सरायपाली क्षेत्र के 07 कृषि केन्द्रों को अनियमितता बरतने पर नोटिस जारी औचक निरीक्षण

सरायपाली क्षेत्र के 07 कृषि केन्द्रों को अनियमितता बरतने पर नोटिस जारी औचक निरीक्षण

महासमुंद, 25 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले में कीटनाशक विक्रय एवं भंडारण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि श्री फागूराम कश्यप के नेतृत्व में जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने 24 एवं 25 अगस्त 2026 को सरायपाली विकासखण्ड के विभिन्न कीटनाशी विक्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जे.एम.आर. कृषि केन्द्र मुड़पहार, पुष्पा कृषि सेवा केन्द्र अर्जुण्डा, कृष्णा कृषि सेवा केन्द्र तोरेसिंहा, नरेश कृषि सेवा केन्द्र सागरपाली, पटेल कृषि सेवा केन्द्र सागरपाली, अंकित कृषि पेस्टीसाइड्स मुरमुरी एवं ओम एग्रो बलौदा में अनियमितताएं पाई गईं।निरीक्षण में संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं करने, प्रतिष्ठान में मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करने तथा निर्धारित प्रोफार्मा में किसानों को बिल उपलब्ध नहीं कराने जैसी अनियमितताएं पाई गईं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित फर्मों को कीटनाशी अधिनियम, 1968 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी संबंधितों से पांच दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित कृषि केन्द्रों के कीटनाशी लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

उप संचालक कृषि श्री कश्यप ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा कीटनाशकों के विक्रय में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। उन्होंने कृषि आदान विक्रेताओं को नियमानुसार स्टॉक रजिस्टर संधारित करने, मूल्य सूची प्रदर्शित करने तथा किसानों को निर्धारित प्रारूप में बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण दल में सहायक संचालक कृषि डॉ. परमजीत सिंह कंवर, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सरायपाली श्री विवेक पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सरायपाली श्री एल.के. चौहान, कृषि विकास अधिकारी श्री मनोज पटेल एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री भीमेश्वर साहू उपस्थित रहे।

बसना/ जुआ कांड: सरकारी कर्मचारी सहित 3 गिरफ्तार, 2 फरार फार्म हाउस में चल रहा था जुआ, 2.08 लाख रुपए का मशरूका जब्त

 

बसना। ग्राम साल्हेतराई स्थित एक फार्म हाउस में 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे तीन लोगों को बसना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत जितेंद्र साहू भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान दो जुआरी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 8,500 रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल समेत कुल 2 लाख 8 हजार 500 रुपए का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 23 अगस्त की रात पीएसआई अंजना चंद्रा पुलिस स्टाफ के साथ कानून-व्यवस्था ड्यूटी एवं टाउन-देहात पेट्रोलिंग पर थीं। इसी दौरान वीरनारायण सिंह चौक बसना के पास मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम साल्हेतराई में सुर्यकांत मिश्रा के फार्म हाउस में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दो लोग भाग निकले, जबकि तीन जुआरियों को मौके पर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्द सकील (40), निवासी इंद्रा कॉलोनी बसना, जुनेद खान (32), निवासी गुरुनानक वार्ड बसना और जितेंद्र साहू (39), निवासी आदर्श नगर बसना के रूप में हुई है। मौके से फरार आरोपियों में मनीष गुप्ता निवासी बसना और सुर्यकांत मिश्रा निवासी खुर्सीपहार के नाम सामने आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी भी शामिल

गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र साहू के स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी होने की जानकारी बीएमओ नारायण साहू ने दी है। बीएमओ के अनुसार जितेंद्र साहू RHC (M) यानी Rural Health Centre (Male) और HWC यानी Health & Wellness Centre में कर्मचारी है।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के जुआ प्रकरण में गिरफ्तार होने के बाद विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

2.08 लाख रुपए का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 8,500 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की। इसके अलावा चार मोबाइल फोन की कीमत करीब 50 हजार रुपए और चार मोटरसाइकिल की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। कुल जब्त मशरूका की कीमत 2,08,500 रुपए है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।

