युक्तियुक्तकरण का फैसला छात्रों के हित में: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

युक्तियुक्तकरण का फैसला छात्रों के हित में: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

शिक्षा की गुणवत्ता में होगा सुधार, शिक्षकों का असंतुलन दूर होगा शिक्षकों की भर्ती की जाएगी वित्त विभाग को शिक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है, स्वीकृति मिलने पर भर्ती निकाली जाएगी

शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षकीय शालाओं में हो सकेगी अतिशेष शिक्षकों की तैनाती

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत आज रायगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए राज्य सरकार का युक्तियुक्तकरण का फैसला छात्रों के हित में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में शिक्षकों की पदस्थापना में असंतुलन है। कहीं हमारे स्कूल शिक्षक विहीन हैैं, तो कहीं पर स्कूल एक शिक्षकीय हैं। मैदानी क्षेत्र के बहुत से ऐसे स्कूल हैं, जहां बच्चों के अनुपात में ज्यादा शिक्षक हैं। इसको हम लोग संतुलित कर रहे हैं। कहीं-कहीं एक ही परिसर में कई स्कूल हैं, कहीं दो-दो, तीन-तीन प्राइमरी स्कूल हैं, कहीं बच्चे नहीं हैं। इस असंतुलन को दूर करने के लिए हम सब जगह शिक्षक देना चाहते हैं, तो इसमें क्या बुराई है। यह भी कहा जा रहा है कि स्कूल बंद हो रहे हैं। ऐसे स्कूल एक ही परिसर में हैं, कहीं बच्चे ही नहीं हैं। युक्तियुक्तकरण से शहरी क्षेत्र में बच्चों को 500 मीटर से दूर नहीं जाना पड़ेगा और ग्रामीण क्षेत्र में एक किलोमीटर से दूर नहीं जाना पड़ेगा, ऐसी व्यवस्था कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भी भ्रम फैलाया जा रहा है कि युक्तियुक्तकरण के बाद शिक्षक भर्ती नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम शिक्षकों की भर्ती करेंगे, हर साल जो कमी है उसको चरणबद्ध रूप से पूरा करेंगे। शिक्षक भर्ती का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया है, जैसे ही इसकी अनुमति मिलेगी, हम शिक्षकों की भर्ती करेंगे। युक्तियुक्तकरण बच्चों के हित में है। इससे स्कूलों में शिक्षकों का असंतुलन दूर होगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

गौरतलब है कि शिक्षा विभाग ने राज्य में कुल 10,463 शालाओं के युक्तियुक्तकरण का आदेश जारी किया है, जिसमें ई-संवर्ग की 5849 और टी-संवर्ग की 4614 शालाएं शामिल हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। यह युक्तियुक्तकरण आदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के निर्देशों के अनुरूप है, जिसका मुख्य उद्देश्य शिक्षक संसाधनों का संतुलित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है।

शालाओं के युक्तियुक्तकरण अंतर्गत एक ही परिसर में संचालित 10,297 विद्यालयों को युक्तियुक्त किया गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में एक किलोमीटर के दायरे में स्थित 133 विद्यालयों और शहरी क्षेत्र में 500 मीटर के दायरे में स्थित 33 विद्यालयों को भी युक्तियुक्त किया गया है। इस पहल से शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षकीय शालाओं में अब अतिशेष शिक्षकों की तैनाती संभव होगी।

 

राजस्व अभिलेखों में जिस अधिकारी के लॉगिन से त्रुटिपूर्ण प्रविष्ठि होगी, उस पर होगी कड़ी कार्रवाई : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

राजस्व अभिलेखों में जिस अधिकारी के लॉगिन से त्रुटिपूर्ण प्रविष्ठि होगी, उस पर होगी कड़ी कार्रवाई : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

रायगढ़ में सुशासन तिहार के तहत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राजस्व अभिलेखों में त्रुटि के लिए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार माने जाएंगे। यदि किसी अधिकारी के लॉगिन से गलत प्रविष्टि हुई है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने रायगढ़ में सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की ज़मीन, खेती, या अन्य दस्तावेजों में त्रुटि की वजह से जनता का प्रशासन पर से भरोसा न टूटे, इसके लिए जरूरी है कि राजस्व प्रणाली को जवाबदेह बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि त्रुटि सुधार कार्य पर राजस्व अधिकारी विशेष निगरानी रखें।

