सिन्हा (49 वर्ष) एवं गुरूदेव ताण्डी (40 वर्ष) को साथ लेकर मौके पर दबिश दी।

मौके पर देवप्रकाश चौहान पिता राजेन्द्र चौहान उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बाराडोली, थाना सरायपाली को अवैध शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से —

10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब (एक 10 लीटर की जरीकेन में)

05–05 लीटर की तीन जरीकेन में कुल 15 लीटर महुआ शराब

एक गैस चूल्हा

एक HP कंपनी का गैस सिलेंडर

शराब बनाने के 6 बर्तन

बरामद किए गए। कुल 25 लीटर महुआ शराब एवं उपकरणों की अनुमानित कीमत 13,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस द्वारा मौके पर ही पंचनामा तैयार कर संपूर्ण सामग्री जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 30/12/2025 को 15:20 बजे गिरफ्तार किया गया। प्रकरण अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिवत विवेचना जारी है और अवैध शराब कारोबार पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ : दूरस्थ आदिवासी अंचलों को स्वास्थ्य की नई राह — मुख्यमंत्री साय ने 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ : दूरस्थ आदिवासी अंचलों को स्वास्थ्य की नई राह — मुख्यमंत्री साय ने 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ प्रदेश के 18 जिलों के 2100 से अधिक गाँवों और बसाहटों तक पहुँचाई जाएंगी नियमित स्वास्थ्य सेवाएँ दूरस्थ और घने वनांचल वाले आदिवासी क्षेत्रों में अब स्वास्थ्य सेवाएँ लोगों के दरवाज़े तक पहुँचेंगी। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान “पीएम जनमन” के तहत बुधवार को नवा रायपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

मोबाइल मेडिकल यूनिटों के संचालन से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सरकार का मानना है कि दुर्गम अंचलों में रहने वाले समुदायों को अस्पताल तक पहुँचने में आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए यह व्यवस्था स्वास्थ्य सुविधाओं को सीधे उनके गाँवों व बसाहटों तक पहुँचाएगी।

मोबाइल मेडिकल यूनिटों की तैनाती से प्रदेश के 18 जिलों के 2100 से अधिक गाँवों और बसाहटों तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई जाएँगी। इससे दो लाख से अधिक विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में रहने वाले परिवारों के लिए अब इलाज और जाँच की सुविधा गाँव में ही उपलब्ध होगी। उन्होंने इस पहल को आदिवासी समुदायों की “सर्वांगीण भागीदारी और स्वास्थ्य सुरक्षा का ठोस आधार” बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का दिन है। समाज में आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक प्रत्येक दृष्टिकोण से पिछड़े लोग विशेष पिछड़ी जनजाति के लोग हैं। छत्तीसगढ़ में निवासरत 3 करोड़ की आबादी में विशेष पिछड़ी जनजाति के 2 लाख 30 हजार लोग 18 जिलों के 21 सौ बसाहटों में निवासरत हैं। यह मोबाइल मेडिकल यूनिट उनके लिए वरदान साबित होगा। इन सर्वसुविधा-संपन्न 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से यह कार्य आसान होगा। इस यूनिट में डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्निशियन और स्थानीय वालंटियर उपस्थित होंगे। इस यूनिट में 25 तरह की जाँच सुविधाएँ तथा 106 तरह की दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस नवीन योजना के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, सीजीएमएससी के अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के सहित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि विशेष पिछड़ी जाति के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय प्रयासरत हैं। यह मोबाइल मेडिकल यूनिट ऐसे सुदूर वनांचलों के लिए हैं जहाँ स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच कम है। आज 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट पूरे प्रदेश के लिए समर्पित कर रहे हैं, जो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूर्ण करेगा। मंत्री श्री जायसवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने इस पुनीत कार्य में छत्तीसगढ़ को सहभागी बनकर योगदान देने का अवसर प्रदान किया।

स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर 2023 को विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक, आर्थिक उत्थान के लिए पीएम जनमन योजना की शुरुआत की। इसका उद्देश्य बुनियादी सुविधाओं को सीधे बसाहटों तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में मरीज को इन यूनिट के माध्यम से निकट स्वास्थ्य केंद्रों में पहुँचाना आसान होगा। हमारा उद्देश्य सिर्फ मशीनें ही नहीं, अपितु कुशल एवं संवेदनशील कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी है। प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, नर्स, लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट और स्थानीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। ये यूनिटें हर 15 दिन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेंगी, जिनमें 25 से अधिक प्रकार की जाँच और रोगों  का उपचार किया जाएगा और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जाएगा। गंभीर मरीजों को आवश्यकता अनुसार निकटतम स्वास्थ्य संस्थानों में भेजा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में संसाधनों की कमी के कारण दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ नियमित रूप से नहीं पहुँच पाती थीं। अब नए वाहन और प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता के साथ यह व्यवस्था लगातार संचालित की जा सकेगी। इस पहल से टीबी, मलेरिया, एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याओं की समय पर पहचान व रोकथाम में मदद मिलेगी।