बीएमओ बोले- जिला स्तर पर सूचना भेजी जाएगी

इस संबंध में बीएमओ नारायण साहू ने बताया कि जितेंद्र साहू के जुआ प्रकरण में गिरफ्तार होने की जानकारी जिला स्तर पर भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देकर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

सरायपाली / जिला सहकारी बैंक के 5 कर्मचारियों पर FIR के आदेश के बाद भी दर्ज क्यों नहीं? जिम्मेदार अधिकारी आदेश का पालन कराने में असमर्थ क्यों? मृत किसानों सहित 1.77 करोड़ का KCC लोन घोटाला:

 

सरायपाली/महासमुंद। सरायपाली क्षेत्र की केना सेवा सहकारी समिति में करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपए के कथित फर्जी KCC लोन घोटाले का मामला सामने आने के बाद भी अब तक FIR दर्ज नहीं कराए जाने से कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच में मृत किसानों के नाम पर भी KCC ऋण जारी किए जाने के साथ-साथ समिति क्षेत्र से बाहर के किसानों के नाम पर ऋण स्वीकृत किए जाने का मामला सामने आया है।

मामले की जांच के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपेक्षा व्यास ने 6 अगस्त 2026 को महासमुंद के नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा को संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश जारी किए थे। बैंक के पत्र में FIR दर्ज कराने के बाद उसकी छायाप्रति मुख्य कार्यालय रायपुर भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं होने से कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।

मृत किसानों के नाम पर भी निकाला गया ऋणजांच रिपोर्ट के अनुसार मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि मृत किसानों के नाम पर भी KCC ऋण निकाले जाने की बात सामने आई है। वहीं कुछ किसानों के नाम पर ऋण जारी किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद किसानों ने बताया कि उन्हें इस ऋण की जानकारी तक नहीं थी।

जांच में यह भी सामने आया कि केना समिति क्षेत्र से बाहर के किसानों के नाम पर भी ऋण स्वीकृत किए गए। इस तरह करीब 1.77 करोड़ रुपए के ऋण में अनियमितता और कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है।

जांच में छह लोगों के नाम सामने आए मामले की जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें केना समिति के तत्कालीन समिति प्रभारी भीष्मदेव पटेल, तोरेसिंहा बैंक के तत्कालीन सुपरवाइजर श्याम सुंदर पटेल, वर्तमान सुपरवाइजर राज कुमार प्रधान, बैंक मैनेजर युवराज नायक, कनिष्ठ लिपिक हीरा सिंह ध्रुव और प्रभारी लेखापाल खिलेश्वर साहू शामिल हैं।

जांच के आधार पर बैंक स्तर पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की गई है। वहीं समिति स्तर पर भी जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। 6 अगस्त को FIR के निर्देश, फिर भी अब तक अपराध दर्ज नहीं

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपेक्षा व्यास ने 6 अगस्त को नोडल अधिकारी महासमुंद को निर्देशित किया था कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज कराई जाए और FIR की छायाप्रति मुख्य कार्यालय को भेजी जाए।

लेकिन निर्देश जारी होने के बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अपराध दर्ज कराने में देरी किस स्तर पर हो रही है?

निलंबन की कार्रवाई हुई, FIR क्यों नहीं? करीब 1.77 करोड़ रुपए के किसान KCC ऋण से जुड़े इस मामले में विभागीय स्तर पर निलंबन की कार्रवाई तो की गई, लेकिन मृत किसानों के नाम पर ऋण जारी करने जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं होने से कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

FIR दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो सकता है कि मृत किसानों के नाम पर ऋण कैसे स्वीकृत हुए, ऋण की राशि किसके माध्यम से निकाली गई, किसानों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कैसे हुआ और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जांच रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जिम्मेदारों के नाम सामने आ चुके हैं और बैंक की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने 6 अगस्त को FIR कराने के लिखित निर्देश भी दे दिए हैं, तो फिर अब तक अपराध दर्ज क्यों नहीं कराया गया?