बैठक में मुख्यमंत्री ने लात नाला सिंचाई परियोजना के लंबे समय से अधूरे होने पर नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अटल सिंचाई योजना के तहत लंबित सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा। गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 26 गांवों में भूमि रजिस्ट्री पर लगे प्रतिबंध को हटाने का निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों का नियमित दौरा करने को कहा ताकि छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब जिले छोटे हो गए हैं, ऐसे में अधिकारी समय निकालकर अधिक से अधिक गांवों में पहुंचें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को खाद-बीज उठाने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। डीएपी की संभावित कमी को देखते हुए वैकल्पिक उपायों पर किसानों को जानकारी दी जाए। उन्होंने फसल चक्र परिवर्तन के लिए भी किसानों को प्रेरित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने मानसून पूर्व तैयारियों की चर्चा करते हुए सर्पदंश से निपटने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम दवाएं रखने के निर्देश दिए। रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में डेंगू व पीलिया जैसी बीमारियों को रोकने के लिए नगर निगम एवं प्रशासन को सजग रहने कहा। मुख्यमंत्री ने मैदानी जिलों में अवैध शराब की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ओडिशा से लगते सीमावर्ती इलाकों में शराब की अवैध आवाजाही रोकने विशेष निगरानी की आवश्यकता बताई।

बैठक में रेशम उत्पादन, भू-जल स्तर में सुधार, पर्यटन विकास, सड़क मरम्मत और जन औषधि केंद्रों के प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता के सेवक हैं और जनकल्याण ही हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी.दयानंद, संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री संजीव शुक्ला, सीसीएफ श्री प्रभात मिश्रा सहित सारंगढ़ और रायगढ़ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित

रायतुम में आयोजित समाधान शिविर में 13 ग्राम पंचायतों की समस्याओं का हुआ समाधान                                               

रायतुम में आयोजित समाधान शिविर में 13 ग्राम पंचायतों की समस्याओं का हुआ समाधान                                                  2047 तक विकसित भारत के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास आवश्यक – विधायक श्री सिन्हा

विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित

सुशासन तिहार के तृतीय चरण अंतर्गत जिले में समाधान शिविर का आयोजन 30 मई तक जारी रहेगा। यह शिविर नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के साथ ही शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में आज महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत रायतुम हाई स्कूल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक श्री सिन्हा एवं जनप्रतिनिधियां द्वारा विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, राशन कार्ड, आवास अभिनन्दन पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकी पटेल, जनपद सदस्य श्रीमती रूपकुमारी ध्रुव, श्रीमती कौशल्या ठाकुर एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप यह शिविर आम जनता को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। सरकार की यह प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे और उन्हें सीधे योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना हमारा साझा लक्ष्य है।  इस लक्ष्य की प्राप्ति केवल तभी संभव है जब प्रशासन, अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मिलकर एकजुटता और समर्पण के साथ कार्य करें। विधायक श्री सिन्हा ने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ आम जनता तक तभी पहुंच पाएगा जब सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और पारदर्शिता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे जनसमस्याओं का तत्परता से समाधान करें और विकास कार्यों को प्राथमिकता दें, ताकि ‘विकसित भारत’ का सपना साकार हो सके।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, जिसका वादा हमारी सरकार ने किया था, आज उनके खातों में एक हजार रुपए की राशि हर माह पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार महतारी सदन का निर्माण कर रहे हैं। झलप में भी इसका निर्माण कार्य जारी है और पटेवा में भी बनना जल्दी शुरू होगा। यह सदन सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि एक मंच है, जिसके कोरा में बैठकर बहनें अपनी समस्याओं और सामाजिक विषयों पर खुलकर चर्चा कर सकेंगी। यह नारी स्वावलंबन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

