बागबाहरा में 6 लीटर महुआ शराब जब्त, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

बागबाहरा। थाना बागबाहरा पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम बोड़रीदादर में एक व्यक्ति के कब्जे से करीब 6 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी मंगलू बरिहा (65 वर्ष), पिता कोंदा बरिहा, निवासी बोड़रीदादर, थाना बागबाहरा, जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को प्रशिक्षु उप निरीक्षक अंजली प्रधान हमराह पुलिस स्टाफ आरक्षक 614 विरेन्द्र कर, आरक्षक 729 ज्ञान सिंह सिदार, आरक्षक 812 धनंजय सिंह राजपूत एवं आरक्षक 442 नरेश बरिहा के साथ शासकीय वाहन से देहात/टाउन पेट्रोलिंग पर रवाना हुई थीं। इसी दौरान ग्राम बोड़रीदादर पहुंचने पर मुखबिर से सूचना मिली कि मंगलू बरिहा रंगमंच के सामने महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगमंच के सामने बैठा पाया। पूछताछ में उसने अपना नाम मंगलू बरिहा बताया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में तलाशी कार्रवाई की, जिसमें उसके कब्जे से एक 5 लीटर की प्लास्टिक जरकीन में करीब 5 लीटर तथा दूसरी 5 लीटर की प्लास्टिक जरकीन में करीब 1 लीटर, कुल 6 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस ने बरामद शराब का पंचनामा तैयार कर गवाहों के समक्ष जब्ती की। आरोपी को शराब के संबंध में धारा 94 BNSS का नोटिस दिया गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी को अपराध की जानकारी देते हुए गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। जब्त शराब को मालखाने में सुरक्षित जमा कराया गया है। कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

महासमुंद/तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए चार गौवंश, एक की मौत; तीन गंभीर

महासमुंद। शहर के अटल परिसर के सामने मेन रोड पर 25 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे एक सड़क हादसे में चार गौवंश वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में एक गौवंश की मौत हो गई, जबकि तीन गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक गाय गर्भवती बताई गई है। हादसे के बाद गौसेवकों ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस थाना महासमुंद में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, वार्ड क्रमांक 28 मौहारी भांटा, महासमुंद निवासी हिरेन्द्र सोनी पिता शंकर लाल सोनी, जिन्होंने बीकॉम तक शिक्षा प्राप्त की है और जिला महासमुंद में गौ सेवा आयोग के ब्लॉक अध्यक्ष हैं, ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि 25 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे अटल परिसर के सामने मेन रोड पर चार गौवंश मौजूद थे। इनमें एक गर्भवती गाय, एक बछिया, एक गाय और एक नंदी शामिल थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार RJ 01 GD 3801 क्रमांक के वाहन के चालक शौकिन पिता कमालुईद्दीन, उम्र 33 वर्ष, निवासी कोलगांव, थाना किशनगढ़, जिला अलवर, राजस्थान द्वारा वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाया गया, जिसके कारण वाहन की चपेट में आने से चारों गौवंश घायल हो गए। हादसे में एक गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। आवेदन में घायलों की हालत गंभीर बताते हुए उनके बचने की उम्मीद कम होने की बात कही गई है।

मामले को लेकर प्रार्थी हिरेन्द्र सोनी सहित नरेश नायक एवं सुमन सेन्दरे ने थाना प्रभारी पुलिस थाना महासमुंद को लिखित आवेदन सौंपकर वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

प्रार्थी:

  1. हिरेन्द्र सोनी, पिता शंकर लाल सोनी, वार्ड नं. 28, मौहारी भांटा, महासमुंद
  2. नरेश नायक
  3. सुमन सेन्दरे

दिनांक: 25.08.2026

रायपुर : जिला कार्यालयों के लिए 100 सहायक ग्रेड-3 पदों पर भर्ती को मंजूरी

रायपुर छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगार देने और जिला स्तरीय प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा निर्णय लिया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में सहायक ग्रेड-3 के 100 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की स्वीकृति प्रदान करते हुए सभी संबंधित जिला कलेक्टरों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी कर दिए हैं।

 