 

महासमुंद/केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का छत्तीसगढ़ दौरा कार्यक्रम

महासमुंद/केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का छत्तीसगढ़ दौरा कार्यक्रम

महासमुंद/ भारत के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत 01 जनवरी को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे प्रातः 09ः30 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर पहुंचेंगे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री शेखावत 09ः55 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे तथा 10ः05 बजे सिरपुर हेलीपैड, महासमुंद पहुंचेंगे। सिरपुर आगमन के पश्चात केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत सड़क मार्ग से सर्किट हाउस, सिरपुर पहुंचेंगे, जहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके पश्चात सर्किट हाउस में दोपहर भोज के लिए समय आरक्षित रहेगा। दोपहर 01ः00 बजे केंद्रीय मंत्री श्री शेखावत सर्किट हाउस, सिरपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे तथा 01ः30 बजे भोरमदेव मंदिर के हेलीपैड, कबीरधाम पहुंचेंगे।

छत्तीसगढ़ : 35 पुनर्वासितों को आईजी बस्तर ने किया स्मार्टफोन एवं प्रशिक्षण किट का वितरण बस्तर आईजी ने पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण कर पुनर्वासित युवाओं से की भेंट

छत्तीसगढ़ : 35 पुनर्वासितों को आईजी बस्तर ने किया स्मार्टफोन एवं प्रशिक्षण किट का वितरण बस्तर आईजी ने पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण कर पुनर्वासित युवाओं से की भेंट

छत्तीसगढ़ बस्तर आईजी श्री सुंदरराज पी. ने मंगलवार को पुना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन पहल के अंतर्गत कोण्डागांव जिले के ग्राम देवखरगांव में संचालित पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में रह रहे पुनर्वासित युवाओं से संवाद कर प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने 35 पुनर्वासित युवाओं को स्मार्टफोन एवं प्रशिक्षण किट का वितरण भी किया।

बस्तर आईजी श्री सुंदरराज पी. ने पुनर्वासित लोगों से चर्चा करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि हिंसा का मार्ग छोड़ चुके लोगों को कौशल प्रशिक्षण एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवनयापन सकें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनें। उन्होंने पुनर्वासितों से आह्वान किया कि प्रशिक्षण अवधि का पूरे उत्साह और लगन के साथ उपयोग करें तथा यहां से सीखकर जीवन को बेहतर बनाने के साथ-साथ अपने गांवों तक भी पहुँचाएं। उन्होंने विकास के मार्ग को अपनाने के लिए पुनर्वासित व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने पुनर्वास केन्द्र में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य है कि प्रशिक्षण उपरांत पुनर्वासित व्यक्ति स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार की जीविकोपार्जन में स्वयं सक्षम हो सके। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा ने पुना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन योजना के तहत विभिन्न ट्रेड में दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण एवं शासकीय योजनाओं से जोड़े जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रूपेश दांडे एवं श्री कौशलेन्द्र देव पटेल, पुनर्वास केन्द्र के प्रभारी अधिकारी श्री पुनेश्वर वर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

छत्तीसगढ़: लेखा प्रशिक्षण के लिए आवेदन 1 जनवरी से 

छत्तीसगढ़: लेखा प्रशिक्षण के लिए आवेदन 1 जनवरी से

छत्तीसगढ़ संचालनालय कोष, लेखा एवं पेंशन के आदेशानुसार आगामी लेखा प्रशिक्षण सत्र मार्च 2026 से जून 2026 के लिये 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 के मध्य की अवधि में आवेदन पत्र स्वीकार किये जायेंगें।

प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला से मिली जानकारी के अनुसार लेखा प्रशिक्षण सत्र मार्च 2026 से जून 2026 के लिए 3 वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर चुके लिपिक वर्गीय कर्मचारी अपने कार्यालय प्रमुख के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में के आवेदन पत्र भेज सकते हैं। यह आवेदन शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला,नगर घड़ी चौक रायपुर को 31 जनवरी 2026 तक कार्यालयीन समय में प्राप्त हो जाना चाहिए।