करोड़ों रुपए के किसान ऋण से जुड़े इस मामले में FIR में हो रही देरी को लेकर अब संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

महासमुंद : सड़क मरम्मत से लेकर संस्थागत एग्रीस्टेक पंजीयन और आवारा पशुओं के रोकथाम पर जोर

महासमुंद : सड़क मरम्मत से लेकर संस्थागत एग्रीस्टेक पंजीयन और आवारा पशुओं के रोकथाम पर जोर महासमुंद। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

कलेक्टर ने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा हेल्पलाइन की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने को कहा।

बाल संप्रेषण गृह में बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और शिक्षा की नियमित निगरानी के साथ रिक्त पदों पर भर्ती में तेजी लाने के निर्देश दिए। बिना आधार वाले बच्चों का पंजीयन 30 सितंबर तक पूरा कराने को कहा गया।

किसानों के संस्थागत एग्रीस्टेक पंजीयन को प्राथमिकता से पूरा करने तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे सभी गांवों में शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल भी जल्द पूरा करने कहा गया।

आवारा पशुओं की समस्या पर कलेक्टर ने नगरीय निकाय एवं पंचायत स्तर पर नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए। सड़कों पर मवेशी छोड़ने वाले पशु मालिकों को समझाइश के बाद भी लापरवाही करने पर कार्रवाई एवं अर्थदंड लगाने को कहा। साथ ही नगरीय निकायों में नियमित कचरा उठाव और सामुदायिक शौचालयों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से समय-सीमा की बैठकों में दिए निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

महासमुंद : दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र गुरुवार 27 अगस्त को एक साथ बनाए जाएंगे

महासमुंद : दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र गुरुवार 27 अगस्त को एक साथ बनाए जाएंगे जिला चिकित्सालय महासमुंद (वर्तमान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय महासमुंद) में संचालित मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाणपत्र सत्यापन, नवीनीकरण एवं नवीन दिव्यांग प्रमाणपत्र तथा मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किए जाते हैं।
संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय ने बताया कि मेडिकल बोर्ड द्वारा सामान्यतः प्रत्येक बुधवार को दिव्यांग प्रमाणपत्र का सत्यापन, नवीनीकरण एवं नवीन प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। वहीं प्रत्येक शुक्रवार को हितग्राहियों को मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। 26 अगस्त 2026, बुधवार को ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) तथा 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सार्वजनिक, सामान्य अवकाश होने के कारण,

दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया 27 अगस्त 2026, गुरुवार को एक साथ की जाएगी। जिले के दिव्यांगजन एवं संबंधित हितग्राही निर्धारित तिथि 27 अगस्त 2026, गुरुवार को मेडिकल बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर आवश्यक प्रमाणपत्र संबंधी कार्यवाही करा सकते हैं। यह व्यवस्था केवल 27 अगस्त 2026 के लिए लागू रहेगी।

महासमुंद/ जिले में अब तक 1016.7 मिलीमीटर औसत वर्षा सर्वाधिक वर्षा पिथौरा तहसील में 1187.4 मिलीमीटर आज 39.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

महासमुंद/ जिले में अब तक 1016.7 मिलीमीटर औसत वर्षा सर्वाधिक वर्षा पिथौरा तहसील में 1187.4 मिलीमीटर आज 39.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज महासमुंद 25 अगस्त 2026/ महासमुंद जिले में चालू मानसून के दौरान 01 जून 2026 से अब तक 1016.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार जिले में सर्वाधिक औसत वर्षा पिथौरा तहसील में 1187.4 मिलीमीटर दर्ज की गई।

वहीं अन्य तहसीलों में जिसमें सरायपाली में 1178.0 मिलीमीटर, बसना में 1011.4 मिलीमीटर, महासमुंद में 936.9 मिलीमीटर, बागबाहरा में 922.3 मिलीमीटर और सबसे कम वर्षा 864.5 मिलीमीटर कोमाखान तहसील में दर्ज की गई। आज 25 अगस्त को 39.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।

