तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत, तुमगांव थाना में मामला दर्ज

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत, तुमगांव थाना में मामला दर्ज

महासमुंद। थाना तुमगांव क्षेत्र अंतर्गत हुए सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मर्ग क्रमांक 07/26 धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान गवाहों के कथन एवं पीएम रिपोर्ट के आधार पर पाया गया कि दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को मृतक सल्लाऊद्दीन उर्फ कलाऊद्दीन (50 वर्ष), निवासी संतोषी रोड रायपुर, अपने ट्रक वाहन को राज फ्यूल के पास खड़ा कर पैदल यादव ढाबा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सरायपाली से आरंग की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।

हादसे में मृतक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां से उसे मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। रायपुर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस द्वारा मामले में अज्ञात आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस तथा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही

महासमुंद/शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय महासमुंद में राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि विकसित भारत अभियान के तहत कुष्ठ उन्मूलन का लिया गया संकल्प

महासमुंद/शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय महासमुंद में राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि विकसित भारत अभियान के तहत कुष्ठ उन्मूलन का लिया गया संकल्प

महासमुंद/ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सम्बद्ध चिकित्सालय महासमुंद (छत्तीसगढ़) में श्रद्धांजलि एवं कुष्ठ उन्मूलन शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी की पुण्यतिथि पर दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान उनके जीवन, आदर्शों एवं मानवता के लिए किए गए कार्यों को स्मरण किया गया।

इसके पश्चात विकसित भारत अभियान के अवसर पर जिले को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ वसंत माहेश्वरी ने उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं स्टाफ को कुष्ठ उन्मूलन की शपथ दिलाई। शपथ में यह घोषणा की गई कि जिला महासमुंद के नागरिक एवं जिला प्रशासन मिलकर जिले को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कुष्ठ रोग का निदान सरल है और यह पूरी तरह इलाज योग्य है, इसलिए सभी रोगियों की शीघ्र पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे तथा जिले में उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।

शपथ के दौरान यह भी संकल्प लिया गया कि कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिवारों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और न ही किसी को ऐसा करने दिया जाएगा। व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से कुष्ठ रोग से जुड़े कलंक और भेदभाव को समाप्त करने, प्रभावित व्यक्तियों को सम्मान के साथ मुख्यधारा में जोड़ने तथा कलंक को खत्म करने, गरिमा को अपनाने के उद्देश्य से कलंक और भेदभाव के प्रति शून्य सहनशीलता की प्रतिज्ञा दोहराई गई।

कार्यक्रम में सहायक अस्पताल अधीक्षक डॉ घनश्याम साहू, त्वचा रोग विभाग की प्रमुख डॉ गरिमा शर्मा, हॉस्पिटल कंसलटेंट डॉ निखिल गोस्वामी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ मानस सतपति, शिशु रोग विभाग से डॉ एन.आर. सचदेव, डॉ. प्रवीण शिशु रोग विभाग, डेंटल सर्जन डॉ चंद्रशेखर साहू, निज सहायक एमएस प्रणय खरे सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक गण, स्टाफ नर्स उपस्थित रहे। साथ ही वार्ड बॉय, आया दीदी एवं अन्य कर्मचारी भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।

महासमुंद/धान खरीदी के अंतिम दिन तक सुव्यवस्थित धान खरीदी अब तक एक लाख 46 हजार 861 किसानों से 9 लाख 75 हजार 177 मीट्रिक टन धान की खरीदी

महासमुंद/धान खरीदी के अंतिम दिन तक सुव्यवस्थित धान खरीदी अब तक एक लाख 46 हजार 861 किसानों से 9 लाख 75 हजार 177 मीट्रिक टन धान की खरीदी

महासमुंद/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-2 अंतर्गत राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी के अंतिम दिन भी खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित ढंग से हुआ। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रही।

धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा सभी नोडल अधिकारियों, सहकारी समिति प्रबंधकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को सतत निगरानी एवं नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे। निरंतर निगरानी, समन्वय एवं सक्रियता के चलते जिले में धान खरीदी किया गया।

30 जनवरी शाम की स्थिति में महासमुंद जिले में 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 9 लाख 75 हजार 177 मीट्रिक टन धान की खरीदी किया जा चुका है। अब तक कुल 5 लाख 18 हजार 507 मीट्रिक टन धान का डी.ओ. जारी हो चुका है। हैं। जिसके विरूद्ध जिले में कुल 333 मिलों के माध्यम से 2 लाख 97 हजार 449 मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। अब तक एक लाख 46 हजार 861 किसानों द्वारा धान का विक्रय कर लिया गया है, जो पंजीकृत किसानों की संख्या का 91.72 प्रतिशत है। अंतिम रिपोर्ट देर शाम को प्राप्त होगी।

महासमुंद/ दीक्षांत समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका के हाथों जिले के पशु चिकित्सक हुए सम्मानित