लिपिक वर्गीय कर्मचारी से आशय ऐसे कर्मचारी से है जिनकी पदस्थापना लिपिकीय संवर्ग के पद पर हुई है न कि किसी तकनीकी संवर्गीय पद पर इसी प्रकार केवल सचिवालय,वन विभाग के ऐसे स्टेनो जो केम्प कलर्क के रूप में कार्य करते हो तथा संचालनालय कोष,लेखा एवं पेंशन के स्टेनोग्राफर को छोड़कर अन्य विभागों के स्टेनोग्राफर्स प्रवेश के पात्र नही है।

मानक आवेदन पत्र पर ही आवेदन स्वीकार किये जायेंगें। आवेदन जिस सत्र के प्रशिक्षण हेतु किया गया है, उस सत्र के लिये ही मान्य होगा। पूर्व प्रचलित आवदेन पत्र स्वीकार नही किये जायेगें। आवेदन पत्र के साथ अन्य आवश्यक सुसंगत दस्तावेज संलग्न होना चाहिए। आवेदन का निर्धारित प्रारूप एवं निर्देश रायपुर संभाग के समस्त जिला कोषालयों के सूचना पटल पर अवलोकन किये जा सकते हैं। निर्धारित तिथि के पूर्व एवं पश्चात प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विचार नही किया जाएगा। निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र ही मान्य होगा।

 

रायपुर : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने ‘प्रतिदिन राजधानी’ के कैलेंडर का किया विमोचन

रायपुर : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने ‘प्रतिदिन राजधानी’ के कैलेंडर का किया विमोचन

रायपुर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज राजधानी रायपुर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र ‘प्रतिदिन राजधानी’ के वर्ष 2026 के कैलेंडर का विमोचन किया। ‘प्रतिदिन राजधानी’ ने समाचार पत्र के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर वर्ष 2026 के कैलेंडर को नए रूप और कलेवर में प्रकाशित किया है। नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ संवाद परिसर में कैलेंडर के विमोचन के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., वरिष्ठ पत्रकार श्री नारायण भोई, श्री रमेश पाण्डेय, श्री प्रहलाद दमाहे, श्री हरीश तिवारी, श्री अमृत सिंह, श्री हरिमोहन तिवारी और ‘प्रतिदिन राजधानी’ के स्थानीय संपादक श्री जतिन नचरानी भी मौजूद थे।

 

आज का राशिफल : सितारे क्या छुपा रहे हैं? जानिए आपकी राशि का बड़ा राज

आज का राशिफल : सितारे क्या छुपा रहे हैं? जानिए आपकी राशि का बड़ा राज

मेष(अ, आ, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो): नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति होगी। यात्रा, ,नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। परीक्षा आदि में सफलता मिलेगी। पारिवारिक कष्ट एवं समस्याओं का अंत संभव है। व्यापार-व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। आय से अधिक व्यय न करें। परोपकार में रुचि बढ़ेगी।

राशि फलादेश

वृषभ(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): शत्रु सक्रिय रहेंगे। कुसंगति से हानि होगी। व्ययवृद्धि होगी। लेन-देन में सावधानी रखें, जोखिम न लें। किसी शुभचिंतक से मेल-मुलाकात का हर्ष होगा। संतान की आजीविका संबंधी समस्या का हल निकलेगा। लापरवाही से काम न करें।

राशि फलादेश

मिथुन(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह): यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। डूबी हुई रकम प्राप्त होगी। आय में वृद्धि होगी। प्रमाद न करें। आकस्मिक लाभ व निकटजनों की प्रगति से मन में प्रसन्नाता रहेगी। परिश्रम से स्वयं के कार्यों में भी शुभ परिणाम आएँगे। क्रोध एवं उत्तेजना पर संयम रखें।

राशि फलादेश

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): कार्यस्थल पर परिवर्तन लाभ में वृद्धि करेगा। योजना फलीभूत होगी। नए अनुबंध होंगे। कष्ट होगा। पारिवारिक जिम्मेदारी बढ़ने से व्यस्तता बढ़ेगी। कार्य में नवीनता के भी योग हैं। संतान के व्यवहार से समाज में सम्मान बढ़ेगा। स्वास्थ्य खराब हो सकता है।

राशि फलादेश

सिंह(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): कानूनी अड़चन दूर होगी। अध्यात्म में रुचि रहेगी। यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। रुके धन के लिए प्रयत्न जरूर करें। कार्य का विस्तार होगा। दूसरे के कार्यों में हस्तक्षेप से बचें। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। विलासिता के प्रति रुझान बढ़ेगा।

राशि फलादेश

कन्या(ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): चोट, चोरी व विवाद आदि से हानि संभव है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें, बाकी सामान्य रहेगा। प्रयास अधिक करने पर भी उचित सफलता मिलने में संदेह है। कार्य में विलंब के भी योग हैं। आर्थिक हानि हो सकती है। पारिवारिक जीवन तनावपूर्ण रहेगा।