इस निर्णय पर खुशी जताते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में सरकार युवाओं को शासकीय सेवाओं से जोड़ने और आम जनता को पारदर्शी व त्वरित सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासनों में इन पदों की भर्ती से जहाँ एक ओर युवाओं के लिए शासकीय सेवा के नए द्वार खुलेंगे, वहीं दूसरी ओर जिला कार्यालयों के कामकाज में और अधिक कसावट व गतिशीलता आएगी।

 

विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह भर्ती प्रक्रिया सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों और प्रचलित सेवाभर्ती नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए संपन्न की जाएगी। इस प्रस्ताव को वित्त विभाग से भी वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। स्वीकृत 100 पदों में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 8, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 7, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई 7, मुंगेली 7, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर 7, बलौदाबाजार-भाटापारा 5, गरियाबंद 5, बेमेतरा 5, बिलासपुर 5, कोरबा 5, सक्ती 5, दुर्ग 4, बालोद 4, राजनांदगांव 4, कबीरधाम 3, जांजगीर-चांपा 3, रायगढ़ 3, धमतरी 2, सारंगढ़-बिलाईगढ़ 2, बलरामपुर-रामानुजगंज 2, सूरजपुर 2, सुकमा 2, बीजापुर 2 और जशपुर में 1 पद शामिल हैं। शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्धारित आरक्षण एवं नियमानुसार शीघ्र भर्ती कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

रायपुर : केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों के लिए लगा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर

राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्पदृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय जेल रायपुर में मंगलवार को बंदियों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक श्री योगेश सिंह क्षत्री ने किया। इसी के साथ रायपुर जिले में 41वें नेत्रदान पखवाड़े का भी शुभारंभ हुआ। देशभर में यह नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर तक मनाया जा रहा है।

 

नेत्रदान को लेकर भ्रांतियां दूर करने पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेल अधीक्षक श्री योगेश सिंह क्षत्री ने कहा कि नेत्रदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा से, उम्र, लिंग, रक्त समूह अथवा धर्म की परवाह किए बिना नेत्रदान का संकल्प ले सकता है। मृत्यु के बाद किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाने का यह एक पुनीत प्रयास है।

 

स्वास्थ्य विभाग के नेत्र चिकित्सक डॉ. मुकेश भगत ने नेत्रदान से जुड़ी सावधानियों और भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेत्रदान से केवल कॉर्निया से संबंधित दृष्टिहीनता वाले व्यक्ति ही लाभान्वित हो सकते हैं। मृत्यु के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर कॉर्निया निकालना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान की प्रक्रिया में सामान्यतः 10 से 15 मिनट का समय लगता है और इससे चेहरे पर किसी प्रकार का निशान या विकृति नहीं आती।

 

नेत्रदान को बढ़ावा देने के लिए देशभर में आयोजित होने वाला यह पखवाड़ा लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक करने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का महत्वपूर्ण अवसर है। राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत नेत्र बैंकिंग और कॉर्निया प्रत्यारोपण सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।

 

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया नेत्र परीक्षण

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नेत्र चिकित्सक डॉ. मुकेश भगत, डॉ. टिकेश्वर, महिला खंड के लिए डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ. आकांक्षा सहित नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी श्री संजय शर्मा, श्री आर.पी. यादव, श्री प्रकाश राठौर, श्री ललित पाटकर, श्री अशोक श्रीवास, श्री प्रवीण शर्मा सहित चिकित्सकों एवं नेत्र चिकित्सा सहायकों की टीम उपस्थित रही। टीम ने बंदियों का नेत्र परीक्षण किया और उन्हें आंखों की देखभाल तथा दृष्टि संबंधी समस्याओं के प्रति आवश्यक परामर्श दिया।

 

बंदियों और जेल के अधिकारियों ने लिया नेत्रदान का संकल्प

         कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के बंदियों के साथ जेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अपने परिजनों को भी मरणोपरांत नेत्रदान के लिए प्रेरित करने और नेत्रदान का संकल्प लेने की बात कही।