विधायक श्री सिन्हा ने जिले में चल रहे विकास कार्यां की जानकारी देते हुए बताया कि महासमुंद क्षेत्र में लहंगर से पीढ़ी मार्ग की स्वीकृति हो गई है। जल्दी ही टेंडर लगेगा और भूमि पूजन किया जाएगा। इसी तरह पटेवा से रायतुम मार्ग, ग्राम साराडीह, बनसिवनी मार्ग, नवापारा से अछरीडीह आदि की स्वीकृति के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पटेवा से खल्लारी मार्ग और पतई माता रोड की स्वीकृति से हमारे ग्रामीण अंचल को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी और निर्माण कार्य प्रारम्भ होगा।

शिविर में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, श्री संदीप घोष, श्री मुन्ना साहू, श्री सुनील पटेल, सरपंच श्रीमती सोनिया ठाकुर, श्रीमती चम्पाबाई पटेल, श्री दिनेश्वर साहू, श्री संतोष चंद्राकर, श्रीमती उषा सोनी, श्रीमती पार्वती पटेल, श्रीमती इंदिरा बाई सिन्हा, श्रीमती कुमारी बंजारे, श्रीमती आशा ठाकुर, श्रीमती नूतन दीवान, श्रीमती सिया बाई नंदे, श्री पप्पू गजेन्द्र, श्री निशेन्द्र गजेन्द्र, एसडीएम श्री हरिशंकर पैकरा, जनपद सीईओ श्री बरन सिंह मंडावी, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

रायतुम समाधान शिविर में 13 ग्राम पंचायतों इनमें बनपचरी, कछारडीह, कोलपदर, नवागांव, पटेवा, रायतुम, रूमेकेल, सिंधोरी, तोरेंगा, तोरला, बोदरा, जोगीडीपा एवं भावा के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए और अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किए। सुशासन तिहार में कुल 3472 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें 3466 आवेदनों का निराकरण कर लिया गया है। शेष आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। शिविर में संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही लोगों को संबंधित आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। जिसमें समाज कल्याण विभाग द्वारा 68 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र, पंचायत विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 02 लाभार्थियों को अभिनन्दन पत्र, 11 लोगों को जॉब कार्ड, खाद्य विभाग द्वारा 06 हितग्राहियों को राशन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा 30 हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड, 03 कृषकों को किसान किताब एवं छत्तीसगढ़ निक्षय निरामय अंतर्गत 03 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। शिविर में जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित बहुउद्देशीय एवं ज्ञान व योजना परख जनमन पत्रिका का वितरण किया गया। इसी तरह आज पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत भुरकोनी हाई स्कूल, बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत नर्रा एवं सरायपाली विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटसेंदरी हाई स्कूल में समाधान शिविर का आयोजन हुआ।

खेल विभाग में सीधी तथा संविदा पदों पर होगी शीघ्र भर्ती: खेल मंत्री श्री टंक राम वर्मा

खेल विभाग में सीधी तथा संविदा पदों पर होगी शीघ्र भर्ती: खेल मंत्री श्री टंक राम वर्मा

राज्य खेल अलंकरण के लिए खिलाड़ियों से आवेदन पत्र आमंत्रित कराने के निर्देश खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में खेल विभाग में वित्त विभाग के अनुमति प्राप्त सीधी भर्ती तथा संविदा के रिक्त पदों पर भर्ती की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए है। उन्होंने राज्य खेल अलंकरण के लिए भी आवेदन पत्र आमंत्रित कराने के लिए अधिकारियों से कहा है। निवास कार्यालय रायपुर हुई बैठक में सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री हिमशिखर गुप्ता, संयुक्त सचिव श्री सुखनाथ अहिरवार सहित खेल संचालनालय के अधिकारी भी उपस्थित थे।

खेल मंत्री श्री वर्मा ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा संचालित खेल गतिविधियों, अधोसंरचनात्मक कार्यों, युवा गतिविधियों आदि विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने खेल अधिकारियों को राज्य खेल अलंकरण वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के लिए आवेदन आमंत्रित करने हेतु विज्ञापन तत्काल जारी करने कहा। उन्होंने कहा कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग में स्वीकृत एवं वित्त विभाग से अनुमति प्राप्त सीधी भर्ती तथा संविदा के रिक्त पदों पर शीघ्रातिशीघ्र भर्ती की कार्यवाही की जाए।

छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वर्ष 2025-26 के बजट में सम्मिलित निर्माण कार्यों के प्रस्ताव, पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताओं का संभाग मुख्यालयों में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियांे को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रचार प्रसार के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री वर्मा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिलों को आबंटित राशि के मदवार समीक्षा करते हुए मैदानी स्तर पर कबड्डी मैट की मांग को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक ब्लॉक में नियमानुसार पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने कहा। उद्योग समूहों के सी.एस.आर. मद से प्रारंभ की जाने वाली नवीन खेल अकादमियों की समीक्षा तथा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नवीन आवासीय अकादमी सी.एस.आर. मद से प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री वर्मा ने खेल अधिकारियों से कहा कि वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट में प्रावधानित कार्यों की स्वीकृति के लिए अपेक्षित जानकारियां जिलों से शीघ्र मंगाकर प्रस्ताव भेजा जाए इसके साथ ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों की विगत वर्षों की लंबित घोषणा की पूर्ति हेतु आगामी कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए। इसी तरह जिला बलौदाबाजार-भाटापारा, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिलों में प्रशिक्षक (पास्ट चैम्पियन एथलीट) की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण केन्द्र के संचालन शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

अभिलेख में त्रुटि सुधार होने पर बहुत खुश हैं पवन अब मिलेगा शासकीय योजनाओं का लाभ

अभिलेख में त्रुटि सुधार होने पर बहुत खुश हैं पवन अब मिलेगा शासकीय योजनाओं का लाभ

सुशासन तिहार में अभिलेख में त्रुटि सुधार होने पर पवन सिंह मरावी बहुत खुश हैं, अब उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ मिलेगा। पेण्ड्रा ब्लाक के ग्राम पंचायत कुदरी के पवन सिंह मरावी की उम्मीदों को नई उड़ान तब मिली जब उन्होंने सुशासन तिहार में भाग लेकर अपनी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान पाया। पवन सिंह लंबे समय से बी-1 रिकॉर्ड में त्रुटि के कारण शासन की विभिन्न योजनाओं, खासकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित थे। हर बार आवेदन करने के बावजूद उन्हें एक ही समस्या का सामना करना पड़ता था,      जिससे वे बेहद निराश और परेशान थे, लेकिन मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सुशासन तिहार कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन करने का अवसर मिला तो उन्होंने तुरंत आवेदन प्रस्तुत किया और राजस्व विभाग द्वारा उनके आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बी-1 एवं किसान किताब में नाम की त्रुटि को सुधारा गया। अब इन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलेगा।                                                                         अभिलेख में त्रुटि सुधार होने से अब पवन सिंह न केवल शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सक्षम होंगे, बल्कि उनके लिए एक नई राह भी खुल गई है। इस सफलता पर उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा, “मैं शासन का दिल से धन्यवाद करता हूँ कि मेरी वर्षों पुरानी समस्या को इतनी जल्दी हल किया गया। अब मुझे किसान सम्मान निधि सहित सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा।“ सुशासन तिहार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जब प्रशासन संवेदनशील हो और जनता सजग हो। पवन सिंह मरावी की कहानी उन सभी के लिए प्रेरणा है जो अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए प्रयासरत हैं।

नाला में बने चेक डेम से पानी को तरसते किसानों के चेहरे पर आई मुस्कान

नाला में बने चेक डेम से पानी को तरसते किसानों के चेहरे पर आई मुस्कान

मनरेगा के तहत बने चेकडेम से 20 किसानों के 17 एकड़ भूमि में बढ़ी सिंचाई सुविधा किसान की मेहनत सफल तभी हो सकती है जब किसान के पास समय पर सिंचाई के लिए जल उपलब्ध हो। ग्राम पंचायत बरदर में नाले के किनारे रहने वाले कई किसानों के पास सिंचाई का संसाधन न होने से उन्हें अपने खेतों से मनचाहा लाभ नहीं मिल पाता था। गांव के किनारे बहने वाले नाले से पूरा बारिश का पानी बहकर आगे हसदेव नदी में जाकर मिलता था और उसके बाद गर्मी आते तक वह नाला पूरी तरह से जल विहीन हो जाता था।          Pबारिश में खेतों मे कटाव करके बहने वाली बारिश का पानी बाद में सिंचाई तो दूर उनके पशुओं के लिए पेयजल भी नहीं दे पाता था। लेकिन बीते वित्तीय वर्ष में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत बनाए गए एक पक्के चेक डेम से अब गांव का एक कोना हर मौसम में हरा भरा रहता है। यहां आधा दर्जन किसान पंपों के सहारे अपने 17 एकड़ से अधिक खेतों में सिंचाई का लाभ लेते हुए दो फसलें और तीन फसलें तक लेने लगे हैं।