जिले के तहसीलवार वर्षा में महासमुंद तहसील में 66.6 मिलीमीटर, सरायपाली में 44.5 मिलीमीटर, बसना में 37.0 मिलीमीटर, बागबाहरा में 32.5 मिलीमीटर, कोमाखान तहसील में 30.2 मिलीमीटर एवं पिथौरा तहसील में 23.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

बसना। अग्रवाल नर्सिंग होम में 27 अगस्त को मानसिक एवं नशा मुक्ति विशेषज्ञ का विशेष परामर्श शिविर

बसना। अग्रवाल नर्सिंग होम में 27 अगस्त को मानसिक एवं नशा मुक्ति विशेषज्ञ का विशेष परामर्श शिविर

बसना। मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति एवं व्यवहार संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए बसना में विशेष चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में 27 अगस्त 2026, गुरुवार को अजीतोग एवं यौन रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. त्रिवेदी मरीजों को परामर्श देंगे। शिविर का समय शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है।

आयोजक की ओर से जारी जानकारी के अनुसार शिविर में डिप्रेशन, ओसीडी, बार-बार काम करना, आत्महत्या संबंधी विचार, सिजोफ्रेनिया, याददाश्त कमजोर होना, हिस्टीरिया, मिर्गी, सिरदर्द, नींद की समस्या, शक करना, तनाव, घबराहट, डर लगना, बच्चों में अत्यधिक चंचलता एवं पढ़ाई से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों पर विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध रहेगा।

इसके साथ ही शराब, सिगरेट, गांजा, अफीम, भांग, चरस, गुटखा, गोलियां, स्मैक, बीड़ी, तंबाकू आदि नशे से जुड़ी समस्याओं के उपचार एवं परामर्श की जानकारी भी दी गई है। बच्चों और किशोरों से जुड़ी मानसिक एवं व्यवहार संबंधी समस्याओं के लिए भी विशेष मार्गदर्शन उपलब्ध रहेगा।

शिविर के दौरान फैमिली काउंसलिंग, मैरिज काउंसलिंग, चाइल्ड एवं गाइडेंस काउंसलिंग तथा एजुकेशनल मोटिवेशनल काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।

बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध होने की जानकारी पूर्व में भी सामने आई है।

शिविर में परामर्श के लिए इच्छुक मरीज एवं उनके परिजन अस्पताल से संपर्क कर समय एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पोस्टर में अस्पताल का पता बसना, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) तथा संपर्क नंबर 84618-11000, 77708-68473 और 77730-86100 दिए गए हैं।

बलौदा/सुंदरनगर में 20 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, मोटरसाइकिल सवार दो आरोपी फरार

बलौदा/महासमुंद, 23 अगस्त 2026। थाना बलौदा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुंदरनगर स्थित नर्सरी के पास कच्चे रास्ते से 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त की रात थाना बलौदा में मुखबिर से सूचना मिली कि सुंदरनगर नर्सरी के पास कच्चे मार्ग से काले रंग की मोटरसाइकिल पर अवैध महुआ शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए थाना प्रभारी प्रशि. उप निरीक्षक सुनील कुमार कंवर हमराह नव आरक्षक क्रमांक 1053 एवं 1060 के साथ मौके पर पहुंचे। रास्ते में मिले गवाह श्वेत कुमार साहू एवं मनोज साहू को आवश्यक नोटिस देकर पुलिस टीम ने उनके साथ नर्सरी के पास कच्चे मार्ग पर घेराबंदी की।

 

इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति कुछ सामान लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों व्यक्ति अपने पास रखा जूट का बोरा कच्चे रास्ते में फेंककर मौके से फरार हो गए।

 

पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में कच्चे रास्ते में फेंके गए जूट के बोरे की जांच की। बोरे के अंदर कुल आठ प्लास्टिक पारदर्शी झिल्लियां मिलीं। इनमें से चार झिल्लियों में करीब 5-5 लीटर अवैध महुआ शराब भरी हुई थी। इस प्रकार कुल 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4,000 रुपये बताई गई है। वहीं, शेष चार प्लास्टिक झिल्लियां फटी हुई मिलीं, जिनसे भी अवैध महुआ शराब की गंध आ रही थी।

 

पुलिस ने बरामद शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर मौके पर सीलबंद किया और जप्ती की कार्रवाई पूरी की। रात्रि होने के कारण फरार दोनों व्यक्तियों की मौके पर पहचान नहीं हो सकी।

 

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपियों की पहचान एवं तलाश के लिए पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

जब्त सामग्री:

 

– 20 लीटर अवैध महुआ शराब

– अनुमानित कीमत 4,000 रुपये

– शराब रखने वाली प्लास्टिक झिल्लियां एवं एक जूट बोरा

 

कार्रवाई: थाना बलौदा पुलिस द्वारा आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।

सरायपाली।।घर से पैसे लाने का दबाव, मारपीट और धमकी का आरोप; महिला की शिकायत पर मामला दर्ज

सरायपाली।।घर से पैसे लाने का दबाव, मारपीट और धमकी का आरोप; महिला की शिकायत पर मामला दर्ज

सिंघोड़ा। ग्राम जामदलखा की 36 वर्षीय महिला दीपांजली साहू ने अपने पति, सास और सौतेले बेटे पर गाली-गलौज, मारपीट, लगातार प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की लिखित शिकायत पर थाना सिंघोड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दीपांजली साहू पति श्रीराम साहू 24 अगस्त 2026 को थाना सिंघोड़ा पहुंची और लिखित आवेदन देकर बताया कि उसका विवाह करीब नौ वर्ष पहले हुआ था। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि पति श्रीराम साहू, सास रूकनी साहू और सौतेला बेटा गोपाल साहू मिलकर उसे आए दिन प्रताड़ित करते हैं तथा घर से पैसे लाने के लिए दबाव बनाते हैं।

महिला ने आरोप लगाया कि पैसे नहीं लाने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती है तथा जान से मारने की धमकी दी जाती है। शिकायत के मुताबिक, पिछले करीब पांच वर्षों से वह अलग-थलग रहकर अपनी स्थिति सहन कर रही है और स्वयं खाना बनाकर खाने को मजबूर है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे पर्याप्त राशन-पानी नहीं दिया जाता तथा बीमार पड़ने पर इलाज कराने के बजाय मायके में छोड़ दिया जाता है।

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की। थाना सिंघोड़ा पुलिस ने आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी।

महासमुंद में ट्रक की टक्कर से कार सवार छह लोग घायल, दो रायपुर रेफर

महासमुंद, 24 अगस्त 2026। महासमुंद थाना क्षेत्र में एनएच-353 पर शहीद स्मारक के पास सोमवार सुबह ट्रक की टक्कर से कार सवार छह लोग घायल हो गए। हादसे में दो घायलों को गंभीर चोटें आने पर रायपुर रेफर किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, महासमुंद निवासी रेशकुमार चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके बड़े भाई गणेश सिंह चौहान अपने परिवार के साथ कार क्रमांक CG 04 LG 0568 से ग्राम गुखेरा, आरंग जा रहे थे। सुबह करीब 9:30 बजे शहीद स्मारक के पास ट्रक क्रमांक CG04 QY 6372 के चालक ने वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए कार को साइड से टक्कर मार दी।

 

हादसे में गणेश सिंह चौहान, उनकी पत्नी रानी सिंह चौहान, शुभांगी चौहान, तनीश सिंह चौहान, आयान सिंह चौहान और कार चालक दीपक सिंह चौहान घायल हुए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। इनमें दीपक सिंह चौहान और शुभांगी चौहान को गंभीर चोटें होने के कारण रायपुर रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

 

मामले में महासमुंद थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(a) और 281 के तहत FIR क्रमांक 0477/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।