पटवा। 31 पौवा शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक भी जब्त ।

पटवा। 31 पौवा शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक भी जब्त ।  महासमुंद/पटेवा। पटेवा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 31 पौवा देशी प्लेन शराब और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17,480 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त की रात पेट्रोलिंग के दौरान चिरको मोड़ के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति एनएच-53 मार्ग पर मोटरसाइकिल से अवैध रूप से देशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम दुरीडीह में गवाहों को साथ लेकर ओम हॉस्पिटल के पास घेराबंदी की।

इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG-06-GN-5227 से पहुंचे हरबंश मिर्धा (25), निवासी श्याम नगर झलप को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास रखे सफेद-पीले रंग के थैले से 31 पौवा देशी प्लेन सुपर 36 शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 5.580 लीटर और कीमत 2,480 रुपये बताई गई।

पुलिस ने शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी द्वारा कोई लाइसेंस या कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर शराब और करीब 15 हजार रुपये कीमत की प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में पटेवा थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

झलप। तेज रफ्तार बुलेट ने महिला को मारी टक्कर, गंभीर घायल

झलप। तेज रफ्तार बुलेट ने महिला को मारी टक्कर, गंभीर घायल

झलप। ग्राम टुरीडीह में NH-53 पर सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला के सिर, दाहिने हाथ और बाएं पैर में चोट आई है। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे सोनकयना कोसरिया नहाने के लिए तालाब जा रही थी। NH-53 पर उमा मेडिकल के सामने सड़क पार करने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान झलप की ओर से आ रही रॉयल इनफील्ड बुलेट क्रमांक OD17AC8121 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।

हादसे के बाद महिला को एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल झलप ले जाया गया। डॉक्टर द्वारा रेफर किए जाने पर उसे सियाराम हॉस्पिटल झलप में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद महिला ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

प्रत्यक्षदर्शी उमा पटेल और नुपनरेन्द्र सिंह बाघमारे ने भी पुलिस को बताया कि बुलेट चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को टक्कर मारी। मामले में महिला के पति ने 25 अगस्त को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिथौरा/ रात में ढाबे पर पुलिस की रेड,संचालक हुआ फरार… तीन लोग पकड़े गए

 

पिथौरा। पिथौरा थाना पुलिस ने ग्राम लहरौद स्थित हमर ढाबा में अवैध शराब बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक कमलेश डडसेना मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को थाना पिथौरा की टीम टाउन पेट्रोलिंग एवं अवैध शराब रेड कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लहरौद स्थित हमर ढाबा का संचालक कमलेश डडसेना ढाबे में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।

सूचना की तस्दीक के लिए प्रधान आरक्षक 408 नीलम मिश्रा पुलिस स्टाफ के साथ हमर ढाबा पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक कमलेश डडसेना मौके से भाग गया। वहीं पुलिस ने ढाबे में मौजूद तीन लोगों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान शरद तिवारी (20), सिरीकेश प्रजापति (33) और राजेन्द्र कुमार प्रजापति (22) के रूप में हुई। तीनों ने ढाबे में काम करना बताया।

तलाशी के दौरान तीनों के संयुक्त कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक की बोरी में 18 नग पौवा शेरा देशी मंदिरा प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब थी। कुल 3240 एमएल शराब, जिसकी कीमत करीब 1,440 रुपये बताई गई है, पुलिस ने जब्त की। शराब रखने और बिक्री से संबंधित वैधानिक दस्तावेज मांगने पर आरोपियों ने कोई दस्तावेज नहीं होना बताया।

पुलिस ने शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर मौके पर सीलबंद किया तथा घटनास्थल का पंचनामा और नजरी नक्शा तैयार किया। मामले में शरद तिवारी, सिरीकेश प्रजापति और राजेन्द्र कुमार प्रजापति को गिरफ्तार किया गया। अपराध जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार पेश करने पर तीनों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों और फरार ढाबा संचालक कमलेश डडसेना के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपी कमलेश डडसेना की तलाश जारी है।

महासमुंद/ फसल डूबने से लेकर क्षतिपूर्ति बसना के गिधली निवासी सुरेश अग्रवाल ने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता राशि प्रदाय करने हेतु आवेदन किया जनदर्शन में कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए

महासमुंद/ फसल डूबने से लेकर क्षतिपूर्ति बसना के गिधली निवासी सुरेश अग्रवाल ने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता राशि प्रदाय करने हेतु आवेदन किया जनदर्शन में कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए

महासमुंद, 25 अगस्त 2026/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों पर कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री लंगेह ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनदर्शन में महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैरा की 70 वर्षीय श्रीमती गंगाबाई ने आदिम जाति विकास विभाग से आर्थिक सहायता हेतु आवेदन किया। श्रीमती गंगा बाई ने बताया कि उनका जीवन यापन बांस का बर्तन बनाकर बेचने से होता हैं, इस वर्ष उन्हें बांस नहीं मिल पाया है जिससे आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। इस पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आदिम जाति विकास विभाग को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु निर्देशित किया।

इसी तरह ग्राम कांपा निवासी श्री उमेश कुमार तारक ने एग्रीस्टेक पंजीयन हेतु, ग्राम लाफिनकला निवासी श्री सुखराम साहू ने शौचालय निर्माण की राशि प्रदाय करने, बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवरी के श्री राकेश चंद्राकर ने गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने, ग्राम अरंड की श्रीमती पार्वती साहू ने अपने गैस कार्ड में दर्ज आधार नंबर सुधार हेतु, ग्राम सुखीडबरी के श्री मोहन लाल महोबिया ने खेत में फसल डूबने से क्षतिपूर्ति राशि प्रदाय करने हेतु, बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम गिधली निवासी श्री सुरेश अग्रवाल ने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता राशि प्रदाय करने हेतु आवेदन किया। इसके अलावा नामान्तरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन सहित अन्य मांग एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

 

मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षणचबूतरे पर बैठकर छात्राओं से की आत्मीय चर्चा, स्वास्थ्य, पढ़ाई, करियर और छात्रावास की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
छात्राओं की सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश महासमुंद, 25 अगस्त 2026/ आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज शाम महासमुंद स्थित पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। मंत्री ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई, करियर, रहन-सहन तथा छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री नेताम ने छात्रावास प्रांगण में चबूतरे पर बैठकर छात्राओं के साथ आत्मीय चर्चा की। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विषयों, परीक्षा की तैयारी, भविष्य में क्या बनना चाहती हैं और करियर को लेकर उनकी योजनाओं के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। छात्राएं अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करें।

मंत्री श्री नेताम ने छात्राओं से उनके स्वास्थ्य के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि छात्राओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण होता है या नहीं, किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर उपचार की व्यवस्था कैसी है तथा भोजन की गुणवत्ता और समय पर भोजन मिलने की स्थिति क्या है। उन्होंने छात्रावास की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, अध्ययन कक्ष, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास में स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल निराकरण किया जाए।

छात्राओं की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश

मंत्री श्री नेताम ने अधिकारियों से कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि छात्राओं के अध्ययन और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए यहां ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जहां छात्राएं सुरक्षित महसूस करते हुए मन लगाकर पढ़ाई कर सकें। उन्होंने छात्राओं से भी कहा कि छात्रावास से संबंधित किसी भी समस्या अथवा आवश्यकता को अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष खुलकर रखें।

उन्होंने अधिकारियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने तथा छात्राओं से समय-समय पर संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के बेहतर भविष्य के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री नेताम ने छात्रावास की व्यवस्थाओं और छात्राओं से बातचीत के बाद संतोष व्यक्त किया। उन्होंने छात्राओं के उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, श्री एतराम साहू, श्री पीयूष साहू, श्री महेंद्र सिक्का सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आदिम जाति विकास विभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती शिल्पा साय, खंड प्रभारी श्री नीलेश खांडे तथा छात्रावास अधीक्षक श्रीमती शमशाद जहां सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

सरायपाली क्षेत्र के 07 कृषि केन्द्रों को अनियमितता बरतने पर नोटिस जारी औचक निरीक्षण

सरायपाली क्षेत्र के 07 कृषि केन्द्रों को अनियमितता बरतने पर नोटिस जारी औचक निरीक्षण

