फर्जी नंबर प्लेट, असली खेल: कोमाखान में गांजा तस्करी का पर्दाफाश
कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम गांजा, एक स्कूटी, मोबाइल फोन, नगद राशि एवं फर्जी नंबर प्लेट जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5 लाख 93 हजार 110 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
थाना कोमाखान में पदस्थ सउनि. सिकन्दर भोई के नेतृत्व में आज 30 जनवरी 2026 को हमराह स्टाफ के साथ थाना के सामने रोड पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक नीली रंग की स्कूटी क्रमांक CG 04 LG 5607 में सवार दो व्यक्ति उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर मुखबिर सूचना पंचनामा एवं बिना वारंट तलाशी पंचनामा तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई।
स्कूटी की डिक्की से निकला गांजा
घेराबंदी के दौरान मुखबिर के बताए अनुसार स्कूटी को रोका गया। पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम रूपेश साहू (30 वर्ष) एवं पीछे बैठे व्यक्ति ने नितिन राजुरकर (24 वर्ष), दोनों निवासी राजेन्द्र नगर पाथाखेड़ा, थाना सारणी, जिला बैतुल (मध्यप्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर स्कूटी की सीट के नीचे डिक्की में पानी रंग की प्लास्टिक झिल्ली में रखा गांजा बरामद हुआ, साथ ही सामने की डिक्की से दो नंबर प्लेट MP 48 ZG 5607 भी मिलीं।
10 किलो गांजा, कीमत 5 लाख रुपये
इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से तौल करने पर गांजा का वजन 10 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है। आरोपियों के पास से एक-एक मोबाइल फोन, आरोपी रूपेश साहू से 3110 रुपये नगद, स्कूटी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
इन धाराओं में अपराध दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट एवं 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर उन्हें आज क्रमशः 16:10 बजे एवं 16:15 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण अजमानतीय होने से गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहे थे परिवहन
जांच में यह भी सामने आया कि स्कूटी का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर MP 48 ZG 5607 है, जबकि आरोपी उस पर CG 04 LG 5607 की नंबर प्लेट लगाकर वाहन चला रहे थे। पुलिस ने मौके पर नजरी नक्शा तैयार कर प्रकरण विवेचना में लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।