मई की तपती गर्मी में भी बरदर के दर्जन भर किसानों के खेतों में उड़द की फसल लहलहा रही है।  मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले के जनपद पंचायत खड़गवां का एक ग्राम पंचायत बरदर है। यहां गांव के किनारे से एक मोरघनिया नाला बहता है। यह एक बरसाती नाला है जिसमे बारिश में तो पर्याप्त जल रहता था। लेकिन बारिश खत्म होने के बाद से इसमें जल कम होने लगता था और गर्मी आते तक यह पूरी तरह से सूख जाता था। इस नाले को नरवा विकास के तहत चयनित कर इसका सर्वे किया गया और उपयुक्त जगह पर गत वर्ष एक पक्का चेक डेम बनाया जाना प्रस्तावित किया गया। ग्राम सभा से प्राप्त प्रस्ताव के अनुसार कार्य की स्वीकृति प्रदान करते हुए ग्राम पंचायत बरदर को निर्माण एजेंसी बनाया गया। तकनीकी सहायक राहुल की देखरेख में ग्राम पंचायत ने समय सीमा में कार्य को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरा किया। इस कार्य से एक हजार से ज्यादा मानव दिवस का रोजगार भी ग्रामीणों को प्राप्त हुआ। चेक डेम बन जाने के बाद यहां बड़ी मात्रा में जल संचय किया जा रहा है। चेकडेम से पीछे लगभग एक किलोमीटर तक बैकवाटर होने से आस पास का जल स्तर बेहतर हो रहा है। साथ ही किसानों को अपनी फसलों में सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में जल भी उपलब्ध हो पा रहा है। मोरघनिया नाले में बने चेक डेम से ग्राम पंचायत में रहने वाले किसान सत्यनारायण, फागुनाथ सिंह, राजकुमार, बलदेव, बाबूलाल, राजकिशुन, सुरेश और शिवप्रसाद जैसे कुल 20 किसानों के लगभग 17 एकड़ से अधिक भूमि में दो फसली सिंचाई सुविधा बढ़ गई है। इन किसानों ने बताया कि पहले सूख जाने वाले नाले में चेकडेम बन जाने से सिंचाई की दिक्कत समाप्त हो गई हैं अब हम अपनी मर्जी से फसलों की बुआई करके अच्छा लाभ कमा रहे हैं। वर्तमान में इस चेक डेम से लगी भूमि से लगभग दस एकड़ में उड़द और सब्जी की फसल लगी हुई है। इसके पहले किसानों ने धान और गेहूं की भरपूर फसल लेकर अच्छा मुनाफा कमाया है। कुल मिलाकर एक संसाधन से कई घरों में जीवन की शैली और स्तर में परिवर्तन साफ नजर आ रहा है। ऐसे में महात्मा गांधी नरेगा के तहत बने एक पक्के चेक डेम ने उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति में परिवर्तन लाना आरंभ किया है।

 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वर्गीय श्री रामजीलाल अग्रवाल को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वर्गीय श्री रामजीलाल अग्रवाल को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज  राजधानी रायपुर के मौलश्री विहार स्थित सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल के निवास पहुंचकर उनके पिता और वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय श्री रामजीलाल अग्रवाल को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्री रामजीलाल अग्रवाल के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें व उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्री रामजीलाल अग्रवाल का सम्पूर्ण जीवन समाजसेवा, गौसेवा और जनकल्याण के कार्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने सेवा प्रकल्पों से समाज में एक आदर्श स्थापित किया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाँढस बंधाया। इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल व उनके परिवारजन तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ के पामेड़ में खुली ग्रामीण बैंक की शाखा:मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया वर्चुअल शुभारंभ