महासमुंद, 25 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले में कीटनाशक विक्रय एवं भंडारण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि श्री फागूराम कश्यप के नेतृत्व में जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने 24 एवं 25 अगस्त 2026 को सरायपाली विकासखण्ड के विभिन्न कीटनाशी विक्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जे.एम.आर. कृषि केन्द्र मुड़पहार, पुष्पा कृषि सेवा केन्द्र अर्जुण्डा, कृष्णा कृषि सेवा केन्द्र तोरेसिंहा, नरेश कृषि सेवा केन्द्र सागरपाली, पटेल कृषि सेवा केन्द्र सागरपाली, अंकित कृषि पेस्टीसाइड्स मुरमुरी एवं ओम एग्रो बलौदा में अनियमितताएं पाई गईं।निरीक्षण में संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं करने, प्रतिष्ठान में मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करने तथा निर्धारित प्रोफार्मा में किसानों को बिल उपलब्ध नहीं कराने जैसी अनियमितताएं पाई गईं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित फर्मों को कीटनाशी अधिनियम, 1968 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी संबंधितों से पांच दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित कृषि केन्द्रों के कीटनाशी लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

उप संचालक कृषि श्री कश्यप ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा कीटनाशकों के विक्रय में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। उन्होंने कृषि आदान विक्रेताओं को नियमानुसार स्टॉक रजिस्टर संधारित करने, मूल्य सूची प्रदर्शित करने तथा किसानों को निर्धारित प्रारूप में बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण दल में सहायक संचालक कृषि डॉ. परमजीत सिंह कंवर, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सरायपाली श्री विवेक पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सरायपाली श्री एल.के. चौहान, कृषि विकास अधिकारी श्री मनोज पटेल एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री भीमेश्वर साहू उपस्थित रहे।

बसना/ जुआ कांड: सरकारी कर्मचारी सहित 3 गिरफ्तार, 2 फरार फार्म हाउस में चल रहा था जुआ, 2.08 लाख रुपए का मशरूका जब्त

 

बसना। ग्राम साल्हेतराई स्थित एक फार्म हाउस में 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे तीन लोगों को बसना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत जितेंद्र साहू भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान दो जुआरी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 8,500 रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल समेत कुल 2 लाख 8 हजार 500 रुपए का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 23 अगस्त की रात पीएसआई अंजना चंद्रा पुलिस स्टाफ के साथ कानून-व्यवस्था ड्यूटी एवं टाउन-देहात पेट्रोलिंग पर थीं। इसी दौरान वीरनारायण सिंह चौक बसना के पास मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम साल्हेतराई में सुर्यकांत मिश्रा के फार्म हाउस में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दो लोग भाग निकले, जबकि तीन जुआरियों को मौके पर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्द सकील (40), निवासी इंद्रा कॉलोनी बसना, जुनेद खान (32), निवासी गुरुनानक वार्ड बसना और जितेंद्र साहू (39), निवासी आदर्श नगर बसना के रूप में हुई है। मौके से फरार आरोपियों में मनीष गुप्ता निवासी बसना और सुर्यकांत मिश्रा निवासी खुर्सीपहार के नाम सामने आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी भी शामिल

गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र साहू के स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी होने की जानकारी बीएमओ नारायण साहू ने दी है। बीएमओ के अनुसार जितेंद्र साहू RHC (M) यानी Rural Health Centre (Male) और HWC यानी Health & Wellness Centre में कर्मचारी है।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के जुआ प्रकरण में गिरफ्तार होने के बाद विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

2.08 लाख रुपए का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 8,500 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की। इसके अलावा चार मोबाइल फोन की कीमत करीब 50 हजार रुपए और चार मोटरसाइकिल की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। कुल जब्त मशरूका की कीमत 2,08,500 रुपए है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।

बीएमओ बोले- जिला स्तर पर सूचना भेजी जाएगी

इस संबंध में बीएमओ नारायण साहू ने बताया कि जितेंद्र साहू के जुआ प्रकरण में गिरफ्तार होने की जानकारी जिला स्तर पर भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देकर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।