राशि फलादेश

तुला(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। राजकीय बाधा दूर होगी। बेचैनी रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। अर्थ प्राप्ति के योग बनेंगे। विवादों से दूर रहना चाहिए। पिता से व्यापार में सहयोग मिल सकेगा। सरकारी मसले सुलझेंगे। सकारात्मक सोच बनेगी।

राशि फलादेश

वृश्चिक(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): बेरोजगारी दूर होगी। विवाद न करें। संपत्ति की खरीद-फरोख्त हो सकती है। आय बढ़ेगी। मन में उत्साहपूर्ण विचारों के कारण समय सुखद व्यतीत होगा। मकान व जमीन संबंधी कार्य बनेंगे। अनायास धन लाभ के योग हैं। व्यापार में वांछित उन्नति होगी।

राशि फलादेश

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे): रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। किसी बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। प्रसन्नता बनी रहेगी। नए कार्यों से जुड़ने का योग बनेगा। पारिवारिक जीवन सुखद नहीं रहेगा। पूजा-पाठ में मन लगेगा। इच्छित लाभ होगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा हो सकती है।

राशि फलादेश

मकर(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी): बुरी खबर मिल सकती है। विवाद को बढ़ावा न दें। भागदौड़ रहेगी। आय में कमी होगी। किसी कार्य में प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से जुड़ने की प्रवृत्ति आपके लिए शुभ रहेगी। राज्यपक्ष से लाभ होगा। अपने काम से काम रखें। दांपत्य सुख प्राप्त होगा।

राशि फलादेश

कुंभ(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): मेहनत का फल पूरा-पूरा मिलेगा। मान-सम्मान मिलेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। लाभ होगा। दूर रहने वाले व्यक्तियों से संपर्क के कारण लाभ हो सकता है। नई योजनाओं का सूत्रपात होने के योग हैं। कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। व्यर्थ संदेह न करें।

राशि फलादेश

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): मेहमानों का आवागमन होगा। व्यय होगा। उत्साहवर्धक सूचना मिलेगी। प्रसन्नता रहेगी। अपने प्रयासों से उन्नति पथ प्रशस्त करेंगे। बुद्धि चातुर्य से कठिन कार्य भी आसानी से बनेंगे। व्यापार अच्छा चलेगा। व्यर्थ समय नष्ट न करें। रुका पैसा मिलेगा।

राशि फलादेश

महासमुंद/ग्राम खैरा, कोसरंगी एवं लभराखुर्द में ई-हियरिंग की सुविधा के संबंध में जागरूकता शिविर सम्पन्न

महासमुंद/ग्राम खैरा, कोसरंगी एवं लभराखुर्द में ई-हियरिंग की सुविधा के संबंध में जागरूकता शिविर सम्पन्न

महासमुंद/ राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा आम उपभोक्ताओं को जागरूकता शिविर के माध्यम से ई-हियरिंग की सुविधा के संबंध में शिक्षित करने हेतु 12 दिसम्बर को ग्राम खैरा, कोसरंगी एवं लभराखुर्द में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष श्री गोपाल रंजन पाणिग्रही द्वारा उपस्थित महिला एवं पुरुषों के समक्ष ई-जागृति पोर्टल के संबंध में ई-फाईलिंग व ई-हियरिंग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उपभोक्ता के अधिकार व कर्तव्य के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान खैरा सरपंच श्री प्रांशु चंद्राकर, कोसरंगी सरपंच श्री सुरेश कुमार साहू एवं लभराखुर्द सरपंच श्री मयंक ध्रुव द्वारा संबंधित ग्राम के उपभोक्ताओं को वर्तमान संदर्भ में अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के लिए सुझाव दिया गया।

जिला उपभोक्ता आयोग सदस्य श्री गिरीश श्रीवास्तव के द्वारा उपभोक्ता कौन है व उपभोक्ता द्वारा किस प्रकार शिकायत किया जा सकता है व उपभोक्ताओं के अधिकार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आयोग के डी.एम.ए. श्री युवराज साहू द्वारा ई फाइलिंग के सबंध में तकनीकी सुझाव की जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार घर बैठे अपने उपभोक्ता के शिकायत को न्यायालय तक पहुंचाया जा सकता है। ग्राम खैरा कार्यक्रम में ग्रामीण जन, पंचायत सचिव श्री मोती लाला मेहरा एवं ग्राम पंचायत कोसरंगी तथा लभराखुर्द में ग्राम पंचायत के सदस्यगण, ग्रामीण जन व कर्मचारी श्री सतीश मेनन देव प्रसाद ठाकुर उपस्थित थे।