छत्तीसगढ़ के पामेड़ में खुली ग्रामीण बैंक की शाखा:मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया वर्चुअल शुभारंभ

माओवाद से मुक्ति की जमीन पर  रखी जा रही है विकास की मजबूत नींव – मुख्यमंत्री

जिस पामेड़ को कभी माओवादियों की बटालियन नंबर-1 का गढ़ माना जाता था, आज वहां बैंक खुल रहे हैं, कन्या आश्रम बन रहे हैं और लोग खुले मन से सुशासन शिविरों में भाग ले रहे हैं। यह बदला हुआ बस्तर है — आत्मविश्वास, विकास और लोकतंत्र का प्रतीक। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज बीजापुर जिले के सुदूरवर्ती और पूर्व में माओवादी प्रभाव से ग्रस्त रहे पामेड़ क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री श्री साय ने इसे विकास और विश्वास की नई सुबह बताते हुए कहा कि अब ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के लिए 100 किलोमीटर दूर आवापल्ली नहीं जाना पड़ेगा। यह पहल सरकार के सुशासन और समावेशी विकास के विजन को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बैंक शाखा से पामेड़ और आसपास के 50 गांवों को सीधे लाभ मिलेगा, जहां अब खाता खोलने, पैसा निकालने और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं की राशि लेने में सुविधा होगी। उन्होंने विशेष रूप से माताओं-बहनों को आश्वस्त किया कि अब उन्हें योजना की राशि के लिए लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पामेड़ में 50-सीटर आदिवासी कन्या आश्रम का भी लोकार्पण किया,  जिसकी लागत 1.62 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि कन्या आश्रम के माध्यम से आने वाले समय में बस्तर की बेटियां शिक्षा और विकास की मुख्यधारा से जुड़कर बस्तर को नया नेतृत्व प्रदान करते हुए क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाईयां प्रदान करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पामेड़ में अब पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) की स्थापना की जा रही है, ताकि आसपास के कुपोषित बच्चों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे बच्चों को समय पर पोषण पुनर्वास केंद्र में लाएं और स्वास्थ्य लाभ लें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तालपेरू नदी पर धर्मावरम ब्रिज का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिससे अब तेलंगाना के चेरला होकर 200 किलोमीटर लंबा सफर तय करके बीजापुर जाने की बाध्यता समाप्त हो जाएगी। यह पुल न केवल पामेड़ को जोड़ने वाला होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास का मुख्य द्वार भी बनेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि आवागमन की सुविधा बढ़ाते हुए सरकार ने पामेड़ से बीजापुर के बीच सीधी बस सेवा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अब सुबह जाकर शाम को लौटना संभव हो गया है। लोगों की दिनचर्या सरल हुई है और व्यापार-सेवा गतिविधियां तेज़ी से बढ़ी हैं।

इस मौके पर ‘सुशासन तिहार’ के तहत समाधान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान छत्तीसगढ़ में लोगों को उनके द्वार पर प्रशासन देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस मौके पर श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अन्य  अधिकारीगण उपस्थित थे।

 

 खरीफ के लिए राज्य में खाद-बीज का पर्याप्त स्टाक

खरीफ के लिए राज्य में खाद-बीज का पर्याप्त स्टाक

उपलब्ध: मंत्री श्री राम विचार नेताम राज्य में किसान तेजी से कर रहे हैं खाद एवं बीज का उठाव कृषि मंत्री ने 28 नवीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना कृषि विभाग के योजनाओं के क्रियान्वयन में आएगी तेजी

कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज छत्तीसगढ़ बीज एवं कृषि विकास निगम परिसर, तेलीबांधा रायपुर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में राज्य के 28 जिलों को नवीन बोलेरो वाहन की सौगात देने की साथ ही उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नवीन वाहनों का उपयोग विभागीय अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं का फील्ड में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही किसान हितैषी कार्यक्रमोें की मॉनिटरिंग के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर संचालक कृषि श्री राहुल देव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित में कई योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसका लाभ किसानों को मिले इसके लिए किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनको इसका लाभ उठाने के लिए जागरूक किए जाने का काम विशेष रूप से किया जाएगा। किसान जागरूकता शिविरों में इस वाहन के माध्यम से विशेषज्ञ अधिकारियों की टीम गांव-गांव पहुंचेगी और किसानों को उन्नत तकनीक और आधुनिक खेती की जानकारी देगी। जिलों को वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित होने से विभागीय कामकाज में तेजी आएगी।