महासमुंद/ दीक्षांत समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका के हाथों जिले के पशु चिकित्सक हुए सम्मानित

महासमुंद/ दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग में आयोजित चौथे दीक्षांत समारोह में माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पशुपालन मंत्री श्री रामविचार नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में माननीय राज्यपाल द्वारा पशु चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उपाधि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग महासमुंद में पदस्थ डॉ. खुशबू चंद्राकर एवं डॉ. अर्चना एविलिन केरकेट्टा पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, वेटनरी पॉलिटेक्निक के सहायक प्राध्यापक डॉ. देवेश गिरी एवं डॉ. गोविन्द देवांगन को अनुसंधान कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि से सम्मानित किया गया। साथ ही पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. लिलेश्वर चौधरी एवं डॉ. शुभम डाहिरे को स्नातक उपाधि प्रदान की गई। समारोह में पशु चिकित्सा सेवाएं उप संचालक सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा उपाधि प्राप्त करने वाले चिकित्सकों एवं शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।

सरायपाली में बालोदिया राइस मिल पर कार्रवाई, सील किया गया भौतिक सत्यापन में 61,203 बोरा धान की कमी पाई गई थी

सरायपाली में बालोदिया राइस मिल पर कार्रवाई, सील किया गया भौतिक सत्यापन में 61,203 बोरा धान की कमी पाई गई थी

महासमुंद/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में राइस मिलों का भौतिक सत्यापन सतत जारी है। इसी क्रम में आज सरायपाली में बालोदिया राइस मिल को सील कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि भौतिक सत्यापन के दौरान राइस मिल में 61,203 बोरा धान की कमी पाई गई थी। यह कार्रवाई संयुक्त टीम द्वारा जनवरी को की गई, जिसमें मिल के भौतिक सत्यापन के दौरान निर्धारित स्टॉक के अनुरूप धान उपलब्ध नहीं मिला।

यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुपमा आनंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा की गई थी, जिसमें मिल के भौतिक सत्यापन के दौरान निर्धारित स्टॉक के अनुरूप धान की उपलब्धता में अंतर पाई गई। जांच के दौरान राइस मिल में कुल धान 37759.6 क्विंटल ( 94399 बोरा) एवं 2328 क्विंटल चावल (4656 बोरा) का लेखा-जोखा भी जांच के दायरे में रहा। अनियमितता पाए जाने पर प्रशासन ने मिल में उपलब्ध समस्त स्टॉक को जब्त कर लिया एवं आज मिल को सील किया गया है। आज कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्रीधर पंडा, खाद्य विभाग, मंडी एवं संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच तथा नियमों के तहत यह कार्रवाई की गई है।

उल्लेखनीय है जिले में कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर धान के अवैध परिवहन, संग्रहण और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सांकरा/महासमुंद पट्टे में धान बिक्री को लेकर विवाद, चाचा-भतीजे पर मारपीट व धमकी का आरोप

सांकरा/महासमुंद पट्टे में धान बिक्री को लेकर विवाद, चाचा-भतीजे पर मारपीट व धमकी का आरोप

सांकरा/महासमुंद। थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम माटीदरहा में पट्टे की जमीन में धान बिक्री को लेकर हुए विवाद में चाचा-भतीजे द्वारा एक ही परिवार के तीन लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित लक्ष्मण साहू पिता श्यामलाल साहू (46 वर्ष) ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

रिपोर्ट के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे लक्ष्मण साहू अपने भाई ब्रजेश साहू के साथ घर के सामने खड़े थे, तभी उनके चाचा प्रमोद साहू एवं उसका भतीजा संजय साहू वहां पहुंचे और लक्ष्मण के नाम के पट्टे की जमीन में धान बेचने को लेकर विवाद करने लगे। इस दौरान दोनों आरोपियों ने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

विवाद बढ़ने पर संजय साहू ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, वहीं प्रमोद साहू ने पास में पड़े डंडे से लक्ष्मण साहू पर हमला किया। शोर सुनकर लक्ष्मण की पत्नी सुजाता साहू एवं भाई की पत्नी सरोजनी साहू बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उनके साथ भी गाली-गलौच कर मारपीट की गई।

मारपीट में लक्ष्मण साहू के बाएं हाथ व सीने में, उनकी पत्नी सुजाता साहू के दाहिने कंधे में तथा बहू सरोजनी साहू के बाएं पीठ में चोटें आई हैं।

पीड़ित की शिकायत पर थाना सांकरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS एवं 351(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

महासमुंद /शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

महासमुंद /शहीद दिवस पर दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

महासमुंद / राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले शहीदों को स्मरण करते हुए सुबह 11ः00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने अधिकारी-कर्मचारियों के साथ दो मिनट का मौन धारण किया।

साथ ही एसडीएम कार्यालय, सभी तहसीलों, जिला पंचायत, जनपद पंचायतों, समाज कल्याण, कृषि, वन, उद्यानिकी एवं विभिन्न शासकीय विभागों में सभी कार्य और गतिविधियां रोककर दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया गया।