मंत्री श्री नेताम ने इस मौके पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि खरीफ सीजन 2025 के लिए कृषि विभाग द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। खरीफ के लिए खाद-बीज का पर्याप्त भण्डारण कराए जाने के साथ ही किसानों को इसका तेजी से वितरण भी किया जा रहा है। मंत्री श्री नेताम ने बताया कि खरीफ सीजन 2025 के लिए रासायनिक उर्वरकों का लक्ष्य 14 लाख 62 हजार मेट्रिक टन है, जिसके विरूद्ध अब तक 8 लाख 48 हजार 604 मेट्रिक टन रासायनिक उर्वरकों का भण्डारण तथा एक लाख 68 हजार 255 मेट्रिक टन का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जो कि भण्डारण की मात्रा का 20 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि उर्वरक कंपनियों से विभिन्न प्रकार की खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा सतत् संपर्क एवं समन्वय किया जा रहा है, ताकि राज्य की डिमांड अनुरूप उर्वरकों की रैक निर्धारित सेड्यूल के अनुरूप उपलब्ध हो सके।

मंत्री श्री नेताम ने बताया कि राज्य में मार्कफेड के डबल लॉक, सहकारी समितियों एवं निजी क्षेत्र को मिलाकर वर्तमान में कुल 3 लाख 90 हजार 840 मेट्रिक टन यूरिया, 86,046 मेट्रिक टन डीएपी, 1,14,539 मेट्रिक टन एनपीके, 67,640 मेट्रिक टन पोटाश तथा 1,89,539 मेट्रिक टन सुपर फॉस्फेट उपलब्ध है। किसानों को समितियों और निजी क्षेत्रों के माध्यम से खाद का वितरण लगातार किया जा रहा है। अब तक किसानों को 84,661 मेट्रिक टन यूरिया, 27,045 मेट्रिक टन डीएपी, 18,809 मेट्रिक टन एनपीके, 10,359 मेट्रिक टन पोटाश तथा 27,381 मेट्रिक टन सुपर फॉस्फेट का वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में विभिन्न प्रकार की 6,80,350 मेट्रिक टन रासायनिक खाद राज्य में किसानों के वितरण हेतु उपलब्ध है।

मंत्री श्री नेताम ने बताया कि खरीफ सीजन की विभिन्न फसलों के लिए 4 लाख 95 हजार 57 क्विंटल बीज की डिमांड को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा 4 लाख 29 हजार 535 क्विंटल बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई हैै। समितियों में 2 लाख 31 हजार क्विंटल से अधिक बीज का भण्डारण कराया गया है। समितियों के माध्यम से किसानों को अब तक 47 हजार 881 क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है। राज्य में खाद एवं बीज का भण्डारण एवं उठाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

 

संघर्ष करने वालों को सफलता जरूर मिलती है, मेहनत कर जिले का नाम रौशन करे विद्यार्थी- मंत्री श्री लखनलाल देवांगन

संघर्ष करने वालों को सफलता जरूर मिलती है, मेहनत कर जिले का नाम रौशन करे विद्यार्थी- मंत्री श्री लखनलाल देवांगन

जिले के 150 मेधावी विद्यार्थियों को नीट, जेईई की तैयारी के लिए किया गया बस से रायपुर रवाना