महासमुंद/ सिरपुर महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय देंगे लगभग 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

महासमुंद/ सिरपुर महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय देंगे लगभग 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

महासमुंद/ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी सिरपुर में आयोजित होने वाले सिरपुर महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय जिले को विकास की बड़ी सौगात देंगे। वे जिले में कुल 199 करोड़ 28 लाख 59 हजार रुपए की लागत की 99 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 40 करोड़ 88 लाख 2 हजार रुपए की लागत के 64 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 158 करोड़ 40 लाख 57 हजार रुपए की लागत के 35 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

कार्यक्रम अंतर्गत लोकार्पण किए जाने वाले कार्यों में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के 98 लाख 80 हजार रुपए की लागत के 4 विकास कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 6 करोड़ 64 लाख 20 हजार रुपए की लागत के 19 विकास कार्य, आदिवासी विकास विभाग के 1 करोड़ 52 लाख 97 हजार रुपए की लागत का 1 विकास कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 17 करोड़ 95 लाख 86 हजार रुपए की लागत के 26 विकास कार्य तथा विद्युत विभाग के 13 करोड़ 76 लाख 19 हजार रुपए की लागत के 14 विकास कार्य शामिल हैं।

इसी प्रकार भूमिपूजन के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा 141 करोड़ 19 लाख 19 हजार रुपए की लागत से 22 विकास कार्य, जल संसाधन विभाग के 10 करोड़ 32 लाख 72 हजार रुपए की लागत से 3 विकास कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 2 करोड़ 18 लाख 93 हजार रुपए की लागत से 8 विकास कार्य तथा परिवहन विभाग के 4 करोड़ 69 लाख 73 हजार रुपए की लागत से 2 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।

सरायपाली में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, लोहे की रॉड व डंडे से हमला, तीन घायल

सरायपाली में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, लोहे की रॉड व डंडे से हमला, तीन घायल

सरायपाली। थाना क्षेत्र अंतर्गत जमीन विवाद को लेकर पारिवारिक झगड़े में मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है तथा अपने हिस्से की जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर अलग स्थान पर मकान बनाकर रह रहा है।

दिनांक 29 जनवरी 2026 को वह किराना सामान लेने अपने छोटे भाई लखे सिंह ताण्डी की दुकान गया था, जहां भाई द्वारा गाली-गलौज शुरू कर दी गई। मना करने के बावजूद गाली-गलौज जारी रही। इसी दौरान लखे सिंह के बेटे अनुप ताण्डी एवं अंकित ताण्डी वहां पहुंचे और तीनों ने मिलकर पीड़ित के साथ गाली-गलौज व झूमा-झटकी शुरू कर दी।

शोर सुनकर पीड़ित की बेटियां अहिल्या सागर एवं पंकजनी दीप बीच-बचाव करने पहुंचीं, तभी आरोप है कि अनुप ताण्डी ने लोहे की रॉड से अहिल्या सागर के सिर पर वार किया, वहीं अंकित ताण्डी ने डंडे से पंकजनी दीप को मारा, जिससे उसके सिर व बाएं हाथ में चोट आई। वहीं लखे सिंह ताण्डी ने पीड़ित को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उसके बाएं हाथ की कोहनी व कमर में चोट आई है।

पीड़ित ने बताया कि जमीन किसी और को बेचने की बात को लेकर आरोपी पक्ष लंबे समय से नाराज था, इसी रंजिश में मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

पिथौरा पुलिस ने 10 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा, बिना नंबर बाइक जब्त

पिथौरा पुलिस ने 10 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा, बिना नंबर बाइक जब्त

पिथौरा (महासमुंद)। थाना पिथौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-53 रोड कुंभकाल मंदिर के पास ग्राम कैलाशपुर से एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा तथा एक बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि उप निरीक्षक दिलीप ठाकुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक व्यक्ति होंडा शाइन मोटरसाइकिल से बसना होते हुए पिथौरा की ओर आ रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर गवाहों के साथ टीम गठित की गई तथा एनएच-53 रोड कुंभकाल मंदिर के पास नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिये का व्यक्ति बाइक से आते दिखा, जिसे रोककर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम क्रिपाल सिंह पिता दरियाव सिंह (37 वर्ष), निवासी ग्राम गिरोली, थाना बड़ौद, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) बताया। आरोपी के पीठ्ठू बैग की तलाशी लेने पर 10 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 10 किलोग्राम निकला।

पुलिस ने मौके पर मादक पदार्थ की पहचान एवं तौल पंचनामा तैयार कर गांजा को सीलबंद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त काले रंग की बिना नंबर होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

आरोपी के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। संपूर्ण कार्यवाही की ऑडियो-वीडियोग्राफी कर ई-साक्ष्य में सुरक्षित की गई है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।