प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष कोरबा में जिले के मेधावी विद्यार्थियों हेतु जेईई, नीट की निःशुल्क प्रशिक्षण हेतु बस से रवाना किया गया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर कड़ी मेहनत कर लक्ष्य प्राप्त करने की शुभकामनाएं दी। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जो व्यक्ति संघर्ष करता है, उन्हें सफलता जरूर मिलती है। हम सभी मन लगाकर अच्छे से पढ़ाई करें और सफल होकर मुकाम हासिल करते हुए अपने माता-पिता, जिले का नाम रौशन करें। उत्कृष्ट अंक हासिल करने वाले दसवी के 100 तथा बारहवी बोर्ड के 50 विद्यार्थियों को राजधानी रायपुर में कोंचग के लिए भेजा गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कलेक्टर के दिशा निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल करते हुए यहां के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए राजधानी में जेईई, नीट कोचिंग की व्यवस्था की गई है। विगत वर्ष भी 100 विद्यार्थियों को रायपुर भेजा गया है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा निरंतर विकास कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा उत्खनन वाले जिले में ही डाएमएफ की राशि को खर्च किए जाने का प्रावधान करने के बाद इस राशि का सदुपयोग जिले के विकास कार्यों और शिक्षा, स्वास्थ्य में हो रहा है। उन्होंने कहा कि खनिज प्रभावित जिलो में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में विकास हेतु सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले के 100 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडिकल इंजीनियरिंग जैसे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय स्तर की जेईई, नीट जैसी प्रवेश परीक्षा की निःशुल्क तैयारी हेतु व्यवस्था की गई है। यह आप सभी के लिए सुनहरा अवसर है। इस अवसर का लाभ उठाएं, आप सभी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े, कार्ययोजना बनाकर परीक्षा की तैयारी करें, सफलता जरूर मिलेगी। मंत्री ने डीएमएफ की राशि से स्कूल में नाश्ता, शिक्षकों की व्यवस्था, जर्जर स्कूल भवनों का जीर्णाेद्धार, नवीन भवन निर्माण होने की बात कहते हुए जिला प्रशासन की पहल की सराहना की।

विधायक कटघोरा श्री पटेल ने बच्चों के बेहतर शिक्षा हेतु चलाए जा रहे जिला प्रशासन के इस पहल का सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन का मूल आधार है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने एवं कड़ी मेहनत से अपने मंजिल को हासिल करने की शुभकामनाएं दी। महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि आप सभी  के बेहतर भविष्य के लिए आपके परिजन सहित जिला प्रशासन द्वारा सपना देखा गया है। उसे पूरा करने की शत प्रतिशत जिम्मेदारी आपकी है। इस हेतु आने वाले चुनौतियों के लिए खुद को अभी से तैयार करें। आपके कदमों में सफलता का मार्ग है और आप मेहनत से अपने सपनों को पूरा कर सकेंगें।

कलेक्टर श्री वसंत ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके जीवन का यह महत्वपूर्ण अवसर है। दो साल के समय का उपयोग अपने लक्ष्य को हासिल करने में लगाकर आप अपने जीवन को नई दिशा में ले जा कते हैं। आपके जीवन की सफलता की शुरुआत आज हो रही है। आप सभी ने बोर्ड परीक्षा में खूब मेहनत कर अच्छा परिणाम प्राप्त किया है,  इसी तरह आगे भी आप पूरी लगन से अध्ययन करते रहे।

हरी झंडी दिखाकर बस को किया गया रवाना। कलेक्ट्रेट परिसर से उद्योग मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मौके पर उपस्थित पालक और विद्यार्थियों ने कहा कि यह उनके लिए गौरव का पल है कि उनका चयन ऐलेन जैसे  प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था में जेईई, नीट परीक्षा की तैयारी के लिए हुआ है। जहां अनुभवी व विषय विशेषज्ञ शिक्षक उनकी परीक्षा की तैयारी कराएंगे। इस हेतु वे सब उत्साहित है एवं परीक्षा में सफलता अर्जित कर प्रशासन द्वारा उन पर किए गए भरोसे को पूरा करेंगे। विद्यार्थियों ने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन को यह अवसर प्रदान  के लिए धन्यवाद दिया।

गौरतलब है कि  जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज संस्थान मद से कोरबा जिले के शासकीय विद्यालय से शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा 10वीं से मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 100 छात्र-छात्राओं तथा बारहवी उत्तीर्ण 50 विद्यार्थियों को नीट व जेईई  प्रवेश परीक्षा की गुणवत्तापूर्ण तैयारी हेतु रायपुर के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था ऐलेन में प्रवेश दिलाया गया है। संस्था में प्रवेश हेतु चयनित विद्यार्थियों का शैक्षणिक शुल्क, भोजन, आवास सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा किया गया है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह कंवर,  निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, सीईओ जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी, विद्यार्थी एवं उनके पालक उपस्थित थे।